कृष्ण जन्म से जुड़ी यादों से रूबरू कराएगा जिला प्रशासन

जिला प्रशासन कृषण की जन्मभूमि से लगते ब्रज क्षेत्र पलवल में यादगार प्रस्तुति देने की योजना बना चुका है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 05 Dec 2019 07:04 PM (IST) Updated:Fri, 06 Dec 2019 06:19 AM (IST)
कृष्ण जन्म से जुड़ी यादों से रूबरू कराएगा जिला प्रशासन
कृष्ण जन्म से जुड़ी यादों से रूबरू कराएगा जिला प्रशासन

जागरण संवाददाता, पलवल : प्रदेश सरकार योगेश्वर भगवान श्री कृष्ण की कर्मभूमि गीता की संदेश भूमि (कुरुक्षेत्र) से महोत्सव के रूप में जिस प्रकार नयनाभिराम व शानदार प्रस्तुति दे रही है, जिला प्रशासन भी उनकी जन्मभूमि से लगते ब्रज क्षेत्र पलवल में यादगार प्रस्तुति देने की योजना बना चुका है। आज से शुरू हो रहे तीन दिवसीय गीता जयंती महोत्सव में योगीराज का प्रिय वाद्ययंत्र बांसुरी वादन होगा, रासलीला होगी तथा उपदेशों के साथ-साथ भव्य भजन-संगीत भी होंगे तथा कृष्ण जन्म से जुड़ी यादों से भी रूबरू कराया जाएगा।

जिला उपायुक्त यशपाल ने महोत्सव की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि महात्मा गांधी सामुदायिक व पंचायत भवन में शुक्रवार को पलवल के विधायक दीपक मंगला मुख्य अतिथि होंगे। शनिवार को दूसरे दिन के कार्यक्रम में हथीन से विधायक प्रवीण डागर तथा रविवार को तीसरे दिन के कार्यक्रम में होडल से विधायक जगदीश नायर मुख्य अतिथि होंगे। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय कार्यक्रम को इंटर एक्टिव बनाया गया है। जिले के विभिन्न स्कूलों की भागीदारी, बंचारी व अन्य स्थानीय कलाकारों के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बांसुरी वादन के लिए ख्याति प्राप्त कलाकार देबोप्रिया व शुचीस्मिता की प्रस्तुति प्रमुख आकर्षण रहेगी।

पहले दिन होने वाले बांसुरी वादन कार्यक्रम से पहले गीता दर्शन पर आधारित नुसरत खां भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। वहीं हरियाणवी कलाकार सलीम, अभिषेक देशवाल, अनूप कुमार, राजू तेवतिया, आदर्श कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाएंगे। उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को गीता यज्ञ के साथ होगा तथा इसके उपरांत मुख्य अतिथि विभिन्न विभागों व संस्थाओं की प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे। इसके उपरांत दिन भर सांस्कृतिक कार्यक्रम व प्रदर्शनी जारी रहेगी। इस कार्यक्रम का बौद्धिक पक्ष सेमीनार भी सभी तीन दिन आयोजित किया जाएगा। पहले (शिक्षकों के लिए) व दूसरे दिन (पुलिस व सरकारी कर्मचारियों के लिए) दोपहर दो से तीन बजे तक आयोजित होगा। पुलिस कर्मियों के लिए होने वाले सेमीनार में एसपी नरेंद्र बिजारनियां मुख्य अतिथि होंगे। रविवार को समापन के दिन सामान्य जन के लिए प्रात: 10 बजे सेमीनार आरंभ होगा, दोपहर 12 बजे वैश्विक श्लोकोच्चारण, दोपहर दो बजे नगर यात्रा निकाली जाएगी तथा इसके उपरांत पारितोषिक वितरण किया जाएगा। उपायुक्त ने महोत्सव स्थल का निरीक्षण भी किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

chat bot
आपका साथी