प्रत्याशियों व मंत्रियों के नामों की सूची जारी करेगी सभापा

By Edited By: Publish:Wed, 30 Jul 2014 01:02 AM (IST) Updated:Wed, 30 Jul 2014 01:02 AM (IST)
प्रत्याशियों व मंत्रियों के नामों  की सूची जारी करेगी सभापा

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद : समस्त भारतीय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुदेश अग्रवाल ने कहा कि उनकी पार्टी विधानसभा चुनाव में जाने से पहले ही अपने संभावित मंत्रियों की सूची जनता के समक्ष रख देगी। प्रदेश की सभी सीटों के प्रत्याशियों के साथ-साथ इन नामों की घोषणा 15 अगस्त को की जाएगी।

मंगलवार को अग्रवाल ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि वह प्रदेश के सभी जिलों का दौरा कर चुके हैं और मंगलवार को 20वें जिले के रूप में फरीदाबाद में हैं। यहां उन्होंने लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को समझा। फरीदाबाद की हालत यह है कि सभी छह विधायकों से जनता नाराज है। विधायक जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल पारदर्शिता नहीं बरतते हैं। यह जरूरी है कि लोगों को पता होना चाहिए कि चुनाव के बाद कैसे लोग उनका प्रतिनिधित्व करेंगे। पार्टियां जोड़-तोड़ कर सरकार बनाती हैं और विवादित लोगों को मंत्री भी बना देती हैं। जबकि उनकी पार्टी योग्य व सक्षम व्यक्ति को ही मंत्री बनाएगी।

उन्होंने कांग्रेस सरकार पर फरीदाबाद की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि फरीदाबाद में उद्योग चौपट हो गए। इससे बेरोजगारी बढ़ी है। यदि उनकी पार्टी की सरकार बनी तो फरीदाबाद का खोया गौरव लौटाया जाएगा। उद्योगों के लिए माहौल बनाया जाएगा। मजदूरों और उद्योगपतियों के बीच समन्वय बनाने के लिए तालमेल कमेटियां बनाई जाएंगी। पांच साल तक प्रदेश में हड़ताल नहीं होने दी जाएगी।

इस मौके पर उनके साथ पार्टी के महासचिव विजय पाल मघान, प्रचार सचिव गौतम स्वामी, जयकिशन गर्ग, संजय दत्ता, रतन सिंह, मोहिंदर शर्मा एडवोकेट, गौरव सिंघल, राजवीर सौरोत, हेमंत भारद्वाज भी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी