भाजपा ने जातीय समीकरण साधने के साथ जिताऊ प्रत्याशियों को थमाए टिकट

हरियाणा में पांच नगर निगम के चुनावों में भाजपा ने मेयर पद के प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। भाजपा ने जातीय समीकरण साधने के साथ जिताऊ प्रत्याशियों को टिकट दिए हैं।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Sun, 02 Dec 2018 10:27 AM (IST) Updated:Sun, 02 Dec 2018 08:54 PM (IST)
भाजपा ने जातीय समीकरण साधने के साथ जिताऊ प्रत्याशियों को थमाए टिकट
भाजपा ने जातीय समीकरण साधने के साथ जिताऊ प्रत्याशियों को थमाए टिकट

नई दिल्ली, [बिजेंद्र बंसल]। हरियाणा में पांच नगर निगम के चुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने मेयर पद के प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। भाजपा ने जातीय समीकरण साधने के साथ जिताऊ प्रत्याशियों को टिकट थमाए हैं। यहां हरियाणा भवन में ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दो वैश्यों, एक पंजाबी, एक पिछड़ा वर्ग और एक सिख महिला को प्रत्याशी बनाया है। जहां वैश्य विधायक हैं, वहां पंजाबी को और जहां पंजाबी विधायक हैं वहां वैश्य को टिकट दिया गया है।

दो वैश्य, पंजाबी, पिछड़ा वर्ग और सिख समाज से एक-एक को बनाया महापौर पद का प्रत्याशी

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के गढ़ रोहतक में पूर्व मंत्री स्वर्गीय सेठ किशन दास के पुत्र मनमोहन गोयल को महापौर पद का प्रत्याशी बनाया गया है। रोहतक से भाजपा के विधायक मनीष ग्रोवर हैं। हिसार में गौतम सरदाना प्रत्याशी होंगे। यहां से कमल गुप्ता भाजपा के विधायक हैं।

सत्तारूढ़ दल ने घोषित किए पांच नगर निगम के चुनाव में मेयर पद के प्रत्याशी

मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यक्षेत्र करनाल जहां से वे स्वयं विधायक हैं, वहां महापौर प्रत्याशी रेणूबाला गुप्ता को बनाया गया है। रेणूबाला निवर्तमान मेयर हैं। पानीपत से पूर्व महापौर सरदार भूपेंद्र सिंह की पुत्री अवनीत कौर को प्रत्याशी बनाया गया है। यह पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित है।

यमुनानगर से भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष मदन चौहान को प्रत्याशी होंगे। मदन चौहान अनुसूचित समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। शनिवार को सायं सात बजे शुरू हुई भाजपा चुनाव समिति की बैठक रात्रि साढ़े नौ बजे तक चली। इसमें प्रदेश प्रभारी डॉ. अनिल जैन, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, कृष्णपाल गुर्जर, वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ सहित प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला और प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश भट्ट, महामंत्री संदीप जोशी, संजय भाटिया, वेदपाल, सांसद रतनलाल कटारिया प्रमुख रूप से उपस्थित थे। बैठक खत्म होने के बाद प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने बताया कि पांचों नगर निगम में पार्टी स्थानीय मुद्दों को लेकर घोषणा पत्र जारी करेगी।

---------------

रोहतक और यमुनानगर पर सहमति बनाने में हुई मशक्कत

हिसार, करनाल, पानीपत के प्रत्याशी तय करने में भाजपा चुनाव समिति को ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रेणूबाला गुप्ता का नाम रखा और समिति ने पहले ही दौर में इसे सर्वसम्मति से मंजूर कर लिया। हालांकि करनाल से हिमानी बंसल के नाम पर भी गंभीरता से विचार हुआ। हिसार में गौतम सरदाना के नाम पर कोई आपत्ति नहीं हुई।

पानीपत में अवनीत कौर को प्रत्याशी बनाए जाने के पार्टी को राजनीतिक फायदे देखते हुए सभी वरिष्ठ नेताओं ने सर्वसम्मति दिखाई। मगर रोहतक और यमुनानगर पर सहमति बनाने में चुनाव समिति को पसीने आ गए। शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा चाहते थे कि यमुनानगर से राकेश त्यागी को टिकट दिया जाए। उनका कहना था कि पांच नगर निगम में एक ब्राह्मण को अवश्य टिकट दिया जाना चाहिए। मगर यमुनानगर से पार्टी कॉडर के मदन चौहान का नाम तय होना वे रोक नहीं पाए।

सूत्र बताते हैं कि रामबिलास शर्मा बैठक में नाराजगी व्यक्त करते हुए बाहर चले गए। हालांकि बैठक से जल्द बाहर आने के बाद उन्होंने वे राजस्थान चुनाव प्रचार में जा रहे हैं। इसलिए बैठक से जल्द बाहर आ गए हैं। रोहतक से कैप्टन अभिमन्यु और कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ चाहते थे कि किसी जाट उम्मीदवार को टिकट दिया जाए। पांच नगर निगम में से एक टिकट जाट बिरादरी को अवश्य मिलनी चाहिए।

धनखड़ ने महिला आयोग की अध्यक्ष प्रतिभा सुमन का नाम रखा। जिला परिषद के चेयरमैन बलराज कुंडू की पत्नी का नाम भी बैठक में लिया गया, लेकिन रोहतक में इन दोनों जाट उम्मीदवारों पर इसलिए विचार नहीं किया गया कि दो अन्य नगर निगम से महिला उम्मीदवार तय हो चुकी थीं।

प्रतिभा सुमन को टिकट नहीं दिए जाने पर कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ की भी नाराजगी रही। बाद में पत्रकारों से बातचीत में प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि किसी सीट पर कोई विवाद नहीं रहा। सभी नाम सर्वसम्मति से और जीतने वाले उम्मीदवार तय किए गए।

,

नगर और प्रत्याशी

रोहतक : मनमोहन गोयल

करनाल : रेनू बाला

हिसार  : गौतम सरदाना

पानीपत  : अवनीत कौर

यमुनानगर  : मदन चौहान

chat bot
आपका साथी