संयुक्त आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण, नदारद मिला स्टाफ

नगर निगम मुख्यालय में शुक्रवार को कई अधिकारी कर्मचारी ड्यूटी के निर्धारित समय से देरी से पहुंचे।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Mar 2019 08:12 PM (IST) Updated:Fri, 22 Mar 2019 08:12 PM (IST)
संयुक्त आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण, नदारद मिला स्टाफ
संयुक्त आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण, नदारद मिला स्टाफ

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : नगर निगम मुख्यालय में शुक्रवार को कई अधिकारी, कर्मचारी ड्यूटी के निर्धारित समय से देरी से पहुंचे। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त प्रशांत अटकान ने शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे नगर निगम मुख्यालय में अलग-अलग विभागों के कार्यालयों का निरीक्षण किया तो कई स्टाफ कर्मचारी सीट पर नहीं मिले। सभी कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

होली की छुट्टी के बाद शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय खुला, लेकिन सुबह साढ़े नौ बजे तक कई अधिकारी और कर्मचारी अपनी सीट पर नहीं पहुंचे थे। संयुक्त आयुक्त प्रशांत अटकान सुबह नौ बजे अपने कार्यालय पहुंचे थे तो उनके दफ्तर के कर्मचारी ही सीट से नदारद थे। इस पर उन्होंने अन्य सभी शाखाओं के कार्यालयों का निरीक्षण शुरू कर दिया। सुबह साढ़े नौ बजे शुरू किए गए निरीक्षण में स्थापना शाखा अधिकारी कार्यालय, तोड़फोड़ शाखा, कर विभाग, आईटी शाखा कार्यालय में अधिकांश कुर्सियां खाली थीं।

कई जगह कार्यकारी अभियंता, एसडीओ और कनिष्ठ अभियंता नदारद थे। जन्म-मृत्यु पंजीकरण कार्यालय में ऐसी ही स्थिति नजर आई। संयुक्त आयुक्त प्रशांत अटकान ने बताया कि अधिकांश कर्मचारियों ने देरी से आने पर माफी मांगी है, फिर भी सबको कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

chat bot
आपका साथी