हर परिस्थिति से निपटना जानते हैं म्हारे परमबीर, जानें क्या कहते हैं गांववाले

परमबीर सिंह के पिता स्व. होशियार सिंह भडाना गांव पावटा के मूल निवासी थे। होशियार सिंह के बड़े भाई हंसराज 97 साल के हैं। हंसराज और उनका परिवार फरीदाबाद में ही रहता है। पावटा के ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें अपने परमबीर पर पूरा भरोसा है।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Wed, 24 Mar 2021 11:17 PM (IST) Updated:Wed, 24 Mar 2021 11:17 PM (IST)
हर परिस्थिति से निपटना जानते हैं म्हारे परमबीर, जानें क्या कहते हैं गांववाले
गांव पावटा से है मुंबई पुलिस के निवर्तमान कमिश्नर का नाता

फरीदाबाद [हरेंद्र नागर]। महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख पर हर महीने 100 करोड़ रुपये वसूली का टारगेट देने का आरोप लगाने वाले मुंबई पुलिस के निवर्तमान कमिश्नर परमबीर सिंह भडाना देशभर में सुर्खियों में हैं। परमबीर सिंह गुर्जर समुदाय से आते हैं, इसलिए दिल्ली एनसीआर सहित देशभर के गुर्जरों इस मामले में खास दिलचस्पी है। फरीदाबाद के गांव पावटा में खास वजह से यह मुद्दा घर-घर में चर्चा का विषय है। ग्रामीणों के मुंह से एक ही बात निकलती है कि म्हारे परमबीर हर परिस्थिति से निपटना जानते हैं।

गुर्जर समुदाय से आते हैं परमबीर सिंह

दरअसल, परमबीर सिंह के पिता स्व. होशियार सिंह भडाना गांव पावटा के मूल निवासी थे। होशियार सिंह के बड़े भाई हंसराज 97 साल के हैं। हंसराज और उनका परिवार फरीदाबाद में ही रहता है। पावटा के ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें अपने परमबीर पर पूरा भरोसा है। उन्होंने जो कहा सही कहा होगा। परमबीर सिंह को मुंबई पुलिस कमिश्नर के पद से हटाए जाने का भी ग्रामीणों को बेहद अफसोस है। उनका कहना है कि जल्द ही परमबीर खुद को सही साबित करेंगे और फिर चमकते नजर आएंगे।

बड़े-बड़े मामले सुलझाए हैं परमबीर सिंह

1 मार्च 2020 को जब परमबीर सिंह को मुंबई पुलिस कमिश्नर बनाया गया था तो ग्रामीण फूले नहीं समाए थे। उन्होंने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया था। गांव पावटा में रहने वाले परमबीर सिंह के भतीजे एडवाेकेट कपिल भडाना कहते हैं कि ताऊजी ने बड़े-बड़े मामले सुलझाए हैं। साल 2017 में उन्होंने देश के मोस्ट वांटेड डॉन दाउद इब्राहिम के भाई इकबाल कास्कर को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा मुंबई में पेट्रोल पंप घोटाला, काल सेंटर घोटाला, क्रिप्टोकरेंसी जैसे अनगिनत चर्चित केस सुलझाए हैं। उनके पिता स्व. होशियार सिंह हिमाचल प्रदेश में तहसीलदार रहे थे। परमवीर भड़ाना और उनके भाइयों ने हिमाचल प्रदेश में ही पढ़ाई की थी। परमबीर के बड़े भाई मनवीर भड़ाना हरियाणा लोक सेवा आयेाग के चेयरमैन रहे हैं। छोटे भाई तेजबीर सिंह सेना में कर्नल पद से सेवानिवृत हैं।

मिसाल है परमबीर सिंह का परिवार

परमबीर सिंह का परिवार पूरे क्षेत्र के लिए मिसाल है। कपिल भड़ाना ने बताया कि परिवार के 16 बेटे सरकारी सेवाओं में हैं। परमबीर के पिता होशियार सिंह हिमाचल प्रदेश में तहसीलदार रहे थे। उन्होंने अपने तीन बेटों के अलावा भाइयों के बेटों को भी अपने साथ रखकर पढ़ाई कराई थी। इस परिवार में राजबीर सिंह नेवी में कमाडोर हैं और गुजरात में तैनात हैं। कर्मबीर सिंह सेना में लेफ्टिनेंट कमांडर हैं और मुंबई में तैनात हैं। सतबीर सिंह सेना में मेजर जरनल के पद से सेवानिवृत हैं। युद्धवीर सिंह शाहदरा दिल्ली में थाना प्रभारी, अजयवीर सिंह गुरुग्राम में थाना प्रभारी हैं।

chat bot
आपका साथी