कारगिल के घायलों आजतक नहीं मिला मुआवजा

हरीश कोचर, अंबाला वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में दुश्मन देश की गोलियों से घायल हुए जवानो

By JagranEdited By: Publish:Tue, 22 May 2018 09:03 PM (IST) Updated:Tue, 22 May 2018 09:03 PM (IST)
कारगिल के घायलों आजतक नहीं मिला मुआवजा
कारगिल के घायलों आजतक नहीं मिला मुआवजा

हरीश कोचर, अंबाला

वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में दुश्मन देश की गोलियों से घायल हुए जवानों को आज तक उनका मुआवजा नहीं मिला है। मृतक जवानों के परिजनों और घायलों को केंद्र व राज्य सरकार से मुआवजा राशि जारी करने का प्रावधान है, ¨कतु इन घायलों को कागजों में राशि दे दी गई है लेकिन मिला एक रुपया भी नहीं। इस संबंध में अंबाला छावनी डिफेंस कॉलोनी व स्थाई पता गांव गुंजासरी पोस्ट डुंगराना जिला हनुमानगढ़ राजस्थान निवासी रूप राम ने जनसूचना अधिकारी सैनिक कल्याण विभाग नई दिल्ली में आरटीआइ लगाई तो जवाब आया कि कारगिल घायलों के लिए केंद्र व संबंधित राज्य सरकारों की ओर से कारगिल पैकेज जारी किए गए थे।

सिक्किम से कारगिल व अंबाला का सफर

रूप राम वर्ष 1996 में सेना में भर्ती हुए थे। वर्ष 1999 में वह अपनी यूनिट के साथ सिक्किम में तैनात थे। इसी दौरान कारगिल युद्ध शुरू हो गया। 20 जून 1999 को उनकी यूनिट कई दिन का सफर करने के बाद जम्मू एंड कश्मीर में पहुंची और कारगिल युद्ध में हिस्सा लिया। लड़ाई के दौरान पाकिस्तान की ओर से फेंका गया एक बम उनके बिलकुल पास आकर फटा जिससे वह और अन्य कई जवान घायल हुए। उन्हें पहले जम्मू आर्मी अस्पताल और बाद में चंडीगढ़ कमांड अस्पताल में भेजा गया था। 2013 में अंबाला से रूप राम रिटायर हुए। उन्हें सेना की ओर से कारगिल के लिए ऑप्रेशन (ओपी) रक्षक, ओपी विजय कारगिल युद्ध, ओपी पराक्रम व ओपी रेणू मेडल से सम्मानित किया गया।

आरटीआइ में मांगी गई यह जानकारी

रूप राम ने बीती 2 मार्च को आरटीआइ लगाई। इसमें पूछा कि कारगिल में शहीद व घायल सैनिकों को क्या-क्या सहायता मिली। जवानों को केंद्र या संबंधित राज्य सरकारों की ओर से क्या सहायता राशि दी गई। कारगिल में कुल कितने जवान शहीद हुए और कितने घायल हुए थे। इसके साथ ही किस-किस जवान को कितनी सहायता राशि दी गई, विवरण सहित जानकारी मांगी गई थी।

आरटीआइ में यह मिला जवाब

शिकायतकर्ता का स्थाई पता राजस्थान का होने के कारण उनकी आरटीआइ हनुमानगढ़ जिला सैनिक बोर्ड में भेज दी गई। अब राजस्थान राज्य सैनिक बोर्ड ने जवाब दिया कि कारगिल ओपी विजय में घायल व शहीद सैनिकों को देय सुविधाओं के लिए राजस्थान सरकार द्वारा कारगिल पैकेज दिया जा रहा है। यह पैकेज मुख्यमंत्री कोष से जारी किया जाता है। कारगिल में कुल 589 जवान शहीद हुए थे और 27 जवान घायल हुए थे, लेकिन उन्हें कितनी सहायता राशि दी गई यह जानकारी नहीं दी जा सकती है। कारगिल में अंबाला छावनी निवासी रोशन लाल, कैथल से श्रवण कुमार, विजय संधू, पानीपत से लक्ष्मण दास भी घायल हुए थे जिन्हें कोई सहायता राशि नहीं मिली।

मुझे नहीं मिली कोई राशि

मैं कारगिल युद्ध में घायल हुआ था और करीब 50 दिन अस्पताल में भर्ती रहा था। सरकार ने कारगिल पैकेज जारी किए थे लेकिन मुझे या मेरे किसी साथी को इसके बारे में बताया तक नहीं गया। न ही मुझे कारगिल घायल पैकेज से एक रुपये की भी सहायता राशि मिली है।

रूप राम, कारगिल घायल।

chat bot
आपका साथी