अनियंत्रित गाड़ी सड़क किनारे गड्ढे में पलटी, दस जख्मी
राष्ट्रीय राज मार्ग 344 शहजादपुर-पंचकूला मार्ग पर स्थित एक निजी स्कूल के नजदीक महिद्रा मैक्स गाड़ी तकनीकी खराबी के कारण अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे जाकर पलट गई।
संवाद सहयोगी, शहजादपुर : राष्ट्रीय राज मार्ग 344 शहजादपुर-पंचकूला मार्ग पर स्थित एक निजी स्कूल के नजदीक महिद्रा मैक्स गाड़ी तकनीकी खराबी के कारण अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे जाकर पलट गई। वाहन में सवार 2 बच्चों, 3 महिलाओं सहित करीब दस लोग घायल हो गए। यह सभी एक शादी समारोह में जा रहे थे। घायलों को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। पुलिस ने इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार उत्तराखंड से कुछ लोग वाहन में सवार होकर बद्दी हिमाचल प्रदेश में एक शादी समारोह में जा रहे थे। शहजादपुर के साथ लगते राष्ट्रीय राजमार्ग 344 पर पहुंचे तो अचानक गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। इस कारण वाहन में सवार सभी लोग घायल हो गए। इन सभी घायलों को सीएचसी शहजादपुर लाया गया। यहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को पंचकूला स्थित अस्पताल में रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि वाहन में 2 बच्चों, 3 महिलाओं व चालक सहित दस लोग सवार थे। यह भी बताया जा रहा है कि हादसा गाड़ी में किसी तकनीकी खराबी के आने के कारण हुआ है। सूचना मिलते ही शहजादपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी थी।