2030 तक शून्य भुखमरी का लक्ष्य, हरियाणा आया अव्वल : राजनाथ सिंह

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि हरियाणा का अन्नपूर्णा उत्सव केवल अन्न वितरण का उत्सव नहीं है बल्कि यह सरकार के समर्पण सहयोग और विश्वास का उत्सव है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 19 Aug 2021 11:12 PM (IST) Updated:Thu, 19 Aug 2021 11:12 PM (IST)
2030 तक शून्य भुखमरी का लक्ष्य, हरियाणा आया अव्वल : राजनाथ सिंह
2030 तक शून्य भुखमरी का लक्ष्य, हरियाणा आया अव्वल : राजनाथ सिंह

जागरण संवाददाता, पंचकूला : केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि हरियाणा का अन्नपूर्णा उत्सव केवल अन्न वितरण का उत्सव नहीं है, बल्कि यह सरकार के समर्पण, सहयोग और विश्वास का उत्सव है। रक्षामंत्री वीरवार को पंचकूला में आयोजित राज्यस्तरीय अन्नपूर्णा उत्सव में वर्चुअल तौर पर बतौर मुख्यातिथि जुड़े। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला एवं हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता भी मौजूद रहे। रक्षामंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष किसी ने सोचा नहीं था कि इस प्रकार का समय हमें देखना पड़ेगा। कोविड-19 महामारी के दौरान सारी स्थिति का सामना सरकार ने बहुत ही चुनौतीपूर्ण तरीके से किया। केंद्र ने चुनौती को स्वीकार करते हुए सख्त लॉकडाउन का फैसला लिया। उस समय लोगों की बहुत सी बातें आई, लेकिन सरकार की प्राथमिकता सबसे पहले लोगों की जिदगी बचाना था। चुनौती का सरकार ने बड़े ही अच्छे तरीके से मुकाबला किया और हम इस चुनौती को पार करने में कामयाब हुए। तात्कालिक जरूरत को पूरा करने में भी हम कामयाब हुए। 2030 तक शून्य भुखमरी का लक्ष्य है और मुझे जानकारी मिली है कि हरियाणा ने लक्ष्य को पहले ही हासिल कर लिया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि हरियाणा की जमीन करिश्माई है। चाहे किसान हो, जवान हो या पहलवान हो, यहां की धरती वीर पुत्रों को जन्म देने वाली है। यहां की धरती सोना ही नहीं उगलती, बल्कि ओलिंपिक से सोना लाने वाले खिलाड़ी भी पैदा करती है। राजनाथ सिंह ने ऑनलाइन माध्यम से लाभार्थियों से सीधी बातचीत भी की। करनाल में गीता, गुरुग्राम में रामेश्वर और हिसार में सरोज से बातचीत कर इन सभी लाभार्थियों से जाना कि क्या उन्हें राशन लेने में कोई कठिनाई तो नहीं आ रही। इस मौके पर सांसद रत्नलाल कटारिया, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव डीएस ढेसी, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डा. अमित अग्रवाल, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, मेयर कुलभूषण गोयल, मीडिया कोऑर्डिनेटर रमनीक मान भी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी