अधिकारियों की गाड़ियों पर लगे नियमित ड्राइवरों ने चलाई एंबुलेंस

जागरण संवाददाता, जींद : नेशनल हेल्थ मिशन के तहत लगे कर्मचारियों को हटाए जाने के विरोध म

By Edited By: Publish:Wed, 26 Oct 2016 11:11 PM (IST) Updated:Wed, 26 Oct 2016 11:11 PM (IST)
अधिकारियों की गाड़ियों पर लगे नियमित ड्राइवरों ने चलाई एंबुलेंस

जागरण संवाददाता, जींद : नेशनल हेल्थ मिशन के तहत लगे कर्मचारियों को हटाए जाने के विरोध में बुधवार को सभी एनएचएम कर्मचारी हड़ताल पर चले गए, जिस कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत एंबुलेंस सेवा को लेकर आई, लेकिन यहां पर एनएचएम के तहत ही कर्मचारी लगे हुए हैं, ऐसे में अस्पताल प्रशासन ने अधिकारियों की गाड़ियों व अन्य गाड़ियों पर लगे नियमित ड्राइवरों को एंबुलेंस पर ड्यूटी लगाई और कंप्यूटर ऑपरेटरों को 102 नंबर की जिम्मेदारी दी। इसी प्रकार से गायनी व अन्य विभागों में भी नियमित कर्मचारियों की ड्यूटियां लगा दी गई।

बुधवार को सरकारी अस्पताल में एनएचएम कर्मचारियों को हटाने के विरोध में सभी अनुबंधित एनएचएम कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। इस कारण अस्पताल में मरीजों को परेशानी हुई। साथ ही डॉक्टरों को भी दिक्कत आई। इस पर सिविल सर्जन कार्यालय की तरफ से एंबुलेंस सेवाओं को बहाल रखने के लिए नियमित ड्राइवरों को लगा दिया गया, लेकिन उसके बावजूद एंबुलेंस सेवाएं प्रभावित रही। 102 नंबर पर भी नियमित कंप्यूटर आपरेटरों को लगा दिया गया ताकि वे इसे सुचारु रख सके।

नारेबाजी कर जताया रोष

एनएचएम कर्मचारियों ने सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर धरना देकर नारेबाजी की। प्रधान गौरव ने कहा कि जब तक हटाए गए कर्मचारियों को वापस नहीं लिया जाता और उनकी मांग को पूरा नहीं किया जाता, तब तक उनकी हड़ताल और प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का यह कहना कि उन्हें हड़ताल करने का अधिकार नहीं है, यह बिल्कुल गलत है। इसलिए सरकार कर्मचारियों को बहाल करने का काम करें।

स्वास्थ्य सेवाएं रही प्रभावित

एनएचएम कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रही। अस्पताल में अनुबंधित एनएचएम के तहत नर्से भी काम करती है और वह भी हड़ताल पर चले गए, जिस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग इधर-उधर भटकते हुए नजर आए।

सामाजिक संस्थाओं से मांगा सहयोग

सिविल अस्पताल प्रशासन ने सामाजिक संस्थाओं से एंबुलेंस चालकों की हड़ताल के चलते सहयोग मांगा था। इसके अलावा रोडवेज कर्मचारियों को भी तैनात रहने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नियमित ड्राइवरों की ड्यूटी लगा दी गई थी, जिस कारण ज्यादा दिक्कत नहीं आई।

लोगों को नहीं आने दी दिक्कत

एंबुलेंस चालकों के हड़ताल पर जाने के कारण नियमित ड्राइवरों की ड्यूटी लगा दी गई थी, जिससे दिक्कत नहीं आई। गंभीर मरीजों को एंबुलेंस में भी रेफर किया गया।

डॉ. राजेश भोला, इंचार्ज, एंबुलेंस रेफरल सेवा।

chat bot
आपका साथी