पुलिस से मिली निराशा, अब पंप संचालक खुद करेंगे अपनी सुरक्षा

पंप संचालक बोले- हथियार के लाइसेंस दे दो एसपी साहब एसपी ने कहा- 24 घंटे के भीतर मिल जाएगा इधर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन पर पंप संचालकों ने खत्म की हड़ताल।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 03 Aug 2019 10:23 AM (IST) Updated:Sun, 04 Aug 2019 06:37 AM (IST)
पुलिस से मिली निराशा, अब पंप संचालक खुद करेंगे अपनी सुरक्षा
पुलिस से मिली निराशा, अब पंप संचालक खुद करेंगे अपनी सुरक्षा

जागरण संवाददाता, करनाल: पेट्रोल पंप पर शनिवार और रविवार को लूट की दो वारदात के बाद बदमाश अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली से निराश पंप संचालकों ने अपनी सुरक्षा के लिए खुद हथियार उठाने का निर्णय लिया है। एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया के साथ शुक्रवार को पंप संचालकों ने बैठक की। इस दौरान, एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि एसपी साहब, हमें हथियार के लाइसेंस दे दो। इस पर एसपी भौरिया ने भी तत्काल भरोसा दिलाया कि 24 घंटे के अंदर लाइसेंस जारी कर दिए जाएंगे।

हालांकि, हालिया विधानसभा चुनाव को देखते हुए फिलहाल हथियारों के नए लाइसेंस पर रोक लगी हुई है लेकिन, शहर में बढ़ रही आपराधिक वारदातों की वजह से पुलिस खुद ही सवालों के घेरे में है। ऐसे में पंप संचालकों की लाइसेंस की मांग तुरंत मान ली गई है। एसपी ने दावा किया कि वह स्वयं मुख्यमंत्री से बातचीत करेंगे और पंप संचालकों को हथियारों के लाइसेंस दिए जाने के लिए अनुमति दिलाए जाने की पहल करेंगे। पंप संचालकों की मांग मानने के अलावा पुलिस के पास कोई चारा नहीं

गौरतलब है कि लूट की ताबड़तोड़ दो वारदातों के बाद पंप संचालकों ने कानून व्यवस्था की बिगड़ी स्थिति पर गहरा रोष जताते हुए हड़ताल पर जाने का ऐलान किया था। सरकारी वाहनों को उधार में तेल न देने का भी निर्णय लिया गया था। पंप संचालक एसोसिएशन लगातार बैठक कर प्रशासन पर दबाव बना रहा था। ऐसे में मामले की गंभीरता को देखते हुए अब एसपी ने खुद कमान संभाली है। पंप संचालकों को हथियार के लाइसेंस देने की पहल कर उन्हें शांत करने की कोशिश की है। पुलिस करेगी पंपों पर गश्त, एसपी ने खुद बनाया रूट चार्ट

पेट्रोल पंपों पर अब पुलिस दिन व रात के समय गश्त करेगी। एसपी ने खुद चार्ट भी तैयार किया है। गश्त करने वाले पुलिस कर्मियों को बाकायदा पंप पर रखे रजिस्टर में हाजिरी भी लगानी होगी तो वहीं अपने-अपने क्षेत्र के पंप संचालकों के मोबाइल नंबर गश्त टीम इंचार्ज के पास होंगे। शाम छह से रात करीब 10 बजे तक पंपों पर दो-दो पुलिस कर्मी तैनात किए जाने पर भी विचार किया जा रहा है। एसपी के भरोसे पर हड़ताल खत्म : कल्याण

एसपी से मिलने के बाद एसोसिएशन के प्रधान रामकुमार कल्याण, रूप नारायण चानना, वरुण जैन, राजवीर चौहान, अंकित गर्ग, मुकेश कुमार ने बताया कि तीन अगस्त की हड़ताल नहीं होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि लूट के आरोपित जल्द काबू कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आवेदन कर चुके पंप संचालकों को अगले दो दिन में ही हथियारों के लाइसेंस दिए जाने का भरोसा मिला है। जो बकाया प्रशासन के पास अटका पड़ा था, वह भी आ रहा है, इसलिए अब हम भी टकराव का रास्ता छोड़ रहे हैं।

chat bot
आपका साथी