गर्भवती से महंत बोला- लो ये दवा खा लेना, शर्तिया लड़का ही होगा, और फिर ऐसे फंस गया जाल में

बच्चा पैदा होने व शर्तिया बेटा होने की दवा देने वाले महंत सुरेंद्र गिरी को अंबाला-कुरुक्षेत्र स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने रंगे हाथ धर दबोचा।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sun, 07 Apr 2019 08:15 PM (IST) Updated:Mon, 08 Apr 2019 08:46 AM (IST)
गर्भवती से महंत बोला- लो ये दवा खा लेना, शर्तिया लड़का ही होगा, और फिर ऐसे फंस गया जाल में
गर्भवती से महंत बोला- लो ये दवा खा लेना, शर्तिया लड़का ही होगा, और फिर ऐसे फंस गया जाल में

जेएनएन, अंबाला/कुरुक्षेत्र। बच्चा पैदा होने व शर्तिया बेटा होने की दवा देने वाले महंत सुरेंद्र गिरी को अंबाला-कुरुक्षेत्र स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने रंगे हाथ धर दबोचा। रविवार सुबह 10 बजे से शाम सवा पांच बजे तक कार्रवाई चली। आरोपित अन्य रोगों का इलाज करने का भी दावा करता था। इसके एवज में 1500 से तीन हजार रुपये तक वसूले जाते थे। कुरुक्षेत्र के लाडवा से आई गर्भवती ने स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर महंत की पोल खोल दी। पुलिस ने केस दर्ज कर महंत को गिरफ्तार कर लिया है। उससे 1900 रुपये बरामद किए हैं।

कुरुक्षेत्र के लाडवा निवासी महिला ने विभाग की टीम को बताया कि अंबाला के गांव फतेहगढ़ में एक बाबा शर्तिया बेटे होने की दवा देता है। जिसके गर्भ में बच्चा नहीं ठहरता उसे भी गर्भ धारण करने की दवा भी बाबा देते हैं। सूचना पर कुरुक्षेत्र स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अंबाला के सीएमओ डॉ. संतलाल वर्मा से संपर्क किया। रविवार सुबह 10 बजे कुरुक्षेत्र की टीम अंबाला शहर कालका चौक पहुंची।

कुरुक्षेत्र की टीम ने अंबाला स्वास्थ्य विभाग की टीम को नारायणगढ़ रोड पर चलने के लिए कहा। जटवाड़ से आगे कुरुक्षेत्र की टीम ने अंबाला स्वास्थ्य विभाग को बताया कि उन्हें फतेहगढ़ जाना है। फतेहगढ़ बस अड्डे तक स्वास्थ्य विभाग की टीम विभागीय गाडिय़ों में गई, जबकि इससे आगे का सफर पैदल तय किया।

ऐसे उठा बाबा के काले कारनामों से पर्दा

स्वास्थ्य विभाग की टीम जब महंत सुरेंद्र गिरी के पास पहुंची तो उनके घर में करीब 10-12 लोग पहले ही इसी काम के लिए बैठे थे। 35 मिनट के इंतजार के  बाद कुरुक्षेत्र की महिला का नंबर आया। बाबा ने महिला को बताया कि अभी गर्भ में लड़की पल रही है। महिला ने कहा कि उसे बेटा चाहिए। इस पर बाबा ने अपने डिब्बे से कुछ दवाएं निकाली। महिला से 1900 रुपये लेकर बाबा ने कहा कि इसे खाली पेट सुबह तीन दिन गाय के दूध के साथ लेगी तो बेटा हो जाएगा। पैसे देते ही महिला ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को इशारा किया। टीम ने महंत को गिरफ्तार कर उन सभी नोटों को बरामद कर लिया।

कुरुक्षेत्र टीम ने दी थी सूचना

पीएनडीटी अंबाला के नोडल अधिकारी डॉ. विपिन भंडारी का कहना है कि हमें कुरुक्षेत्र की टीम ने सूचना दी थी कि अंबाला के गांव में बेटा पैदा होने की दवा दी जा रही हैं। हम फतेहगढ़ पहुंचे तो वहां पर सुरेंद्र गिरी लोगों को दवा दे रहा था। हमने बाबा को रंगे हाथ पकड़ा है।

आरोपित के खिलाफ केस दर्ज

उप सिविल सर्जन डॉ. आरके सहाय का कहना है कि महंत शर्तिया गर्भ ठहरने जैसी दवा भी बिना किसी प्रमाणिकता के बेच रहा था। महंत सुरेंद्र गिरी को पुलिस के हवाले किया गया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें 

chat bot
आपका साथी