गुजरात में तेंदुए के हमले में बालक की मौत, बालिका जख्मी
Leopard attack. गुजरात में तेंदुए के हमले में एक बालक की मौत हो गई, जबकि एक बालिका जख्मी हो गई।
अहमदाबाद, जेएनएन। गुजरत में रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं में आदमखोर तेंदुए ने एक बालक का शिकार किया, जबकि एक बालिका को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने आदमखोर तेंदुए को पकड़ने के लिए सर्च आपरेशन शुरू किया है।
जानकारी के मुताबिक, यह दोनों घटनाएं सौराष्ट्र के पावीजेतपुर तहसील के वावडी तथा बांडी गांव की है। रविवार शाम बांडी गांव में रहते अमलेशभाई राठवा की सात वर्षीय पुत्र मीतल घर के बाहर खेल रही थी, तभी घात लगाए बैठा आदमखोर तेंदुआ आ पहुंचा। उसने बच्ची को अपने जबड़े में पकड़ लिया। इसी दौरान गांव के एक बुजुर्ग ने उसे देख लिया। उसने शोर मचाया। जिससे आसपास के लोग पहुंच गए। लोगों को देख तेंदुआ बच्ची को छोड़ कर वावडी गांव की ओर भाग गया। इसके बाद वह वावड़ी के एक खेत में घुस गया, जहां एक महिला अपने ढ़ाई साल के बच्चे को लेकर खेत में काम कर रही थी।
बताया जा रहा है कि आदमखोर तेंदुए ने यहां भी ढाई साल के बच्चे किरण चीमन भाई राठवा को जबड़े में पकड़ कर जंगल की ओर भाग गया। वन विभाग ने बताया कि काफी खोजबीन के बाद बालक पास के एक खेत में छिन्न-भिन्न अवस्था में पाया गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वन विभाग ने बताया कि पावीजेतपर तहसील में आए दिन तेंदुए के लोगों पर हमला करने की घटनाएं हो रही हैं। आदमखोर तेंदुए को पकड़ने के लिए पिछले कई दिनों से यहां पिंजरे लगा कर सर्च किया जा रहा है। हालांकि अभी तक तेंदुओं को पकड़ा नहीं जा सका है, जिससे पावीजेतपुर सहित आसपास के इलाकों में दशहत का माहौल है।