गेट पास के लिए मारामारी, मंडी फुल, उठान पर ब्रेक

कुरुक्षेत्र। अनाज मंडी धान से अट चुकी है। हर एक कदम पर धान की ढेरियां बिकवाली का इंतजार कर रही हैं मगर पंजीकरण पोर्टल की धीमी गति किसानों की परेशानी बढ़ा रही है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 06 Oct 2020 07:00 AM (IST) Updated:Tue, 06 Oct 2020 07:00 AM (IST)
गेट पास के लिए मारामारी, मंडी फुल, उठान पर ब्रेक
गेट पास के लिए मारामारी, मंडी फुल, उठान पर ब्रेक

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : अनाज मंडी धान से अट चुकी है। हर एक कदम पर धान की ढेरियां बिकवाली का इंतजार कर रही हैं, मगर पंजीकरण पोर्टल की धीमी गति किसानों की परेशानी बढ़ा रही है। न तो मंडी में उठान हो रहा है और न ही सुचारू रूप से खरीद हो रही है, इससे किसानों में रोष है। किसानों के रोष को भांपते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने मंडी की ओर रूख किया और जाम हुई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आढ़तियों व किसानों से रायशुमारी की। सोमवार दोपहर को मंडी में जाम की स्थिति बन गई। न तो गेट से धान की ट्रालियां प्रवेश कर पाई और न ही उठान वाले ट्रक बाहर निकल पाए। इस अव्यवस्था को लेकर किसानों ने रोष जताया। किसानों के गुस्से को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी जागे। सोमवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की उपनिदेशक डा. अनीता खर्ब मंडी में खरीद का जायजा लेने पहुंची। उन्होंने अपने सामने कई ढेरियों की बोली कराई।किसानों और आढ़तियों से बातचीत की। वहीं एडीसी वीना हुड्डा ने भी मार्केट कमेटी अधिकारियों के साथ बैठक की। आढ़तियों ने उठान न होने की समस्या रखी तो किसानों ने गेट पास में देरी होने का दुखड़ा सुनाया। राइस मिलरों ने अव्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए दो दिन खरीद बंद करने की बात कही है, ताकि उठान में तेजी आए। वहीं किसानों ने भी प्रशासनिक अधिकारियों को दो टूक चेतावनी दी कि यदि गेट पास में देरी हुई तो वे मंडी को ताला जड़ने से गुरेज नहीं करेंगे। किसानों की चेतावनी के बाद मार्केट कमेटी के हाथ पांव फूल गए हैं। मार्केट कमेटी मंडी से उठान कराने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। मार्केट कमेटी न तो राइस मिलरों को कड़ी चेतावनी दे पा रही है और न ही व्यवस्था को सुधारने की ओर कोई कदम उठा रही है। गेटपास में करना पड़ रहा है परेशानी का सामना किसान शादी राम ने बताया कि गेट पास न कटने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गेट पास कटने के बाद ही उनका आई और जे फार्म कटेगा और तभी खरीद भी होगी। मार्केट कमेटी की व्यवस्था के चलते किसानों को अपनी धान बेचने के लिए तीन से चार दिन का समय लग रहा है। हालांकि राइस मिलर्स धान की खरीद जरूर कर रहे हैं, लेकिन आई और जे फार्म के बिना वे सरकारी मूल्य पर खरीद नहीं कर रहे हैं। उठान न होने से मंडी में अव्यवस्था का आलम : दौलत राम नई अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के पूर्व प्रधान दौलत राम बंसल का कहना है कि उठान न होने से मंडी में अव्यवस्था का आलम है। धान मंडी की बजाय ब्रह्मसरोवर व केडीबी रोड पर उतारी जा रही है। जो धान मंडी में पहुंच चुकी है, उसकी भी खरीद नहीं हो रही है। इसका कारण गेटपास में देरी होना है। बंसल का कहना है कि मंडी में व्यवस्था को बनाने के लिए उठान में तेजी लानी होगी।

chat bot
आपका साथी