JJP MLA सुरजाखेड़ा को महंगा पड़ा भाजपा प्रेम, दुष्‍यंत चौटाला ने खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन पद से हटाया

JJP Action जननायक जनता पार्टी ने आज शाम बड़ा कदम उठाया और नरवाना के जेेजेपी विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा को बड़ा झटका दिया। पार्टी ने उनको हरियाणा खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन पद से हटा दिया। उनकी जगह राजेंद्र लतानी को नया चेयरमैन बनाया गया है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Thu, 22 Sep 2022 06:17 PM (IST) Updated:Thu, 22 Sep 2022 06:54 PM (IST)
JJP MLA सुरजाखेड़ा को महंगा पड़ा भाजपा प्रेम, दुष्‍यंत चौटाला ने खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन पद से हटाया
दुष्‍यंत चौटाला ने जेजेपी विधायक हरियाणा खादीएवं ग्रामोद्योग के चेयरमैन पद से हटा दिया है।

चंडीगढ़, जेएनएन। जननायक जनता पार्टी के संगठन सचिव राजेंद्र लितानी को हरियाणा खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया। उनको जेजेपी विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा की जगह यह पद दिया गया है। सुरजाखेड़ा को इस पद से हटा दिया गया है। बताया जाता है कि सुरजाखेड़ा अभी जननायक जनता पार्टी  नेतृत्‍व से नाराज चल रहे हैं। 

जजपा के संगठन सचिव राजेंद्र लितानी होंगे खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के नए चेयरमैन

जानकारी के अनुसार जननायक जनता पार्टी ने बृहस्‍पतिवार शाम बड़ा कदम उठाया और अपने कोटे से हरियाणा खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन बनाए गए जेजेपी विधायक रामनिवास सुरजाखेडा को इस पद से हटा दिया। इसके बाद  रामनिवास सुरजाखेडा की जगह जननायक जनता पार्टी के संगठन सचिव राजेंद्र लितानी को हरियाणा खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया। 

भाजपा के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं जजपा विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा

दरअसल, रामनिवास सुरजाखेड़ा को भाजपा के साथ पींगें बढ़ाना भारी पड़ा है। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के हस्तक्षेप के बाद प्रदेश सरकार ने रामनिवास सुरजाखेड़ा को खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन पद से हटा दिया है। जजपा के संगठन सचिव मास्टर राजेंद्र लितानी को इस पद के रूप में इनाम मिला है। लितानी हिसार जिले के उकलाना हलके के गांव लितानी के रहने वाले हैं।

नरवाना में निर्दलीय चुनाव जीती चेयरपर्सन व पार्षदों को कराया था भाजपा में शामिल

जजपा विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा को अक्टूबर 2020 में खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया था। हाल ही में हुए शहरी निकाय चुनाव में सुरजाखेड़ा का भाजपा के प्रति प्रेम जागा था। रामनिवास सुरजाखेड़ा ने अपनी पार्टी से नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि उनके विधानसभा क्षेत्र में होने वाले विकास कार्य मुख्यमंत्री मनोहर लाल करवा रहे हैं।

इससे पहले उन्होंने नरवाना से निर्दलीय चुनाव जीती चेयरपर्सन को उनके पति और अन्य पार्षदों के साथ भाजपा में शामिल करवाया। मुख्यमंत्री निवास पर रामनिवास ने निर्दलीय चेयरपर्सन को भाजपा का पटका पहनवाया था। भाजपा प्रेम के वशीभूत सुरजाखेड़ा ने भी तब भाजपा का पटका अपने गले में पहन लिया था। निकाय चुनाव में नरवाना से जजपा ने जो प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारा था, उसके नाम पर विधायक सहमत नहीं थे।

सुरजाखेड़ा के खुलकर भाजपा के समर्थन को दुष्‍यंत चौटाला ने गंभीरता से लिया  

रामनिवास सुरजाखेड़ा के भाजपा प्रेम और जजपा के प्रति अंदरुनी बगावत से नाराज दुष्यंत चौटाला ने इसे गंभीरता से लिया। दुष्यंत चौटाला हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलकर आए हैं। हालांकि दुष्यंत ने इस मुलाकात के बाद बयान दिया था कि हिसार एयरपोर्ट को लेकर प्रधानमंत्री से वार्ता हुई है, लेकिन बताया जाता है कि दुष्यंत ने भाजपा व जजपा के दरकते रिश्तों पर चर्चा की।

जजपा पंचायत चुनाव अकेले लड़ने की तैयारी में 

हाल ही में भाजपा ने जजपा के करीब डेढ़ सौ कार्यकर्ताओं को अपनी पार्टी में शामिल कराया था। भाजपा पंचायत चुनाव भी अकेले ही लड़ने पर विचार कर रही है। प्रधानमंत्री से मिलकर आने के बाद दुष्यंत ने सबसे पहले रामनिवास सुरजाखेड़ा के पंख काटे और अपने भरोसेमंद राजेंद्र लितानी को खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड का चेयरमैन बनवा दिया। सुरजाखेड़ा से पहले गार्गी कक्कड़ बोर्ड की चेयरपर्सन थी।

chat bot
आपका साथी