बसपा ने विधायक टेक चंद को पार्टी से निकाला, भाजपा को दे रहे थे समर्थन

बहुजन समाज पार्टी ने हरियाणा में पार्टी के एकमात्र विधायक टेक चंद को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। टेक चंद भाजपा से नजदीकियां बढ़ा रहे थे।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Fri, 29 Jun 2018 06:22 PM (IST) Updated:Sat, 30 Jun 2018 04:01 PM (IST)
बसपा ने विधायक टेक चंद को पार्टी से निकाला, भाजपा को दे रहे थे समर्थन
बसपा ने विधायक टेक चंद को पार्टी से निकाला, भाजपा को दे रहे थे समर्थन

जेएनएन, चंडीगढ़। पिछले चार साल से सत्तारूढ़ भाजपा को समर्थन दे रहे बहुजन समाज पार्टी के एकमात्र विधायक टेक चंद शर्मा को आखिरकार पार्टी ने निष्कासित कर दिया है। टेक चंद फरीदाबाद जिले की पृथला विधानसभा सीट से बसपा के एकमात्र विधायक थे। इनेलो-बसपा गठबंधन के दौरान ही शर्मा को निलंबित कर दिया गया था, मगर उनके बसपा से निष्कासन का फैसला अब जाकर हुआ है। 

बसपा द्वारा निष्कासित कर दिए जाने के बावजूद टेक चंद शर्मा की विधानसभा सदस्यता पर कोई विपरीत असर नहीं पड़ेगा। पार्टी ने उन्हें खुद निष्कासित किया है। विधानसभा में अब शर्मा को आजाद विधायक के तौर पर गिना जाएगा। वे फिलहाल किसी पार्टी में शामिल नहीं हो सकते। किसी भी दल में शामिल होते ही शर्मा दल-बदल कानून में फंस सकते हैैं। विधानसभा में पहले से पांच आजाद विधायक हैैं, जिनकी संख्या बढ़कर अब छह हो जाएगी।

कलायत के आजाद विधायक जयप्रकाश जेपी को छोड़कर टेक चंद शर्मा समेत बाकी पांच विधायक सत्तारूढ़ भाजपा के साथ हैैं। जेपी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के प्रति खासे नरम हैैं। पूंडरी के आजाद विधायक दिनेश कौशिक, पुन्हाना के विधायक रहीशा खान, समालखा के विधायक रवींद्र मछरौली और सफीदों के विधायक जसबीर देसवाल का सरकार को बिना शर्त समर्थन है।

हरियाणा बसपा के प्रभारी डॉ. मेघराज ने टेक चंद शर्मा को इनेलो-बसपा गठबंधन के दिन निलंबित किया था। अब प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश भारती ने उन्हें निष्कासित करने के आदेश जारी किए हैैं। इनेलो-बसपा गठबंधन के बावजूद टेक चंद इनके साझा कार्यक्रम जेल भरो आंदोलन में शामिल नहीं हो रहे थे।

हरियाणा विधानसभा में यह होगी नई दलीय स्थिति

हरियाणा विधानसभा में दूसरी बार दलीय स्थिति में बदलाव हुआ है। हजकां के कांग्रेस में विलय के बाद कुलदीप बिश्नोई और रेणुका बिश्नोई की गिनती कांग्रेस विधायकों में हुई और उनकी संख्या 15 से बढ़कर 17 हो गई। अब आजाद विधायक पांच से बढ़कर छह हो गए हैैं। विधानसभा में भाजपा के 47, इनेलो के 19 और अकाली दल का एक विधायक है। एक इनेलो विधायक अपनी पार्टी के साथ कम और भाजपा के साथ ज्यादा देखा जाता है।

मायावती के निर्देश पर निष्कासित हुए टेक चंद

बसपा कार्यालय द्वारा जारी प्रेस नोट।

हरियाणा बसपा अध्यक्ष प्रकाश भारती का कहना है कि पार्टी सुप्रीमो सुश्री मायावती के स्पष्ट निर्देश हैैं कि विधायक टेकचंद शर्मा का पार्टी से निष्कासन कर दिया जाए। पार्टी के रोहतक मुख्यालय से उनके निष्कासन के आदेश जारी हो चुके हैैं। निष्कासन के आदेश विधायक तक पहुंचा दिए गए हैैं।

अब मैैं क्या कहूं, मेरे सामने सभी विकल्प खुले

वहीं, विधायक टेक चंद शर्मा का कहना है, ''मेरे लिए मेरे हलके के लोगों के हित सर्वोपरि हैैं। मैैं अपने हलके के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतर रहा हूं। पृथला हलके में अब तक 1500 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्य चल रहे हैैं। इतने काम आज तक किसी हलके में नहीं हुए। मेरे निष्कासन का फैसला पार्टी का है। इस बारे में मैैं क्या कहूं। मेरे लिए अब सभी विकल्प खुले हैं।''

यह भी पढ़ेंः हरियाणा में बसेंगे चंडीगढ़ से बड़े पांच शानदार शहर, होंगी सभी तरह की सुविधाएं

chat bot
आपका साथी