फीफा विश्व कप 2018: जाका और शेरडन के गोल से स्विट्जरलैंड की जीत, सर्बिया को 2-1 से हराया

स्विट्जरलैंड ने सर्बिया को 2-1 से हराया।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Fri, 22 Jun 2018 09:57 PM (IST) Updated:Sat, 23 Jun 2018 10:48 AM (IST)
फीफा विश्व कप 2018: जाका और शेरडन के गोल से स्विट्जरलैंड की जीत, सर्बिया को 2-1 से हराया
फीफा विश्व कप 2018: जाका और शेरडन के गोल से स्विट्जरलैंड की जीत, सर्बिया को 2-1 से हराया

नई दिल्ली, जेएनएन। फीफा विश्व कप के ग्रुप-ई में सर्बिया और स्विट्जरलैंड के बीच दिलचस्प मुकाबला खेला गया। एलेक्जेंडर मित्रोविक के गोल की बदौलत शुरुआती बढ़त हासिल करने वाली सर्बिया की टीम को ग्रानिट जाका और शेरडन शाकिरी के गोल की बदौलत स्विट्जरलैंड ने 2-1 से हराकर इस टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। इससे पहले सर्बिया ने अपने पहले मुकाबले में कोस्टा रिका को हराया था, जबकि स्विट्जरलैंड ने ब्राजील को बराबरी पर रोका था। 

मित्रोविक ने खोला खाता : कोस्टा रिका के खिलाफ पहले हाफ में गोलरहित रहने वाली सर्बिया की टीम ने स्विट्जरलैंड के खिलाफ खेल के पाचवें मिनट में ही खाता खोल दिया। टाडिक के क्रॉस पर एलेक्जेंडर मित्रोविक ने हेडर के जरिये गेंद को नेट्स में पहुंचाया और सर्बियाई समर्थकों को झूमने का मौका दे दिया। टाडिक का क्रॉस सटीक था जिस पर मित्रोविक ने स्विस गोलकीपर सोमेर की दायीं ओर से नेट्स में पहुंचाया।

पहले हाफ में तीन यलो कार्ड : पहले हाफ में गेंद पर ज्यादा समय तक स्विट्जरलैंड ने ही कब्जा बनाए रखा, लेकिन इस दौरान ज्यादा मौके सर्बिया ने बनाए। पहले हाफ में उसने एक गोल करने के अलावा कम से कम गोल करने के तीन मौके बनाए। हालांकि, पहले हाफ में सर्बिया ने काफी आक्रामक खेल दिखाया जिसका नतीजा यह रहा कि उसके तीन खिलाडिय़ों को यलो कार्ड दिखाए गए। साविक, मिलिवोजेविक और माटिक को रेफरी ने यलो कार्ड दिखाया। इतना ही नहीं, सर्बिया की ओर से इकलौता गोल दागने वाले मित्रोविक को भी खेल के आखिरी लम्हों में रेफरी ने यलो कार्ड दिखाया। 

जाका ने दिलाई बराबरी : पहले हाफ में एक गोल से पिछडऩे के बाद स्विट्जरलैंड ने दूसरे हाफ में अपनी रफ्तार को बढ़ाया। खेल के 52वें मिनट में आर्सेनल के लिए खेलने वाले जाका का एक दनदनाता किक गोल पोस्ट में समा गया जिसकी बदौलत स्विट्जरलैंड ने बराबरी हासिल कर ली। 25 गज की दूरी से लगाया गया उनका किक ना तो सर्बिया के डिफेंडरों को समझ आया और ही गोलकीपर को कुछ पता चल पाया। इसके बाद 56वें मिनट में  स्विट्जरलैंड के शाकिरी का एक शॉट सर्बिया के गोलकीपर को चकमा देकर गोल पोस्ट से टकराकर वापस आ गया। 

शाकिरी का विजयी गोल : मुकाबला जब ड्रॉ की ओर बढ़ रहा था तभी शाकिरी के चमत्कारिक गोल ने स्विट्जरलैंड को 2-1 की बढ़त पर ला दिया। सर्बिया के डिफेंडर काफी आगे बढ़ गए थे जिसका फायदा उठाकर मारियो ने शाकिरी को पास दिया और उन्होंने बस एक डिफेंडर और गोलकीपर को चकमा देकर स्विट्जरलैंड को निर्णायक बढ़त पर पहुंचा दिया।

नंबर गेम-

-15 गोल पिछले 18 मुकाबलों में मित्रोविक ने किए हैं। 2018 फीफा विश्व कप में उन्होंने चार प्रयास किए थे लेकिन सफल नहीं हो सके थे। 

-01 बार अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्बिया और स्विट्जरलैंड की टीमें आमने-सामने हुईं। इससे पहले सर्बिया जब यूगोस्वाविया का हिस्सा था तब उसने स्विट्जरलैंड के खिलाफ 13 मुकाबले खेले थे। 

फीफा विश्व कप की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

खेल की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी