जल्द जारी होगी एस्ट्रोटर्फ को विकसित करने के लिए ग्रांट : विज

जागरण संवाददाता, हिसार : शहर में बना एस्ट्रोटर्फ मैदान लगातार विवादों में रहा है। इसके विकास व सुवि

By Edited By: Publish:Mon, 29 Aug 2016 01:01 AM (IST) Updated:Mon, 29 Aug 2016 01:01 AM (IST)
जल्द जारी होगी एस्ट्रोटर्फ को विकसित करने के लिए ग्रांट : विज

जागरण संवाददाता, हिसार : शहर में बना एस्ट्रोटर्फ मैदान लगातार विवादों में रहा है। इसके विकास व सुविधाओं को लेकर पूर्व में खेल प्रेमियों व प्रशासन ने स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री अनिल विज के साथ पत्र व्यवहार किया था। इस पर विज ने हिसार आने का आश्वासन दिया था। ऐसे में रविवार को विज ने एस्ट्रोटर्फ मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एस्ट्रोटर्फ मैदान का हाल देख यहां की समस्याओं के बारे में जाना। वह सिरसा में डेरा सच्चा सौदा से वापस आते हुए रात को ब्लू बर्ड कॉम्पलेक्स में रुके और सुबह एस्ट्रोटर्फ के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे।

खेलमंत्री ने अधिकारियों को आदेश दिए कि एस्ट्रोटर्फ की दर्शक शाखा को और विकसित किया जाए। वीआइपी व मीडिया के लिए अलग से व्यवस्था करने की बात कही। उन्होंने कहा कि एस्ट्रोटर्फ मैदान को पूरा करने के लिए बची हुई ग्रांट को जल्द ही जारी कर दिया जाएगा। मैदान खिलाड़ियों के लिए बना है और उन्हे खेलते देखना ही हमारा सपना होना चाहिए। इस मौके पर जिला खेल अधिकारी सूबे सिंह बेनीवाल, डा. योगेश बिदानी, सीनियर राष्ट्रीय खिलाडी एवं डाबड़ा हॉकी एकेडमी के संचालक राजेंद्र सिहाग, समाजसेवी योगराज शर्मा, राजेंद्र सपरा, डॉ. देवेंद्र, इंजीनियर अग्रवाल, अनिल मौजूद थे।

बॉक्स

नये प्रपोजल बनाकर भेजें

स्वास्थ्य व खेलमंत्री अनिल विज ने मौके पर मौजूद खेल अधिकारियों को आदेश दिए कि खेल सुविधाओं को बढ़ाने संबंधी प्रपोजल तैयार कर सरकार को भेजा जाए ताकि नये खेलों को बढ़ावा दिया जाए।

बॉक्स

फंड की कोई कमी नहीं आएगी

एस्ट्रोटर्फ पर निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री अनिल विज ने कहा कि फंड की कोई कमी नहीं रहेगी। हमारे पास खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। हमारा उद्देश्य खेलों को बढ़ावा देना और ज्यादा से ज्यादा मेडल लाना है।

बॉक्स

एक ग्राउंड और बनाने की मांग

खेल मंत्री के निरीक्षण के दौरान मौजूद खेल अधिकारियों व लोगों ने एक और हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान बनाने की मांग की। इस पर खेल अधिकारियों ने कहा कि निर्माणाधीन हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान के पास गवर्नमेंट कॉलेज की सात एकड़ की जमीन पड़ी हुई है। पांच एकड़ जमीन के लिए प्रपोजल भी भेजा गया है। इस पर खेल अधिकारियों ने बताया कि इस बारे में बातचीत चल रही हैं।

बॉक्स

निश्शुल्क एकेडमी चलाने वाले को लाया जाएगा आगे

डाबड़ा हॉकी एकेडमी के संचालक राजेंद्र सिहाग ने गांव में चलाई जा रही एकेडमी बारे में खेल मंत्री से जब जानकारी दी तो उन्होंने कहा कि हरियाणा में नर्सरियां खोली जाएंगी। जिसमें उन लोगों को आगे लाया जाएगा जो गांवों में निश्शुल्क एकेडमी चला रहे हैं और खेलों में बच्चों को आगे बढ़ा रहे हैं।

बॉक्स

रविवार की सुबह खेल मंत्री अनिल विज ने एस्ट्रोटर्फ का निरीक्षण किया था। उस दौरान यहां आ रही समस्याओं के बारे में अवगत कराया गया। इस पर अनिल विज ने आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द एस्ट्रोटर्फ के निर्माण को पूरा करने के लिए बची ग्रांट आ जाएगी।

- सूबे सिंह बेनीवाल, जिला खेल अधिकारी

chat bot
आपका साथी