Farmers Protest: किसान आंदोलन के चलते दिल्ली के बार्डरों पर किलेबंदी, रास्ता बंद होने की स्थिति में डायवर्ट रूट तैयार

Farmers Protest टीकरी बार्डर पर दिल्ली व बहादुरगढ़ की सीमा में पुलिस की ओर से सुरक्षा के रूप में किलेबंदी कर दी गई। पुलिस द्वारा नाकाबंदी और बेरिकेड की लेयर बनाने में पूरा दिन बीत गया। वहीं दिल्ली के झाड़ौदा बार्डर पर भी ऐसा ही किया गया। यहां पर दिल्ली पुलिस ने करीब 300 मीटर के दायरे में तीन जगह नाकाबंदी है।

By Pardeep Bhardwaj Edited By: Nidhi Vinodiya Publish:Mon, 12 Feb 2024 10:06 PM (IST) Updated:Mon, 12 Feb 2024 10:06 PM (IST)
Farmers Protest: किसान आंदोलन के चलते दिल्ली के बार्डरों पर किलेबंदी, रास्ता बंद होने की स्थिति में डायवर्ट रूट तैयार
दिल्ली के बार्डरों पर किलेबंदी, रास्ता बंद होने की स्थिति में डायवर्ट रूट तैयार

जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। किसान संगठनों के दिल्ली कूच को लेकर सोमवार को टीकरी बार्डर पर दिल्ली व बहादुरगढ़ की सीमा में पुलिस की ओर से सुरक्षा के रूप में किलेबंदी कर दी गई। नाकाबंदी और बेरिकेड की लेयर बनाने में ही पूरा दिन बीता। पहले से जुटाए गए बेरिकेड को दीवार के रूप में खड़ा कर दिया गया। टीकरी बार्डर पर दिल्ली पुलिस ने सबसे आगे सुरक्षा की सात लेयर बनाई हैं। 

300 मीटर के दायरे में तीन जगह नाकाबंदी

यहां पर सबसे पहले जर्सी बेरियर की चार लेयर रखी गई। उसके बाद कंटीली तार लगे लोहे के बेरिकेड की दोहरी लेयर रखी गई। इससे आगे कंटेनर की लेयर बनाई गई। अगर यहां तक किसान संगठन पहुंचते हैं तो फिर वज्र, वाटर कैनन के साथ भारी संख्या में पुलिस और अर्द्धसैनिक बल की टुकड़ी तैनात होगी। अधिकारियों ने यहां पर डेरा डाल लिया। बार्डर पर पुलिस के इंतजामाें के चलते आने-जाने वालों काे परेशानी उठानी पड़ी। वहीं दिल्ली के झाड़ौदा बार्डर पर भी ऐसा ही किया गया। यहां पर दिल्ली पुलिस ने करीब 300 मीटर के दायरे में तीन जगह नाकाबंदी है।

अर्बन एक्सटेंशन रोड पर भी बैरिकेडिंग 

तीनों जगह सुरक्षा की कई लेयर बनाई गई। सोमवार को यहां क्रेनों के जरिये इंतजाम चलते रहे। इस बार पुलिस ने ज्यादा बड़े और भारी भरकम बेरिकेड रखे हैं। वहीं बहादुरगढ़ में भी पुलिस जुटी रही। सेक्टर-नौ मोड़ के पास बहादुरगढ़ पुलिस ने कई लेयर की बेरिकेडिंग कर दी गई। दिल्ली जाने वाले वाहनों के लिए इतना ही रास्ता खुला रखा गया, जिसे आपात स्थिति में तुरंत बंद किया जा सके। इसके अलावा किसान चौक और रोहद टोल के पास भी इंतजाम किए गए हैं। वहीं निर्माणाधीन अर्बन एक्सटेंशन रोड पर भी बैरिकेडिंग की गई है। बहादुरगढ़ के गांवों से दिल्ली जाने वाले 14 रास्तों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई। 

आठ एंबुलेंस रिजर्व, अलर्ट पर रखे डॉक्टर, अस्पताल में पर्याप्त संख्या में बेड का प्रबंध 

बहादुरगढ़ में स्वास्थ्य विभाग की ओर से आठ एंबुलेंस रिजर्व कर दी गई है। सभी डाक्टरों को अलर्ट पर रखा गया है। शाम और रात्रि शिफ्ट वाले डाक्टर को विशेष हिदायत दी गई है। अस्पताल में बेड की भी व्यवस्था अलग से की गई है। आवश्यक दवाइयां का स्टाक भी अलग से रखा गया है। किसी तरह की आपात स्थिति पैदा होती है तो उसको लेकर ऐसा किया गया है।

chat bot
आपका साथी