दुनिया के टॉप 20 लोगों में शामिल दुष्यंत चौटाला का नाम, दादा ओपी चौटाला बोले - खुशी नहीं हुई

ओपी चौटाला ने रोहतक में कहा कि दुष्यंत अपने दादा को भूल गए और रामकुमार गौतम को अपना दादा मानते हैं। दुष्‍यंत के एमपी बनने पर मुझे खुशी हुई थी पर फोर्ब्‍स की सूची में नाम आने पर नही

By Manoj KumarEdited By: Publish:Mon, 06 Jan 2020 06:56 PM (IST) Updated:Tue, 07 Jan 2020 08:58 AM (IST)
दुनिया के टॉप 20 लोगों में शामिल दुष्यंत चौटाला का नाम, दादा ओपी चौटाला बोले - खुशी नहीं हुई
दुनिया के टॉप 20 लोगों में शामिल दुष्यंत चौटाला का नाम, दादा ओपी चौटाला बोले - खुशी नहीं हुई

रोहतक, जेएनएन। हरियाणा के उप मुख्यमंत्री व जननायक जनता पार्टी के संयोजक दुष्यंत चौटाला की गिनती अब दुनिया के टॉप 20 लोगों में होने लगी है। विश्व की कारोबारी पत्रिका फोर्ब्‍स ने पांच देशों के बड़े नेताओं व प्रतिष्ठित लोगों के साथ दुष्यंत चौटाला का नाम शामिल किया है। कम समय में संघर्ष के बूते दुष्यंत चौटाला ने यह मुकाम हासिल किया है। एक साल के छोटे से कार्यकाल में दुष्यंत चौटाला ने न केवल अपनी पार्टी को खड़ा किया, बल्कि तीन चुनाव भी लड़े और 10 विधायकों के साथ अब वे प्रदेश सरकार में साझीदार हैं। दुष्यंत देश के सबसे कम उम्र के सांसद रहे और अब सबसे कम उम्र के विधायक हैं।

फोर्ब्‍स ने दुनिया की उन 20 हस्तियों की सूची जारी की है, जिन पर वर्ष 2020 में विश्वभर की नजर रहेगी। इनमें श्रीलंका के राष्ट्रपति, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री, सऊदी अरब के प्रिंस, फीनलैंड के प्रधानमंत्री, न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री, जर्मनी के रक्षा मंत्री, अमेरिका के एक सांसद और एक मेयर शामिल हैं। इनके अलावा इस सूची में एक फार्मूला वन रेसर, एक अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर, एक पर्यावरणविद, उद्योगपति गोदरेज परिवार और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर भी शामिल हैं। 31 वर्षीय दुष्यंत चौटाला ने एक साल पहले जननायक जनता पार्टी की स्थापना की थी। हरियाणा सरकार में उनके पास राजस्व, आबकारी एवं कराधान, उद्योग, पंचायत एवं विकास और लोक निर्माण सरीखे महत्वपूर्ण विभाग हैं।

वहीं अब पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने एक बार फिर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जब दुष्यंत सांसद बना था, तब ज्यादा खुशी हुई थी। उस समय दुष्यंत इनेलो कार्यकर्ता था। अब चाहे उपमुख्यमंत्री बने या फोर्ब्‍स की सूची में शामिल हो, उतनी खुशी नहीं होती। दुष्यंत अगर मेरी सलाह मानते तो तो आज खास स्थान पर होते। चौटाला सोमवार को रोहतक में जिला कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि दुष्यंत जब सांसद बने तो इनेलो के हर कार्यकर्ता ने मदद की थी, इसलिए उनकी जीत पर खुशी थी। इनेलो कार्यकर्ता संघर्ष करने में कभी पीछे नहीं रहता। अब फिर से इनेलो पार्टी मजबूत होती, इसको लेकर हर कार्यकर्ताओं को लोगों के बीच जाने की जरूरत है। ओमप्रकाश चौटाला ने भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार समय से पहले टूटने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह सरकार ज्यादा दिन तक चलने वाली नहीं है। प्रदेश में मध्यावधि चुनाव होंगे। कार्यकर्ताओं को संघर्ष नहीं छोडऩा है। प्रदेश में इनेलो की सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि उनकी सजा पूरी हो चुकी है, लेकिन जेल से रिहा नहीं किया जा रहा है। सरकार उनकी रिहाई से भयभीत है। भाजपा के कुशासन का अंत इनेलो पार्टी ही कर सकती है। जेएनयू में छात्रों पर हुए हमले के सवाल पर कहा कि युवा जब आंदोलन पर उतर जाता है तो सत्ता परिवर्तन हो जाता है। अब युवा आंदोलन पर उतर चुका है, इसलिए भाजपा सरकार के सत्ता से बाहर होने की नींव शुरू हो गई है। उन्होंने परिवार टूटने के सवाल पर कहा कि यह तो होता रहता है। उन्होंने कहा कि जात नहीं जमात बड़ी होती है।

बता दें कि ओपी चौटाला ने दो दिन पहले ही ये बयान दिया था कि अगर दुष्‍यंत इेनेलो में रहते तो सीएम बनते। इस पर पलटवार करते हुए दुष्‍यंत चौटाला ने कहा था कि अगर सीएम ही बनाना था तो पार्टी से क्‍यों निकाला। ऐसे में एक के बाद एक तीखे बयान सामने आ रहे हैं।

chat bot
आपका साथी