ग्रामीणों की जुबान पर मनो और नमो की तारीफ, ग्रामीण बोले- किसानों की भी लें सुध

गांव दयालपुर को हरियाणा का पहला जगमग गांव बनाकर प्रदेश सरकार ने यहां ग्रामीणों के दिलों को छू लिया है। हर रोज आठ से 10 घंटे का कट लगने के चलते अंधेरे में डूबा रहने वाला गांव दयालपुर अब 24 घंटे जगमगा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 14 Oct 2019 10:10 AM (IST) Updated:Tue, 15 Oct 2019 06:13 AM (IST)
ग्रामीणों की जुबान पर मनो और नमो की तारीफ, ग्रामीण बोले- किसानों की भी लें सुध
ग्रामीणों की जुबान पर मनो और नमो की तारीफ, ग्रामीण बोले- किसानों की भी लें सुध

विनीश गौड़, कुरुक्षेत्र : गांव दयालपुर को हरियाणा का पहला जगमग गांव बनाकर प्रदेश सरकार ने यहां ग्रामीणों के दिलों को छू लिया है। हर रोज आठ से 10 घंटे का कट लगने के चलते अंधेरे में डूबा रहने वाला गांव दयालपुर अब 24 घंटे जगमगा रहा है। इस गांव के विद्यार्थी पढ़ाई के लिए अब बिजली के कट को देखकर अपनी पढ़ाई का शेड्यूल तय नहीं करते। यही वजह रही कि योजना का प्रभाव लोकसभा चुनाव में भी देखने को मिला था। यहां के ग्रामीणों ने दिल खोलकर भाजपा के पक्ष में मतदान किया था। भाजपा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी को यहां से 800 से ज्यादा मत मिले थे और कांग्रेस का आंकड़ा 250 तक सिमट गया था। हालांकि विधानसभा चुनाव में यहां दोनों पार्टियों में जबरदस्त टक्कर बताई जा रही है। हालांकि गांव को जगमग करने का श्रेय ग्रामीण मनो और नमो को ही देते हैं। इसी बीच किसानों की मंदी हालत की तरफ भी ध्यान देने की बात सरकार से ग्रामीणों ने की है।

दैनिक जागरण टीम सुबह सवा 11 बजे गांव दयालुपर में पहुंची। गांव में एक शादी समारोह होने के चलते ज्यादा लोग वहां चले गए थे। गली में घूमते हुए रविद्र दाबड़ा बैल गाड़ी को बाहर लगाते हुए मिले। उनसे पूछा कि जगमग गांव में बिजली के कैसे हालात हैं तो उन्होंने कहा कि सरकार ने गांव के लोगों को 24 घंटे बिजली देने का जो काम किया है वह काबिले तारीफ है। अब बच्चों को पढ़ने के लिए बिजली का इंतजार नहीं करना पड़ता। न ही उपकरणों को चलाने के लिए बिजली का इंतजार करने की जरूरत होती है। यह अच्छा प्रयास है। इस गांव में 1700 मतदाता हैं। काम देख कै ही मिलेंगे वोट

एक बुजुर्ग महिला बबीता ने कहा भाई मोदी ने बहुत अच्छे काम किए हैं, इब काम देख कै ही तो वोट मिलने हैं। इतने साला मैं इतनी सरकारें देख ली, म्हारे गांव नै पर म्हारे गांव के बारे में सोचने वाली पहली सरकार देखी। अर भाई मीटर इबकै अंदर नी रह ज्यै किसी का। मोदी सरकार नै घणा अच्छा काम किया है। गांव जगमग हुआ किसान

गांव में थोड़े से आगे बढ़े तो जोगिद्र कुमार अपने पशुओं को भूस डालते हुए मिले। उनसे गांव की स्थिति के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि गांव ही नहीं आसपास के इलाका भी जग-मग हो गया है। मगर फसलों के दाम को बढ़ाने को लेकर उन्होंने कहा कि किसानों की स्थिति को सुधारने की तरफ भी सरकार को काम करना चाहिए। गांवों में रोशनी तो आ गई है, लेकिन किसानों के जीवन को रोशन करने के लिए भी प्रयास किए जाने चाहिए।

chat bot
आपका साथी