ठंड ने लौटाई इलेक्ट्रोनिक्स बाजार में रौनक

संवाद सूत्र, बादली : कड़ाके की ठंड वापस लौटने से भले ही जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया हो लेकिन व्यापारियो

By Edited By: Publish:Wed, 18 Jan 2017 01:01 AM (IST) Updated:Wed, 18 Jan 2017 01:01 AM (IST)
ठंड ने लौटाई इलेक्ट्रोनिक्स बाजार में रौनक
ठंड ने लौटाई इलेक्ट्रोनिक्स बाजार में रौनक

संवाद सूत्र, बादली : कड़ाके की ठंड वापस लौटने से भले ही जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया हो लेकिन व्यापारियों के चेहरों की चमक लौट आई है। इसकी वजह यह है कि ठंड में नहीं बिकी चीजों को लोग अब खरीद रहे हैं। तकरीबन दो महीने से वीरान पड़ी इलेक्ट्रोनिक्स सामान की दुकानों पर अचानक ग्राहक जुटने लगे हैं।

जनवरी महीने के दूसरे सप्ताह के बाद भी अब तक मौसम में लगातार ऊठापटक जारी है। शीत लहर चलने और आसमान में बादलों के छाए जाने से लोगों को अब एक बार फिर से गीजर, रूम हीटर व ब्लोअर जैसी चीजों की जरूरत महसूस होने लगी है। हालांकि आम लोग इन सब चीजों की खरीदारी दिसंबर महीने के शुरूआत में ही कर लेते हैं। मगर अब जनवरी के महीने में पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद जिस प्रकार से मौसम लगातार करवट बदल रहा है तो आम लोग इनकी खरीदारी में जुट गए हैं।

बाजारों में अधिकतर दुकानदारों ने सर्दी से संबंधित सामान रखना बंद कर दिया था। मगर अब एक बार फिर से दुकानों पर इन सब चीजों की मांग बढ़ गई है। ऐसे में ग्राहक अब गीजर व रूम हीटर खरीद रहे हैं। बाजारों में दुकान संचालकों ने इस चीजों को फिर से उतार दिया तो चीजें हाथों हाथ बिकने लगीं। इस बारे में श्याम इलेक्ट्रोनिक्स के संचालक मोहन ने बताया कि उन्होंने सर्दी के मौसम में बिकने वाला अधिकतर सामान दिसंबर महीने के आखिरी सप्ताह में ही हटा दिया था। इसके साथ ही गर्मी का स्टॉक दुकान में सजा दिया था। मगर अचानक मौसम में आई ठंड ने इस सामान की मांग बढ़ा दी। ग्राहक अब गीजर व रूम हीटर की मांग कर रहे हैं। ऐसे में स्टॉक निकलवाया जा रहा है। वहीं अन्य दुकानदार सोनू ने इस बारे में कहा कि इसी सप्ताह उनका अधिकतर स्टॉक निकला है। उनके मुताबिक अब तक मौसम ने उन्हें काफी निराश किया था। ऐसा लगा कि अब गर्मी में ही फिर से रौनक लौटेगी लेकिन अचानक बढ़ी ठंड ने निराशा दूर कर दी।

chat bot
आपका साथी