FIFA World Cup qualifiers 2020: छेत्री का डबल गोल, भारत ने बांग्लादेश को 2-0 से रौंदा

भारत ने फीफा विश्व कप 2022 एवं एशियाई कप 2023 के संयुक्त क्वालीफायर मुकाबले में सोमवार को बांग्लादेश को 2-0 से हराकर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की। इस जीत से भारतीय टीम के एशियाई क्वालीफायर के तीसरे दौर में सीधे क्वालीफाई करने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

By Viplove KumarEdited By: Publish:Mon, 07 Jun 2021 11:00 PM (IST) Updated:Mon, 07 Jun 2021 11:00 PM (IST)
FIFA World Cup qualifiers 2020: छेत्री का डबल गोल, भारत ने बांग्लादेश को 2-0 से रौंदा
बांग्लादेश के खिलाफ मैच के दौरान सुनील छेत्री- फोटो फेसबुक पेज

दुबई, पीटीआइ। भारतीय टीम ने कतर से मिला हार से उबरते हुए जीत का स्वाद चखा है। स्टार स्ट्राइकर सुनील छेत्री के शानदार खेल के दम पर भारत ने फीफा विश्व कप 2022 एवं एशियाई कप 2023 के संयुक्त क्वालीफायर मुकाबले में सोमवार को बांग्लादेश को 2-0 से हराकर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की। इस जीत से भारतीय टीम के एशियाई क्वालीफायर के तीसरे दौर में सीधे क्वालीफाई करने की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

भारत को 20 साल बाद घर से बाहर इस टूर्नामेंट में पहली जीत मिली है। इसके अलावा भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में छह साल में पहली जीत दर्ज की है। लंबे समय से जीत का स्वाद चखने का इंतजार कर रही भारतीय टीम का इस मैच में शुरू से दबदबा दिखा। टीम ने शुरुआत में गोल करने के कुछ मौके गंवाए लेकिन, 79वें मिनट में छेत्री के हेडर से उसका खाता खुला। भारतीय कप्तान ने आखिरी क्षणों (90+2 मिनट) में सुरेश सिंह की मदद से एक और गोलकर टीम की 2-0 से जीत सुनिश्चित कर दी।

इन दो गोल से छेत्री के अंतरराष्ट्रीय गोलों की संख्या 74 तक पहुंच गई और उन्होंने देश के लिए सर्वाधिक गोल करने के मामले में अर्जेटीना के कप्तान लियोन मेसी (72 गोल) को पीछे छोड़ दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम के छह मैच में सात अंक हो गए हैं और वह ग्रुप तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया। टीम के खाते में इस जीत के अलावा तीन हार और तीन ड्रॉ शामिल हैं। भारत को अब 15 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ अपना आखिरी लीग मैच खेलना है।

भारतीय टीम फीफा विश्व कप 2022 की दौड़ से बाहर हो चुकी है लेकिन, टीम 2023 में चीन में खेले जाने वाले एशियाई कप में जगह पक्की करने की दौड़ में बनी हुई है। ग्रुप तालिका में शीर्ष तीन स्थानों पर रहने वाली टीमें सीधे तौर पर एशियाई कप क्वालीफायर के तीसरे दौर लिए क्वालीफाई करेगी।

chat bot
आपका साथी