होटल में टिके थे लड़के-लड़कियां, अचानक मच गया हंगामा

अंबाला के लालकुर्ती में होटल में अचानक पहुंचे लोगों ने हंगामा मचा दिया। लोगों का आरोप है कि होटल में लड़के-लड़कियां आते हैं और गलत काम करते हैं।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sun, 28 Aug 2016 02:07 PM (IST) Updated:Sun, 28 Aug 2016 03:49 PM (IST)
होटल में टिके थे लड़के-लड़कियां, अचानक मच गया हंगामा

जेएनएन, अंबाला। लालकुर्ती के निकट स्थित होटल में रविवार को अचानक हंगामा मच गया। हंगामे के कारण आसपास जा रहे लोग एकत्र हो गए। लोगों को पहले तो पता नहीं चला कि अचानक हंगामा क्यों हुआ, लेकिन कुछ ही देर में माजरा साफ हो गया। दरअसल, होटल में कुछ लड़के-लड़कियां रुके थे। इससे लालकुर्ती वासियों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने लड़के व लड़कियों की जमकर धुनाई की। पकड़े गए लड़के-लड़कियों ने हाथ जोड़कर माफी मांगी। पुलिस जांच में जुट गई है। पकड़े गए लड़के-लड़कियों के घरवालों को पुलिस बुलाएगी। इससे पूर्व कालोनी के लोग गत रात्रि से ही थाने के बाहर धरने पर बैठे थे।

लोगों का आरोप है कि आठवीं कक्षा की छोटी-छोटी छात्राएं इस होटल में आती हैैं। इन छात्राओं से देह व्यापार कराया जाता है। लोगों ने वीडियो दिखाते हुए होटल में उन लड़कियों की तस्वीरें दिखाई जो कि आठवीं कक्षा की थी। उनके कंधों पर स्कूल के बस्ते भी साफ दिखाई दे रहे थे। गुस्साए लोगों ने कहा कि यह होटल तो ऐसे चल रहा है जैसे पॉर्न इंस्टीट्यूट चल रहा हो। लोगों ने कहा कि हर पुलिस वालों की मंथली बंधा है।

लाल कुर्ती स्थित होटल सन्नी में अनैतिक कार्य होने का आरोप लगाते हुए गत रात्रि लोग थाने के बाहर एकत्र हो गए थे। लोगों ने दरियां बिछाकर धरना शुरू कर दिया। इनमें महिलाएं भी शामिल थी। महिलाओं को थाने के बाहर बैठे देखकर पूरी कालोनी चौकी के बाहर एकत्रित हो गई। ब्राह्मण समाज से सुरिंद्र राजू भी मौके पर पहुंचे और थाने के बाहर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। गुस्साए लोगों ने चौकी का ताला लगा दिया।
लोगों ने कहा कि जब तक होटल सन्नी के मालिक को गिरफ्तार नहीं किया जाता और होटल को सील नहीं किया जाता तब तक वह चौकी से नहीं जाएंगे। थाना प्रभारी गुरदयाल भी मौके पर पहुंचे। गुरदयाल के सामने लोगों ने एसआइ धर्मपाल पर 10 हजार रुपये रिश्वत लेकर होटल मालिक के खिलाफ केस दर्ज नहीं करने के आरोप लगाए। साथ ही एसआइ धर्मपाल पर भी केस दर्ज करने की मांग की।

लोगों का कहना था कि तीन दिन से शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। इसी कारण सारी कालोनी को आज उसके साथ आना पड़ा। जब मामला चौकी पुलिस की पहुंच से बाहर हो गया था तो एसएचओ सदर थाना इंस्पेक्टर अजीत मौके पर पहुंचे। एसएचओ ने आक्रोश में जनता को अंदर करने की बात कही। इससे लोग भड़क गए और नौबत हाथापाई तक आ गई।

लोगों ने कहा कि 500 लोगों को गिरफ्तार कर सकते हो लेकिन होटल मालिक को गिरफ्तार नहीं कर सकते। लोगों के आक्रोश को देखते हुए एसएचओ अजीत ने वहां से निकलना मुनासिब समझा। एसएचओ अजीत के जाते ही बलदेव नगर थाना प्रभारी विजय मौके पर पहुंचे। गुस्साई जनता ने कहा कि यदि पुलिस कुछ नहीं कर सकती तो चूडिय़ां पहनकर बैठ जाए।

होटल के बाहर पहुंची पुलिस लोगों को शांत करती हुई।


अश्लील वीडियो दिखाई दी, फोटो दिखा दी अब क्या चाहते हो हमसे एसएचओ साहब

लोगों ने कहा कि वह लाल कुर्ती थाना पुलिस को अश्लील वीडियो दिखा चुके हैं। इतना ही नहीं डीजीपी को 25 अलग-अलग अश्लील वीडियो भेज चुके हैं। शिकायत दे चुके हैं और क्या चाहते हो हमसे। क्यों नहीं केस दर्ज कर रहे हैं। क्या आपकी मां-बहनें यहां होती तो क्या तब भी केस दर्ज करने में इतनी देरी करते आप। लोगों ने कहा कि एसएचओ पड़ाव 323, 506 के तहत केस दर्ज करने की बात कर रही हैं, क्या यह 323, 506 का केस है?

एसएचओ बोले, मैैंने नहीं ली रिश्वत

वहीं, एसएचओ बोले में चुल्लू भर पानी लेकर कसम खाता हूं मैंने पांच पैसे भी नहीं लिए। एसआइ धर्मपाल पर लोग आरोप लगा रहे थे तो एसएचओ पड़ाव गुरदयाल बोले मैंने धर्मपाल को केस दर्ज करने की बात कही थी। जनता बोली तो अब तक क्यों

नहीं की। लोगों ने कहा कि धर्मपाल ने 10 हजार रुपये रिश्वत ली है और अन्य पुलिस वालों ने भी। इस पर गुरदयाल ने तीन बातें बताते हुए कहा कि यदि वह गलत हैं तो वह चुल्लू भर पानी लेकर कसम खाते हैं उन्होंने कभी किसी से पांच पैसे भी रिश्वत के नहीं लिए।


इसलिए भड़के लोग

दरअसल लाल कुर्ती में रिहायशी इलाके के बीच होटल सन्नी चल रहा है। यहां लंबे समय से अनैतिक कार्य चल रहे हैं। इसी होटल के साथ एक विधवा महिला का घर है। इस घर की छत पर रोजाना गर्भनिरोधक वस्तुएं, एचआइवी से बचाव के लिए इस्तेमाल होने वाले सुरक्षा उपकरण मिल रहे थे। विधवा महिला मंजू ने कहा कि वह हर समय डर के साये में जी रही है। छोटी-छोटी बच्चियों को इस तरह होटल में देखकर रुह कांप जाती है। तीन दिन पहले चौकी में सारी बात लिखित रूप से दी गई, लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया।

होटल से बाहर आई एक युवती की पिटाई करती महिला।

एसीपी के पहुंचने के बाद होटल मालिक गिरफ्तार

जब स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई तो रात को करीब सवा 10 बजे एसीपी सुरेश सुरेश कौशिक मौके पर पहुंचे। उन्होंने होटल मालिक अशोक को गिरफ्तार करने के आदेश दिए। पुलिस ने होटल मालिक को गिरफ्तार किया। इसके बाद लोगों का आक्रोश शांत हुआ।

पढ़ें : फेसबुक पर अपनी अश्लील फोटो देख युवती को लगा धक्का और फिर...

chat bot
आपका साथी