आम जनता की मित्र बने पुलिस: मनोहरलाल

मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि बदलते समय के मुताबिक पुलिस को अपनी कार्यशैली में भी बदलाव लाने की आवश्यकता है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 06 Mar 2020 07:03 PM (IST) Updated:Fri, 06 Mar 2020 07:03 PM (IST)
आम जनता की मित्र बने पुलिस: मनोहरलाल
आम जनता की मित्र बने पुलिस: मनोहरलाल

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि बदलते समय के अनुसार पुलिस को अपनी कार्यशैली बदलने की जरूरत है। आम आदमी से मित्रवत व्यवहार करना चाहिए, क्योंकि हर व्यक्ति अपराधी नहीं है। माहौल ऐसा हो कि लोग पुलिस से डरे नहीं, बल्कि सम्मान करें। जब तक कानून का सम्मान लोग नहीं करेंगे, तब तक कोई भी व्यवस्था बेहतर नहीं हो सकती। ऐसा तब होगा, जब पुलिस आम लोगों से मित्रवत संबंध बनाए।

ये बातें शुक्रवार को मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने हरियाणा पुलिस एवं ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट की ओर से सेक्टर-44 स्थित अपैरल हाउस में आयोजित यंग एसपी कांफ्रेंस (युवा पुलिस अधीक्षक सम्मेलन) व पुलिस एक्सपो-2020 के समापन अवसर पर कही। उन्होंने कहा कि निवेशक वहीं निवेश करेंगे, जहां बेहतर माहौल होगा। देश की अर्थव्यवस्था पांच ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने के लिए बेहतर से बेहतर माहौल जरूरी है। हरियाणा में इसके लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पर जोर है। स्मार्ट पुलिसिग पर जोर दिया जा रहा है।

साइबर क्राइम को नई चुनौती बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में साइबर क्राइम के लिए दो थाने खुले हैं। एक गुरुग्राम एवं दूसरा पंचकूला में हैं। प्रदेश में लगभग दो लाख सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। एक लाख और सीसीटीवी कैमरे लगाकर गुरुग्राम की तरह दूसरे शहरों में भी कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित होंगे। उन्होंने युवा पुलिस अधीक्षकों से कहा कि वे जनता के साथ अपना संवाद बढ़ाएं। इसके लिए थीम देकर कम्युनिटी मोबिलाइजेशन के कार्यक्रम करवाएं। हरियाणा में राहगीरी, मैराथन दौड़ आदि के कम्युनिटी मोबिलाइजेशन के कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं।

ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट के महानिदेशक वीएसके कौमुदी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को सु²ढ़ करने के लिए दूरदर्शिता आवश्यक है। फिक्की की होमलैंड सिक्योरिटी कमेटी के चेयरमैन राहुल चौधरी ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डॉलर तक ले जाने के लिए बॉर्डर प्रबंधन, साइबर प्रबंधन, ड्रोन आदि कई पहलुओं पर काम हुआ है। हरियाणा पुलिस के महानिदेशक मनोज यादव ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में हरियाणा में महिलाओं के खिलाफ अपराधों से निपटने के लिए 32 महिला थाने स्थापित हुए हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराधों का शीघ्र निपटारा करने में हरियाणा देश में दूसरे स्थान पर है। सड़क दुर्घटना में कमी लाने के लिए हरियाणा विजन जीरो नामक कार्यक्रम शुरू है। इससे पिछले तीन वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं में चार प्रतिशत कमी आई है। गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त मोहम्मद अकील अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया। समापन अवसर पर गुड़गांव के विधायक सुधीर सिगला, बादशाहपुर विधायक राकेश दौलताबाद, पटौदी विधायक सत्यप्रकाश जरावता, सोहना विधायक संजय सिंह एवं भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान आदि भी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी