गुरुग्राम में केशव प्रसाद मौर्य का दावा, भाजपा के खाते में होंगी यूपी और बिहार की सभी लोकसभा सीटें

आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुग्राम में सोमवार को बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश और बिहार की सभी लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

By Aditya RajEdited By: Publish:Mon, 30 Jan 2023 02:53 PM (IST) Updated:Mon, 30 Jan 2023 02:53 PM (IST)
गुरुग्राम में केशव प्रसाद मौर्य का दावा, भाजपा के खाते में होंगी यूपी और बिहार की सभी लोकसभा सीटें
गुरुग्राम में केशव प्रसाद मौर्य का दावा, भाजपा के खाते में होंगी यूपी और बिहार की सभी लोकसभा सीटें

गुरुग्राम, जागरण संवाददाता। उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) ने विपक्षी पार्टियों पर खासकर समाजवादी और कांग्रेस पर ओबीसी के नाम पर केवल राजनीति करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अब इन पार्टियों की पोल खुलने लगी है। इससे उनमें बेचैनी है। उत्तर प्रदेश और बिहार में ओबीसी के नाम पर चल रही राजनीतिक दुकान बंद होने के कगार पर है।

यही वजह है कि भाजपा पर आरक्षण खत्म करने का अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं। देश की जनता को पता है कि ओबीसी ही नहीं बल्कि सभी वर्गों को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार प्रयासरत है। जिन प्रदेशों में भाजपा की सरकार है, सभी सबका साथ सबका विकास की सोच के तहत काम कर रही है।

400 पार के लक्ष्य को लेकर मैदान में उतरेगी भाजपा

वर्ष 2024 के चुनाव में भाजपा अबकी बार 400 पार के लक्ष्य को लेकर मैदान में उतरने वाली है। इसके लिए अभी से ही पार्टी कमर कस चुकी है। उत्तर प्रदेश के साथ ही बिहार की सभी लोकसभा सीटें भाजपा के खाते में होंगी। इस स्थिति ने विपक्षी पार्टियों को बेचैन कर दिया है। उनके पास मुद्दा है ही नहीं। इस वजह से बिना सिर पैर की सभी बात कर रहे हैं।

भाजपा ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने के लिए सोमवार को गुरुग्राम पहुंचे उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दैनिक जागरण से खास बातचीत में कहा कि ओबीसी आरक्षण को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार का स्पष्ट दृष्टिकोण है। ओबीसी आरक्षण में ही नगर निकाय के चुनाव कराए जाएंगे। यदि आरक्षण को खत्म करने की मंशा होती तो सरकार इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती नहीं देती।

उम्मीद है मार्च तक फैसला आ जाएगा। इसके बाद अप्रैल या मई में नगर निकाय चुनाव संपन्न हो जाएंगे। उत्तर प्रदेश सरकार ने तो ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) आयोग तक का गठन कर दिया है। आयोग की रिपेार्ट के आधार पर ही निकाय चुनाव में पिछड़ा वर्ग आरक्षण का निर्धारण होगा। सच्चाई यह है कि सपा और कांग्रेस ने कभी ओबीसी का भला चाहा ही नहीं। केवल वोट बैंक का इस्तेमाल किया।

बिहार में तेजी से बदल रहा माहौल

भाजपा नेता केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वह दो दिन पहले बिहार गए थे। उन्होंने महसूस किया है कि तेजी से माहौल बदल रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आकर्षण और बढ़ रहा है। हर वर्ग के लोगों की पसंद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। इससे साफ है कि लोकसभा चुनाव में बिहार की 40 की 40 सीटों पर भाजपा जीत हासिल करेगी। देश के हर कोने में विकास हो रहा है। इससे जातियों के नाम पर राजनीति खत्म होने लगी है। लोगों को विकास चाहिए। युवाओं को रोजगार चाहिए।

chat bot
आपका साथी