महिलाओं से अत्याचार करने वाले व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा: सुमन बेदी

हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य सुमन बेदी ने कहा कि बहन बेटियों महिलाओं के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के अत्याचार व उत्पीड़न करने वाले व्यक्तियों को बख्शा नहीं जाएगा।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 29 Feb 2020 09:17 AM (IST) Updated:Sat, 29 Feb 2020 09:17 AM (IST)
महिलाओं से अत्याचार करने वाले व्यक्ति  को बख्शा नहीं जाएगा: सुमन बेदी
महिलाओं से अत्याचार करने वाले व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा: सुमन बेदी

जागरण संवाददाता, कैथल: हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य सुमन बेदी ने कहा कि बहन, बेटियों, महिलाओं के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के अत्याचार व उत्पीड़न करने वाले व्यक्तियों को बख्शा नहीं जाएगा। महिला आयोग की ओर से इसकी कड़ी निगरानी की जा रही है। आज महिलाएं उनके साथ होने वाले किसी भी अत्याचार का मुकाबला करने के लिए तैयार हैं। आयोग के संज्ञान में महिला उत्पीड़न का कोई भी मामला आता है तो उस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने का कार्य किया जाता है।

महिला आयोग की सदस्य सुमन बेदी ने शुक्रवार को महिला थाना का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने महिला थाना में महिला सेल, एमएचसी कक्ष, आईओ कक्ष, लीगल एड क्लीनिक, प्रोटेक्शन कक्ष, क्रच के साथ शौचालयों का निरीक्षण किया।

उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 1091 पर आने वाली शिकायतों के रिकार्ड की जांच की और मौके पर एक मामले के संदर्भ में संबंधित से फोन पर बातचीत की। उन्होंने महिला थाना की सभी ब्रांचों की फीडबैक ली और निर्देश दिए कि महिलाओं से जुड़े प्रत्येक मामले में पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जाए ताकि संबंधित को शीघ्र न्याय मिले।

बेदी ने कहा कि भविष्य में भी रैन बसेरा, सेफ हाउस आदि का दौरा किया जाएगा और संबंधित अधिकारियों को सुविधाएं दुरूस्त करने के निर्देश दिए जाएंगे। प्रदेश सरकार, महिला आयोग महिलाओं के हितों की रक्षा के लिए कृत संकल्प है। महिलाओं से जुड़े जो भी मुद्दे सरकार तक पहुंचाने की बात आती है तो आयोग सरकार से उसे पूरा करने की सिफारिश करता है। दुष्कर्म के दोषियों को कड़ी सजा देने का प्रावधान प्रदेश में किया गया है। बहुत से केस मीडिया के माध्यम से आयोग के सामने आते हैं, उन पर भी संज्ञान लेकर आयोग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में महिलाएं झूठे मुकदमे दर्ज करवाती है तो पुलिस उनके खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि थाना परिसर के साथ शौचालयों को साफ-सुथरा रखें। इस मौके पर महिला थाना प्रभारी नन्ही देवी, सुनीता शर्मा व तारा चंद बलियाली मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी