अभी शहर का ये हाल, विधायक बोले: जल्द नए लुक में दिखेगा जींद

अधिकारियों व ठेकेदारों की मनमानी और लापरवाही के कारण जींद शहर की जनता बदतर जीवन जी रही है। बारिश के बाद रोहतक रोड व पुराना हांसी रोड की हालत पर कीचड़ से लोगों का जीवन नरक हो चुका है। लोग सरकार व अफसरों को कोस रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 09 Jan 2021 07:40 AM (IST) Updated:Sat, 09 Jan 2021 07:40 AM (IST)
अभी शहर का ये हाल, विधायक बोले: जल्द नए लुक में दिखेगा जींद
अभी शहर का ये हाल, विधायक बोले: जल्द नए लुक में दिखेगा जींद

जागरण संवाददाता, जींद : अधिकारियों व ठेकेदारों की मनमानी और लापरवाही के कारण जींद शहर की जनता बदतर जीवन जी रही है। बारिश के बाद रोहतक रोड व पुराना हांसी रोड की हालत पर कीचड़ से लोगों का जीवन नरक हो चुका है। लोग सरकार व अफसरों को कोस रहे हैं।

वहीं, शहर के भाजपा विधायक डा. कृष्ण मिढ़ा शुक्रवार को मीडिया से रूबरू हुए और शहर व गांवों के विकास कार्यों पर चर्चा की। विधायक ने कहा कि जींद शहर में कई परियोजनाएं चल रही हैं। इनके पूरा होते ही जींद नए लुक में दिखाई देगा।

जींद विधानसभा क्षेत्र के विकास के बारे में विधायक मिढ़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने पांच करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। इसमें से 3.80 करोड़ रुपये शहर के सुंदरीकरण पर खर्च होंगे। 1.21 करोड़ रुपये गांव के विकास पर खर्च किए जाएंगे। लोगों को पूरी सुविधाएं मिलें और शहर साफ-सुथरा शहर दिखाई दे, इसके लिए वे भरसक प्रयास कर रहे हैं। विकास राशि से शहीद चौक, संत कबीर चौक समेत अन्य चौकों का निर्माण तथा विकास करवाया जाएगा, इन पर 25-25 लाख रुपये खर्च होंगे। देवीलाल चौक का भी सात लाख की लागत से सुंदरीकरण करवाया जाएगा। रुपया चौक से लेकर शिव चौक तक डिवाइडर पर पेड़-पौधे लगवाए जाएंगे। तीर्थों के सुंदरीकरण के लिए दो-दो करोड़ रुपये खर्च होंगे। रानी तालाब पर लाइट समेत अन्य सुंदरीकरण प्रोजेक्टों पर कार्य किया जाएगा। ईक्कस तीर्थ तथा वंशमूलक तीर्थ बरसोला का भी विकास करवाया जा रहा है। गांव पिडारा में भव्य गेट बनवाया जाएगा, जिस पर महाभारत से संबंधित चित्रकारी व अन्य उल्लेख छपे होंगे। जेडी-7 पर डिवाइडर के साथ पेड़-पौधे भी लगाए जाएंगे। घंटा घर शहर की पुरानी जगह है, उसके सौंदर्यकरण के लिए मुख्यमंत्री से बातचीत की जाएगी। जयंती देवी मंदिर से पुरानी अनाज मंडी तथा नई सब्जी मंडी के पीछे रोड, पटियाला चौक से सब्जी मंडी रोड बाहरी पर डिवाइडर के साथ पेड़ लगाने का प्रपोजल भी सीएम के सामने रखा गया है। 30 माह में मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हो जाएगा, जिससे जींद को काफी फायदा होगा। लोगों को भाखड़ा पर आधारित पेयजल की सुविधा भी जल्द मिलेगी। इस मौके पर जिला महामंत्री डा. राज सैनी, बबलू गोयल, जसबीर सैनी, सुभाष शर्मा, संजय धवन, अनिल शर्मा, कालू आहुजा, नरेंद्र शर्मा, कालू खान, नरेंद्र ढांडा, जीतू ढांडा, प्रमोद कंडेला, मोहित शर्मा समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

रोहतक रोड के लोग धैर्य रखें, जल्द बनेगी सड़क

विधायक मिढ़ा ने रोहतक रोड के बारे में कहा कि गहराई तक खुदाई होने के कारण मिट्टी बैठने में समय लगता है। लोगों को धैर्य से काम लेना चाहिए। मिट्टी बैठने के साथ ही बहुत जल्द सड़क का निर्माण करवा दिया जाएगा। रोहतक रोड पर डिवाइडर के साथ-साथ उसे हरा भरा और लाइटिग का कार्य भी करवाया जाएगा। डी-प्लान से 80 लाख शहर के लिए तथा 80 लाख रुपये गांव के लिए मिलने जा रहे हैं। चार ओवरब्रिज का कार्य अप्रैल तक पूरा हो जाएगा। कालवा किनाना ड्रेन तक पाइप लाइन डाली जा रही है, जिससे सीवरेज की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा। जिस पर 18 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

chat bot
आपका साथी