हरियाणा में आम आदमी पार्टी और जेजेपी के बीच गठजोड़ पर अभी संशय

हरियाणा में आम आदमी पार्टी और जननायक जनता पार्टी के बीच गठबंधन पर अब भी संशय है। अर‍विंद केजरीवाल ने अब यह मामला आप की हरियाणा इकाई पर छोड़ दिया है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Thu, 07 Mar 2019 12:01 PM (IST) Updated:Thu, 07 Mar 2019 12:01 PM (IST)
हरियाणा में आम आदमी पार्टी और जेजेपी के बीच गठजोड़ पर अभी संशय
हरियाणा में आम आदमी पार्टी और जेजेपी के बीच गठजोड़ पर अभी संशय

चंडीगढ़, जेएनएन।  हरियाणा में आम आदमी पार्टी और जननायक जनता पार्टी के बीच राजनीतिक गठजोड़ पर अभी संशय कायम हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गठबंधन का फैसला आप की हरियाणा इकाई पर छोड़ दिया है। आप के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद का कहना है कि भाजपा को हराने के लिए जेजेपी से गठबंधन करने को हमारे दिल और पार्टी के दरवाजे दोनों खुले हैं, लेकिन बैठकर नीतिगत मुद्दों पर विचार विमर्श जरूरी है।

अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा इकाई पर छोड़ा जेजेपी से गठबंधन का फैसला

नवीन जयहिंद ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा की नाक में दम करने वाली आम आदमी पार्टी को जननायक जनता पार्टी के नेता कम आंक रहे हैं। वे आठ लोकसभा और 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लडऩा चाहते हैं। आम आदमी पार्टी को दो लोकसभा और 20 विधानसभा सीटें देने की पेशकश हो रही है। यह आम आदमी के साथ न्याय नहीं है।

जयहिंद ने कहा हमारे दिल और दरवाजे खुले, जेजेपी भी खुले मन से बात करे

नवीन जयहिंद के अनुसार यदि जेजेपी नेता चुनाव में भाजपा को शर्तिया हराने की गारंटी दें तो आप एक लोकसभा और 10 विधानसभा सीटों पर भी मानने को तैयार है। अन्यथा पांच लोकसभा और 45 विधानसभा सीटें तो बनती हैं। उन्होंने इस बात से इन्कार किया कि हरियाणा में गठबंधन के लिए आम आदमी पार्टी की कांग्र्रेस से भी कोई बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि जाति, धर्म और क्षेत्रवाद की राजनीति करने वालों के लिए हमारी पार्टी में दरवाजे बंद हैं।

यह पूछे जाने पर कि जेजेपी व आप के बीच यदि सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बनती तो क्या गठबंधन की संभावनाएं खत्म मान ली जाएं, जयहिंद ने कहा कि हम हर सूरत में भाजपा को हराना चाहते हैं। इस सवाल का जवाब तो जेजेपी नेताओं को देना चाहिए कि वे भाजपा को हराने के हक में हैैं या नहीं। उन्होंने साथ ही कहा कि हमारी पार्टी का जेजेपी के साथ भले ही गठबंधन न हो, लेकिन भाईचारा कायम रहेगा।

जयहिंद के अनुसार कांग्रेस, भाजपा और इनेलो को हराने के लिए जींद उपचुनाव में आप ने जेजेपी को निस्वार्थ समर्थन दिया था। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद खुले मन से प्रचार करने जींद आए। अब उन्होंने गठबंधन का निर्णय करने के लिए हरियाणा की इकाई को अधिकृत कर दिया है।

लोकसभा और विधानसभा चुनाव लडऩे वालों से आप ने मांगे आवेदन

नवीन जयहिंद के अनुसार, आप ने गठबंधन की परवाह किए बिना सभी 10 लोकसभा और 90 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों से आवेदन मांगने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। लोकसभा के दावेदारों को आवेदन पत्र के साथ पांच हजार हस्ताक्षर और विधानसभा चुनाव लडऩे के दावेदारों को एक हजार हस्ताक्षरों का पत्र लगाना होगा। उन्होंने बताया कि आप ने युवाओं, महिलाओं और सैनिकों को अधिक से अधिक टिकट देने का निर्णय लिया है।

जयहिंद ने अरावली में निर्माण कार्यों की मंजूरी के पीछे करीब 20 हजार करोड़ का घोटाला होने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में राज्यभर में प्रदर्शन होंगे। आइएएस अधिकारी अशोक खेमका का सिर्फ इसलिए तबादला कर दिया गया, क्योंकि उन्होंने अरावली में चकबंदी आरंभ करने के सरकार के फैसले पर सवाल उठाए थे।

chat bot
आपका साथी