अब उपचुनाव तक जींद में रहेगी नेताओं की गहमागहमी

इनेलो विधायक डॉ. हरिचंद मिढ़ा के निधन से खाली हुई जींद विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुना

By JagranEdited By: Publish:Thu, 06 Sep 2018 12:41 AM (IST) Updated:Thu, 06 Sep 2018 12:41 AM (IST)
अब उपचुनाव तक जींद में रहेगी नेताओं की गहमागहमी
अब उपचुनाव तक जींद में रहेगी नेताओं की गहमागहमी

इनेलो विधायक डॉ. हरिचंद मिढ़ा के निधन से खाली हुई जींद विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने अभी से तैयारी करनी शुरू दी है। चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं ने भी अपने स्तर पर तैयारियां करनी शुरू कर दी हैं। गांव की चौपालों, शहर के पार्कों और नुक्कड़ों पर लोगों की जुबां पर एक ही बात है कि उपचुनाव कब होगा और किस पार्टी से चुनाव मैदान में कौन उतरेगा?

प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद पहली बार होने वाले जींद विधानसभा उपचुनाव के लिए सभी राजनीतिक दल पूरी तरह गंभीर है। सियासी गलियारों में अभी यह चर्चा है कि उपचुनाव को मार्च-अप्रैल में लोकसभा चुनाव के साथ कराया जा सकता है। वहीं, हरियाणा विधानसभा के चुनाव तय समय पर ही होने की संभावनाएं हैं। ऐसे में यह उपचुनाव मनोहर सरकार के लिए लिटमस टेस्ट की तरह होगा। सरकार किसी भी सूरत में यह चुनाव जीतना चाहेगी, जिससे विधानसभा चुनाव के लिए उसके पक्ष में माहौल बन सके। वहीं, बुधवार को डॉ. मिढ़ा की शोक सभा के बाद अब सभी राजनीतिक दल मैदान में उतर जाएंगे और उपचुनाव तक जींद में नेताओं की गहमागहमी रहेगी। बुधवार को पंचकूला के मोरनी में हुई भाजपा सरकार और संगठन की ¨चतन बैठक में 6 अक्टूबर में जींद में रैली करने का निर्णय लिया गया। यह रैली जींद और जुलाना हलके की संयुक्त रूप से होगी। भाजपा की टिकट के इच्छुक नेताओं में इस रैली में भीड़ जुटाने के लिए रोचक मुकाबला होगा। सरकार और संगठन की नजरों में हर कोई खुद को मजबूत दिखाना चाहेगा।

--राफेल को उछालेगी कांग्रेस

कांग्रेस ने भी उपचुनाव के मद्देनजर जींद में सबसे पहले अपने पक्ष में माहौल बनाने की रणनीति के तहत 10 सितंबर को ही राफेल घोटाले पर शहर में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। पुरानी अनाज मंडी से लघु सचिवालय तक इस प्रदर्शन की अगुआई प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर करेंगे। कांग्रेस नेता रघुबीर भारद्वाज और प्रमोद सहवाग ने कहा कि राफेल विमान सौदे में बड़ा घोटाला हुआ, जिसे जनता के बीच लेकर जाया जाएगा।

--25 के बाद सक्रिय होगी इनेलो

इनेलो के जिला अध्यक्ष कृष्ण राठी ने कहा कि पार्टी की तरफ से एसवाईएल पर 8 सितंबर को हरियाणा बंद का आयोजन किया जाएगा। इसेक बाद 25 सितंबर को पूर्व उपप्रधानमंत्री चौ. देवीलाल के जन्मदिवस पर गोहाना में रैली करेगी। इसलिए पहले पार्टी का फोकस गोहाना रैली पर रहेगा। इस रैली के बाद ही जींद उपचुनाव के लिए पार्टी नेता सक्रिय होंगे। डॉ. मिढ़ा इनेलो से लगातार दो बार विधायक रहे हैं, इसलिए पार्टी खुद को सेफ जोन में मानकर चल रही हैं। पार्टी को उम्मीद है कि उपचुनाव में उसके प्रत्याशी को सहानुभूति के वोट मिलेंगे।

chat bot
आपका साथी