फीफा विश्व कप 2018: नाइजीरिया की जीत से बढ़ी अर्जेंटीना की उम्मीद, आइसलैंड को 2-0 से हराया

नाइजीरिया ने आइसलैंड को 2-0 से हरा दिया।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Fri, 22 Jun 2018 09:55 PM (IST) Updated:Sat, 23 Jun 2018 10:48 AM (IST)
फीफा विश्व कप 2018: नाइजीरिया की जीत से बढ़ी अर्जेंटीना की उम्मीद, आइसलैंड को 2-0 से हराया
फीफा विश्व कप 2018: नाइजीरिया की जीत से बढ़ी अर्जेंटीना की उम्मीद, आइसलैंड को 2-0 से हराया

नई दिल्ली, जेएनएन। फीफा विश्व कप 2018 के ग्रुप-डी का रोमांच गहराता जा रहा है। शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में नाइजीरिया ने आइसलैंड को 2-0 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। इस जीत से जहां नाइजीरिया को तीन अहम अंक हासिल हुए तो वहीं ग्रुप में अपनी पहली जीत तलाश कर रही अर्जेंटीना की टीम के नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदें थोड़ी बढ़ गई हैं। नाइजीरिया की इस जीत में उसके स्टार स्ट्राइकर मूसा की अहम भूमिका रही, जिन्होंने दूसरे हाफ में दो गोल करके अपनी टीम को शानदार जीत दिलाई।

पहले हाफ में आइसलैंड हावी : अर्जेंटीना के खिलाफ ड्रॉ खेलने वाली आइसलैंड की टीम ने नाइजीरिया के खिलाफ तेज शुरुआत की। तीसरे ही मिनट में उसे गोल करने का अच्छा मौका मिला, लेकिन 25 गज की दूरी से गेफली की फ्री किक को नाइजीरिया के गोलकीपर उजोहो ने विफल कर दिया। तीन मिनट बाद ही एक बार फिर गेफली ने गोल की तरफ निशाना साधा लेकिन उजोहो ने उनकी कोशिश को फिर नाकाम कर दिया। इसके बाद लगातार नाइजीरिया ने गेंद पर कब्जा तो बनाए रखा लेकिन मौके बनाने में आइसलैंड की टीम आगे रही। 36वें मिनट में आइसलैंड के स्ट्राइकर बोडवार्सन और बजारनासोन ने बढिय़ा तालमेल के साथ गोल करने का मौका बनाया, लेकिन गेंद को वे अंजाम तक नहीं पहुंचा पाए। हाफ टाइम से ठीक पहले नाइजीरिया के इडोवी का बोडवार्सन को गिराना महंगा पड़ा और रेफरी ने उन्हें यलो कार्ड दिखाया। हाफ टाइम तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। 

दूसरा हाफ मूसा के नाम : दूसरे हाफ में नाइजीरिया के खिलाडिय़ों में अलग जोश नजर आया। बदलाव के तौर पर खेल रहे मूसा ने वह कमाल कर दिखाया जिसका इंतजार उसके समर्थक पिछले 49 मिनट से कर रहे थे। मोसेस से मिले क्रॉस को मूसा ने आइसलैंड की डी के अंदर बेहद संतुलित तरीके से संभालकर आइसलैंड के गोलकीपर हालडोर्सन को छकाते हुए गेंद को नेट्स में पहुंचाया और अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद भी मूसा ने अपने दमदार खेल से समर्थकों का दिल जीता।  74वें मिनट में पहले मूसा का शॉट गोल पोस्ट से टकराकर वापस आ गया लेकिन अगले ही मिनट में मूसा ने तीन डिफेंडरों और गोलकीपर को छकाते हुए गोल कर दिया और अपनी टीम को 2-0 से बढ़त दिलाई।

पेनाल्टी की चूक : 80वें मिनट में आइसलैंड के फिनबोगासन को अपने डी में नाइजीरिया के इडुही ने गिराया, जिसके बाद रेफरी ने वीएआर की मदद से आइसलैंड को पेनाल्टी का तोहफा दिया। इस पेनाल्टी को लेने के लिए गेफली को बुलाया गया लेकिन वह गेंद को गोल पोस्ट के ऊपर से मार बैठे। इस चूक से आइसलैंड के लिए वापसी का मौका हाथ निकल गया। 

नंबर गेम-

- 02 मुकाबले अब तक दोनों टीमों के बीच हुए हैं जिसमें एक में आइसलैंड विजयी रहा, जबकि एक नाइजीरिया ने जीता।

- 22 अगस्त 1981 को दोनों के बीच पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला गया था जिसमें आइसलैंड ने नाइजीरिया को 3-0 से हराया था। 

- 74 मुकाबले अब तक मूसा नाइजीरिया की ओर से खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 15 गोल दागे। 

फीफा विश्व कप की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

खेल की खबरों के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी