पानी निकासी ठप पर लड्डू परोस कर कसा तंज

गांव कुराड़ में वर्षों से ठप पानी निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने में विफल रहे प्रशासन के खिलाफ निराला प्रदर्शन किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Jul 2020 09:18 AM (IST) Updated:Wed, 22 Jul 2020 09:18 AM (IST)
पानी निकासी ठप पर लड्डू परोस कर कसा तंज
पानी निकासी ठप पर लड्डू परोस कर कसा तंज

संवाद सहयोगी, कलायत : गांव कुराड़ में वर्षों से ठप पानी निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने में विफल रहे प्रशासन के खिलाफ निराला प्रदर्शन किया गया। ग्रामीणों ने इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के सामने लड्डू परोसते हुए तंज कसा। उन्होंने कहा कि पानी निकासी के आश्वासन सुनते-सुनते इंतजार की हद हो गई है। इसलिए उन्होंने अधिकारियों को मिठाई खिलाने का फैसला लिया है। कलायत-दाता सिंह मार्ग पर स्थित गांव में वर्षों से ठप पानी निकासी व्यवस्था से लोग बेहाल है। थोड़ी बरसात में ही पानी घरों में हिलोरे मारने लगता है। गलियां तालाब का रूप ले लेती हैं। चौपट निकासी व्यवस्था से बेहाल लोगों ने आंगनबाड़ी में शरण लेनी पड़ी। बलराज, गुलाब, राजा, काला, महेंद्र, गुरदेव, जसमेर, नरेश, सुरेश, प्रदीप, बिटू, मोनू, अनिल, शमशेर का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों से वे नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। बरसाती पानी से घरों में रखा अनाज और अन्य सामान भीग गया है। मजबूरन से उन्हें बच्चों सहित आंगनबाड़ी केंद्र में आसरा लेना पड़ा।

बॉक्स : समस्या जस की तस

ग्रामीणों का कहना है कि राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कुराड़ गांव की पानी निकासी को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए थे। बावजूद इसके समस्या जस की तस है। इस स्थिति को लेकर लोगों में भारी रोष है।

बॉक्स : पानी निकासी के प्रारूप भेजे

गांव के सरपंच सतबीर गिल का कहना है कि पानी निकासी को लेकर हर प्रयास किए जा रहे हैं। पानी निकासी को लेकर अस्थाई तौर पर पहले भी पाइप दबाए गए थे। कुछ हद तक पानी निकासी की समस्या से निजात मिली थी। बस्ती से पानी निकासी को लेकर प्रारूप बनाकर भेजा गया है। जैसे ही मंजूरी मिलेगी कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी