इस बार रावण अकेला जला

सुरक्षा के साये में रविवार को शहर से लेकर गांव तक के इलाके में सादगी से विजयादशमी मनाई गई। कहीं से भी किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना सामने नहीं आई।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Oct 2020 07:29 PM (IST) Updated:Sun, 25 Oct 2020 07:50 PM (IST)
इस बार रावण अकेला जला
इस बार रावण अकेला जला

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: सुरक्षा के साये में रविवार को शहर से लेकर गांव तक के इलाके में सादगी से विजयादशमी मनाई गई। कहीं से भी किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना सामने नहीं आई। केवल न्यू कालोनी के दशहरा मैदान में ही इस बार रावण, कुंभकरण एवं मेघनाद के पुतले का दहन किया गया। इसके अलावा अर्जुन नगर, भीमनगर, अशोक विहार, वजीराबाद सहित कुछ इलाकों में केवल रावण के पुतले का दहन किया गया। काफी जगहों पर विजयादशमी उत्सव का आयोजन ही नहीं किया गया।

रविवार सुबह से ही शहर से लेकर गांव तक के सभी बाजारों से लेकर मुख्य चौराहों पर पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई थी। न्यू कालोनी इलाके में शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा के साथ-साथ काफी संख्या में पुलिसकर्मी चल रहे थे ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो। कोविड-19 के डर के बाद भी काफी संख्या में लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।

फरुखनगर, पटौदी, बादशाहपुर एवं सोहना इलाके में भी साधारण तरीके से इस बार विजयादशमी उत्सव का आयोजन किया गया। विभिन्न संगठनों ने इस बार अपने स्तर पर ही पुतलों का दहन न करने का निर्णय ले लिया था। पिछले कई वर्षों से जिले में सबसे बड़ा आयोजन दशहरा मेला समिति की ओर से गौशाला मैदान में होता रहा है। इस बार भगवान श्रीराम की आरती के बाद केवल रावण के पुतले का दहन किया गया। जहां हजारों लोग उत्सव में पहुंचते थे वहीं दो से ढाई सौ लोग पहुंचे।

दशहरा मेला समिति के अध्यक्ष ईश्वर मित्तल ने बताया कि उत्सव में डीटीपी आरएस बाठ, ट्रांसपोर्टर गिरिराज धींगड़ा, सामाजिक कार्यकर्ता रमेश सिगला के अलावा पार्षद सुभाष सिगला, पूर्व पार्षद दिलीप साहनी, मुकेश सिघल, नरेश गुप्ता एवं राजेश गुप्ता आदि शरीक हुए। लोगों में दिखा कोविड-19 का खौफ

कोविड-19 का खौफ लोगों में विजयादशमी के अवसर पर दिखा। जहां सुबह 10 बजे के बाद सड़कों पर लोगों का सैलाब उमड़ जाता था वहीं रविवार को कई इलाकों में सन्नाटा दिखा। लोग घरों से बाहर ही नहीं निकले। जहां पर रावण, कुंभकरण एवं मेघनाद के पुतले का दहन किया गया, वहां पर भी अन्य वर्षो की भांति काफी संख्या में लोग पहुंचे।

पूरे जिले में शांतिपूर्ण तरीके से विजयादशमी का उत्सव संपन्न हो गया। कहीं से भी किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की शिकायत नहीं सामने आई है। सुरक्षा को ध्यान में रखकर सभी अधिकारियों को अपने इलाके में राउंड मारते रहने को कहा गया था।

केके राव, पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम

chat bot
आपका साथी