Bharat Band: भारत बंद को लेकर रोहतक पुलिस अलर्ट, हर थाना क्षेत्र में होंगे दो-दो नाके

संयुक्त किसान मोर्चा ने शुक्रवार को सुबह छह से शाम के छह बजे तक भारत बंद का एलान कर रखा है। जिसके तहत किसान संगठन जिले में कई स्थानों पर जाम भी लगा सकते हैं। देर शाम एसपी राहुल शर्मा ने पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर दिशा-निर्देश दिए।

By Umesh KdhyaniEdited By: Publish:Thu, 25 Mar 2021 07:52 PM (IST) Updated:Thu, 25 Mar 2021 07:52 PM (IST)
Bharat Band:  भारत बंद को लेकर रोहतक पुलिस अलर्ट, हर थाना क्षेत्र में होंगे दो-दो नाके
सभी थाना प्रभारियों को अपने एरिया में नाके लगाने होंगे। आउटर के थानों पर रिजर्व में पुलिस बल तैनात रहेगा।

रोहतक, जेएनएन। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर शुक्रवार को होने वाले भारत बंद को लेकर पुलिस-प्रशासन ने पुख्ता बंदोबस्त कर लिए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर होली के त्योहार तक जिले में सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टी रद कर दी गई हैं। साथ ही सभी थाने क्षेत्र में दो-दो नाके लगाए गए हैं और प्रशासन की तरफ से ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी तैनात कर दिए हैं।

दरअसल, संयुक्त किसान मोर्चा ने शुक्रवार को सुबह छह से शाम के छह बजे तक भारत बंद का एलान कर रखा है। जिसके तहत किसान संगठन जिले में कई स्थानों पर जाम भी लगा सकते हैं। भारत बंद के आह्वान को लेकर देर शाम एसपी राहुल शर्मा ने जिले के पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर दिशा-निर्देश दिए। सभी को हिदायत दी गई है कि होली के त्योहार तक किसी को भी छुट्टी न दी जाए। सभी की छुट्टी रद रहेगी।

लघु सचिवालय और पुलिस लाइन में रिजर्व बल रहेगा

इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने एरिया में नाके लगाने होंगे और आउटर के थानों पर रिजर्व में पुलिस बल तैनात रहेगा। लघु सचिवालय और पुलिस लाइन में भी रिजर्व में पुलिस बल रहेगा। जिन्हें आपात स्थिति में किसी भी स्थान पर भेजा जा सकता है। आउटर में संचालित सांपला, बहुअकबरपुर, लाखनमाजरा, आइएमटी और कलानौर थाने पर विशेष निगाह रहेगी, क्योंकि इन थाना क्षेत्र से अलग-अलग हाईवे निकले हुए हैं, जिन पर जाम लगाने की सूचना है।

नियमित रूप से होगा बसों का संचालन

रोडवेज डिपो के महाप्रबंधक जोगेंद्र रावल ने बताया कि रोहतक डिपो से तमाम बसों का संचालन आम दिनों की तरह ही किया जाएगा। रोडवेज बसों के संचालन के लिए स्टाफ भी पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेगा। डिपो से 215 बसों का संचालन रोजाना किया जाता है। 25 मार्च को भी सभी बसें चलाई जाएंगी। अगर कहीं रोड जाम की सूचना मिली तो रूट को डायवर्ट किया जा सकता है। यात्रियों को किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी।

डीसी ने तैनात किये ड्यूटी मजिस्ट्रेट

डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने सभी थाना क्षेत्र में ड्यूटी मजिस्ट्रेट की तैनाती की है। ओवरआल इंचार्ज एडीसी महेंद्रपाल को बनाया गया है। इसके अलावा एसडीएम राकेश सैनी के साथ डीएसपी हेडक्वार्टर गोरखपाल राणा, महम एसडीएम मेजर गायत्री अहलावत के साथ डीएसपी महम शमशेर सिंह, जिला परिषद के कार्यकारी अधिकारी ब्रह्मप्रकाश के साथ डीएसपी विनोद कुमार और शुगर मिल के प्रबंध निदेशक मानव मलिक के साथ डीएसपी महेश कुमार की ड्यूटी लगाई गई है।

स्वास्थ्य व दमकल विभाग को रखा अलर्ट पर

इनके अतिरिक्त भी अलग-अलग एरिया में ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सिविल सर्जन को निर्देश दिए गए हैं कि सभी सीएचसी, पीएचसी और जिला अस्पतालों में आपात स्थिति से निपटने के लिए जीवन रक्षक यंत्र, मेडिकल व पैरामेडिकल स्टाफ और एक एंबुलेंस रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध कराए। जीएम रोड को क्रेन की व्यवस्था करनी होगी। साथ ही दमकल विभाग को भी अपनी गाड़ियों के साथ अलर्ट रहना होगा।

सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किएः डीएसपी

डीएसपी हेडक्वार्टर गोरखपाल राणा ने कहा कि भारत बंद को लेकर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। पुलिस को रिजर्व में भी रखा गया है। इसके अलावा होली के त्योहार तक पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद कर दी गई है।

हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी