हरियाणा में एंट्री कर रहे पंजाब MLA की गाड़ी रोकी, चालान करने की चेतावनी दे भेजे वापस

लॉकडाउन के चलते सिरसा जिले में पंजाब-राजस्थान के वाहनों को नो एंट्री है। ऐसे में परमिट न होने पर सरदूलगढ़ के एमएलए को वापस भेज दिया गया।

By Manoj KumarEdited By: Publish:Mon, 30 Mar 2020 06:35 PM (IST) Updated:Mon, 30 Mar 2020 06:35 PM (IST)
हरियाणा में एंट्री कर रहे पंजाब MLA की गाड़ी रोकी, चालान करने की चेतावनी दे भेजे वापस
हरियाणा में एंट्री कर रहे पंजाब MLA की गाड़ी रोकी, चालान करने की चेतावनी दे भेजे वापस

सिरसा, जेएनएन। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह सख्ती बरत रहा है। सोमवार को सिरसा जिला की सीमाएं सील रही। दूसरे राज्यों से बिना अनुमति वाहनों को जिला में प्रवेश ही नहीं करने दिया गया। शहर में भी दोपहर दो बजे के बाद राशन की दुकानें बंद करवा दी गई और शाम चार बजने के बाद फल सब्जियां व पांच बजे के बाद मेडिकल स्टोर बंद करवा दिये गए। वहीं प्रवासियों को भी वापस भेज दिया। इतना ही नहीं हरियाणा में आ रहे पजांब एमएलए का भी पुलिसकर्मियों ने रास्‍ता रोक लिया।

पंजाब के एमएलए को वापस भेजा, चालान काटने की चेतावनी

दोपहर के समय महाराणा प्रताप चौक पर पंजाब के सरदूलगढ़ क्षेत्र के एमएलए दिलराज सिंह भूंदड़ की गाड़ी आती दिखाई दी जिसे नाके पर रूकवा लिया गया। नाके पर तैनात डीएसपी दिनेश यादव व ड्यूटी मजिस्ट्रेट पंचायती राज विभाग के एसडीओ एमआर जाखड़ ने रूकवाकर पूछताछ की। एमएलए के सुरक्षाकर्मी ने कहा कि इमरजेंसी में सिरसा में किसी के यहां जाना है। डीएसपी ने उनसे पूछा कि उनके पास कोई परमिशन है तो दिखाएं नहीं तो वापस चले जाएं। लॉकडाउन में पंजाब की गाडिय़ों पर बैन है। अगर यहां से नहीं गए तो चालान कर दिया जाएगा। इसके बाद पंजाब के विधायक की गाड़ी वापस लौट गई।

745 वाहनों का चालान, 296 इंपाउंड, 20.82 लाख जुर्माना

सिरसा शहर के आसपास प्रशासन द्वारा 42 नाके लगाए गए है, इनमें से शहर की सड़कों पर 21 नाके है। सड़कों पर दिखाई देने वाले वाहन के चालक की पूरी डिटेल नोट की जा रही है। वाहन चालक के कागजात जांचे जा रहे है तथा बिना कागजात वाले वाहन चालकों के चालान व वाहन जब्त भी किए जा रहे है। पुलिस प्रशासन ने लॉक डाउन के दौरान यातायात नियमों की अवहेलना करने के मामले में अब तक 745 वाहनों का चालान कर 296 वाहन इंपाउंड किए है और 20 लाख 82 हजार का जुर्माना किया है। जिला प्रशासन ने जरूरी सामानों की पूरी व्यवस्थाएं की हुई है। इसके बावजूद लोग घरों से बाहर निकल रहे है। ऐसे में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उन वाहनों के चालान व जुर्माना किए है, जो यातायात नियमों की पालना नहीं कर रहे थे।

रेल पटरियों से आ रहे थे प्रवासी, पुलिस ने वापस भेजा

गत रात्रि पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान पटरियों से 40-50 व्यक्ति जाते हुए दिखाई दिए। सिरसा रेलवे स्टेशन के समीप उन्हें रोका गया तो उन्होंने बताया कि वे पंजाब के रामा मंडी से आए हैं और दिल्ली जा रहे हैं। दिल्ली से बसों के माध्यम से बिहार जाएंगे। पुलिस ने उन्हें आगे नहीं जाने दिया गया और रोडवेज बस का प्रबंध कर वापस रामां मंडी भेज दिया गया। डीएसपी राजेश चेची ने बताया कि इसके बाद रेलवे पुलिस की ओर से पटरी पर भी नाका लगवा दिया है ताकि यहां से भी कोई न निकल सके। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों से आने वालों को सीमा पर ही रोक रहे हैं।

chat bot
आपका साथी