जजपा नेताओं ने संभाली निगम और बोर्डो की जिम्मेदारी

नरवाना से विधायक रामनिवास ने खादी एवं ग्रामोद्योग का कार्यभार संभाला।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Oct 2020 05:45 PM (IST) Updated:Fri, 23 Oct 2020 05:07 AM (IST)
जजपा नेताओं ने संभाली निगम और बोर्डो की जिम्मेदारी
जजपा नेताओं ने संभाली निगम और बोर्डो की जिम्मेदारी

जागरण संवाददाता, पंचकूला : जननायक जनता पार्टी के नेताओं ने विभिन्न बोर्डो में प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में दी गई चेयरमैनी वीरवार को संभाल ली। इन चेयरमैनों के पद ग्रहण कार्यक्रम में हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला पहुंचे। सबसे पहले पूर्व विधायक राजदीप फौगाट ने हरियाणा आवास बोर्ड के चेयरमैन का पद संभाला। राजदीप फौगाट ने मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री व अजय सिंह चौटाला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा सभी लोगों को आवास की योजना को मूर्त रूप देने के लिए कार्य किया जाएगा। दुष्यंत चौटाला ने राजदीप फौगाट को बधाई दी। इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने शुगरफेड के नवनियुक्त चेयरमैन विधायक रामकरण काला व हरियाणा खादी बोर्ड के विधायक रामनिवास को भी उनके कार्यालय में जाकर विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण करवाया। शुगरफेड के चेयरमैन ने कहा कि चीनी मिलों को समय पर चलाने के साथ-साथ बेहतरीन ढंग से चलाना प्राथमिकता होगी, ताकि किसानों व मजदूरों को किसी प्रकार की दिक्कतें नहीं होने देंगे। इसके अलावा बकाया गन्ने का भी भुगतान सुनिश्चित करेंगे। हरियाणा खादी बोर्ड के चेयरमैन रामनिवास ने कहा कि खादी बोर्ड को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग खादी का उपयोग कर सके। इसके अलाव खादी के उत्पाद बढ़ाकर बेरोजगारों को स्वरोजगार की ओर प्रेरित किया जाएगा। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पंजाब सरकार फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य के नाम पर किसानों के साथ धोखा कर रही है। अगर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह किसानों के इतने ही हितैषी हैं तो उन्होंने केवल गेहूं व धान की खरीद एमएसपी पर करने के बजाय सरसों, बाजरा, दलहन, सूरजमुखी जैसी अन्य फसलों की भी खरीद एमएसपी पर करनी चाहिए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि धान की 1509 किस्म की एफसीआइ द्वारा खरीद नहीं की जाती, इसलिए हरियाणा सरकार ने निर्णय लिया है कि 1509 किस्म की धान की खरीद अन्य किस्मों की तर्ज पर हैफेड द्वारा 1888 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पांच अन्य फसलों की खरीद भी केंद्र सरकार के न्यूनतम समर्थन मूल्य के बजाय अपने स्तर पर न्यूनतम समर्थन मूल्यों के साथ की जाती है। इस अवसर पर विधायक ईश्वर सिंह, आवास बोर्ड के मुख्य प्रशासक अशंज सिंह तथा सचिव ममता शर्मा, खादी बोर्ड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रीतू चौधरी, नवनियुक्त चेयरमैनों के परिवार के सदस्य एवं उनके समर्थक भी उपस्थित थे। वहीं, अरविद यादव ने हरको बैंक के चेयरमैन का पदभार संभाला। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता अरविद यादव के पद ग्रहण समारोह में पहुंचे और उन्हें बधाई दी।

chat bot
आपका साथी