New Haryana Assembly: ज्ञानचंद गुप्ता बने विधानसभा अध्‍यक्ष, हुड्डा बने नेता विपक्ष

पंचकूला के विधायक ज्ञानचंद गुप्‍ता को हरियाणा विधानसभा का अध्‍यक्ष बनाया गया है तो भूपेंद्र सिंह हुड्डा विधानसभा में नेता विपक्ष बनाया गया है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Tue, 05 Nov 2019 10:07 AM (IST) Updated:Tue, 05 Nov 2019 10:07 AM (IST)
New Haryana Assembly: ज्ञानचंद गुप्ता बने विधानसभा अध्‍यक्ष, हुड्डा बने नेता विपक्ष
New Haryana Assembly: ज्ञानचंद गुप्ता बने विधानसभा अध्‍यक्ष, हुड्डा बने नेता विपक्ष

चंडीगढ़, जेएनएन। पिछली सरकार में भाजपा विधायक दल के सचेतक रह चुके पंचकूला के विधायक ज्ञानचंद गुप्ता हरियाणा विधानसभा के नए स्पीकर होंगे। दूसरी बार विधायक बने ज्ञानचंद गुप्ता को 14वीं विधानसभा के लिए स्पीकर चुना गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा और डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने अनुमोदन किया। दूसरी ओर, पूर्व मुख्‍यमंत्री व कांग्रेस विधायक दल के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा विधानसभा में नेता विपक्ष बनाए गए हैं।

सीएम ने रखा ज्ञानचंद गुप्ता के नाम का प्रस्ताव, दुष्यंत चौटाला ने किया समर्थन

कांग्रेस की ओर से विधानसभा सचिवालय को हुड्डा के कांग्र्रेस विधायक दल का नेता चुने जाने तथा उन्हें विपक्ष के नेता का पद सौंपने का अनुरोध पत्र सौंपा गया था। स्पीकर चुने जाने के बाद ज्ञानचंद गुप्ता ने हुड्डा के विपक्ष का नेता बनने की अधिकृत घोषणा की।

निवर्तमान स्पीकर कंवरपाल गुर्जर का मंत्री बनना तय, नहीं हुआ डिप्टी स्पीकर का चुनाव

ज्ञानचंद गुप्ता के स्पीकर बनने के साथ ही अब यह साफ हो गया कि पूर्व स्पीकर एवं जगाधरी से विधायक कंवरपाल गुर्जर मनोहर सरकार में मंत्री बनेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल, डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला, विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला और किरण चौधरी ने ज्ञानचंद गुप्ता को स्पीकर चुने जाने पर बधाई दी है। सोमवार को सदन में डिप्टी स्पीकर का चुनाव नहीं हो सका।

डिप्टी स्पीकर के चुनाव के लिए नई तारीख

हरियाणा विधानसभा में सोमवार को पहले दिन डिप्टी स्पीकर का चुनाव नहीं हो सका। स्पीकर चुने जाने के बाद ज्ञानचंद गुप्ता ने डिप्टी स्पीकर के चुनाव के लिए कोई नई तारीख घोषित करने का ऐलान किया। डिप्टी स्पीकर जजपा के कोटे से हो सकता है अथवा भाजपा बिना शर्त समर्थन दे रहे निर्दलीय विधायकों में से किसी को डिप्टी स्पीकर का पद सौंप सकती है।

विधायकों को समय से मिलें बिल : मनोहर लाल

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्पीकर को बधाई देते हुए कहा कि पिछले पांच सालों में विधानसभा के 15 सत्र और 84 सीटिंग हुई हैैं, जिन्हें बढ़ाए जाने की जरूरत है। विधायकों को अपने क्षेत्र की समस्याएं उठाने के साथ ही प्रदेशव्यापी मसलों पर भी अध्ययन करते हुए अपनी  बात सदन में रखनी चाहिए। मनोहर लाल ने स्पीकर से अनुरोध किया कि विधानसभा में जो भी बिल पेश किए जाएं, उन्हें समय से अध्ययन के लिए विधायकों को मुहैया कराया जाना चाहिए।

सभी विधायकों को एक नजर से देखें स्पीकर : हुड्डा

विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने नए स्पीकर को बधाई देते हुए कहा कि अब वह भाजपा के विधायक के नाते नहीं बल्कि स्पीकर के नाते चेयर पर बैठे हैैं। इसलिए उन्हें सभी विधायकों को एक नजर से देखना चाहिए। हुड्डा ने कहा कि स्पीकर कभी बोलने की भूमिका में नहीं होता। उसे विधायकों को सुनना होगा।

शन्नो देवी बनी थीं हरियाणा विधानसभा की पहली स्पीकर

हरियाणा का गठन 1966 में हुआ था। 1966 में गठित पहली विधानसभा में पहली बार महिला विधायक शन्नो देवी को स्पीकर बनाया गया था। शन्नो देवी छह दिसंबर 1966 से लेकर 17 मार्च 1967 तक विधानसभा अध्यक्ष रहीं।

यह भी पढ़ें: मनोहरलाल की नई कैबिनेट में दिखेंगे कई नए चेहरे, जानें कब शामिल किए जाएंगे नए मंत्री

हरियाणा विधानसभा के 21वें स्पीकर हैं ज्ञानचंद गुप्ता

1. शन्नो देवी - 6 दिसंबर 1966 से 17 मार्च 1967 तक

2. राव बीरेंद्र सिंह - 17 मार्च 1967 से 23 मार्च 1967 तक

3. चौधरी चंद - 30 मार्च 1967 से 19 जुलाई 1967 तक

4. चौधरी मनफूल सिंह -  20 जुलाई 1967 से 21 नवंबर 1967 तक

5. ब्रिगेडियर रण सिंह - 15 जुलाई 1968 से 3 अप्रैल 1972 तक

6. बनारसी दास गुप्ता - 3 अप्रैल 1972 से 15 नवंबर 1973 तक

7. चौधरी स्वरूप सिंह - 16 नवंबर 1973 से 4 जुलाई 1977 तक

8. ब्रिगेडियर रण सिंह - 4   जुलाई 1977 से 8 मई 1978 तक

9. कर्नल राम सिंह - 15 मई 1978 से 24 जून 1982 तक

10. सरदार तारा सिंह - 24 जून 1982 से नौ जुलाई 1987 तक

11. हरमोहिंदर सिंह चट्ठा -  9 जुलाई 1987 से 9 जुलाई 1991 तक

12. ईश्वर सिंह - 9 जुलाई 1991 से 22 मई 1996 तक

13. छत्तर सिंह चौहान -  22 मई 1996 से 27 जुलाई 1999 तक

14. अशोक कुमार अरोड़ा - 28 जुलाई 1999 से 1 मार्च 2000 तक

15. सतबीर सिंह कादियान - 9 मार्च 2000 से 21 मार्च 2005 तक

16. हरमोहिंदर सिंह चट्ठा - 21 मार्च 2005 से 12 जनवरी 2006 तक

17. डॉ. रघुबीर सिंह कादियान -  13 जनवरी 2006 से 26 अक्टूबर 2009 तक

18. हरमोहिंदर सिंह चट्ठा - 28 अक्टूबर 2009 से 28 जनवरी 2011 तक

19. कुलदीप शर्मा - चार मार्च 2011 से तीन नवंबर 2014 तक

20. कंवरपाल गुर्जर - 3 नवंबर 2014 से 2 नवंबर 2019 तक

21. ज्ञानचंद गुप्ता - 4 नवंबर 2019।

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी