Sunflower 2 Review: मर्डर इनवेस्टिगेशन ने संभाला सनफ्लॉवर का दूसरा सीजन, पढ़िए कहां रह गई कसर?

Sunflower का दूसरा सीजन जी5 पर रिलीज हो गया है। इसमें आठ एपिसोड्स हैं। सुनील ग्रोवर के साथ अदा शर्मा इस बार लीड रोल में हैं। सुनील का किरदार एक कॉस्मेटिक कम्पनी में सेल्समेन के पद पर है और उसे ओसीडी है। वहीं अदा शर्मा बार डांसर है जिसका राज कपूर के कत्ल से गहरा संबंध है। दूसरा सीजन इनवेस्टिगेशन की लाइन पर ज्यादा है।

By Manoj Vashisth Edited By: Manoj Vashisth Publish:Sat, 02 Mar 2024 12:49 AM (IST) Updated:Sat, 02 Mar 2024 12:49 AM (IST)
Sunflower 2 Review: मर्डर इनवेस्टिगेशन ने संभाला सनफ्लॉवर का दूसरा सीजन, पढ़िए कहां रह गई कसर?
सनफ्लॉवर 2 जी5 पर रिलीज हो गई है। फोटो- इंस्टाग्राम

मूवी रिव्यू

नाम: सनफ्लॉवर सीजन 2 (Sunflower Season 2)

  • रेटिंग : 2.5 out of 5 Star
  • कलाकार : सुनील ग्रोवर, अदा शर्मा, रणवीर शौरी, गिरीश कुलकर्णी, आशीष विद्यार्थी, शोनाली नागरानी
  • निर्देशक : नवीन गुजराल
  • निर्माता : विकास बहल
  • लेखक : विकास बहल
  • रिलीज डेट : Mar 01, 2024
  • प्लेटफॉर्म : Zee5
  • भाषा : हिंदी
  • बजट : NA

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। सनफ्लॉवर वेब सीरीज का दूसरा सीजन 2 (Sunflower Season 2) साल के इंतजार के बाद जी5 पर एक मार्च को रिलीज हो गया। विकास बहल क्रिएटेड सनफ्लॉवर डार्क कॉमेडी में लिपटी मर्डर मिस्ट्री है। सुनील ग्रोवर (Sunil Grover) के साथ कई अच्छे अभिनेता इस शो की मुख्य स्टार कास्ट में शामिल हैं। 

सनफ्लॉवर ऐसी सीरीज नहीं है, जिसका बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। पहले सीजन को लेकर उत्सुकता की वजह सुनील ग्रोवर ही थे, जो तांडव में संजीदा रोल निभाने के बाद इस सीरीज के जरिए ओटीटी पर लौट रहे थे।

हालांकि, मर्डर मिस्ट्री सीरीज में कॉमेडी की छौंक के साथ सुनील ने अपनी तरफ से रंग जमाने की कोशिश की थी, मगर कहानी के बिखराव और किरदारों का अतिरंजना ने समग्र प्रभाव को कम कर दिया था।

दूसरा सीजन पहले के मुकाबले बहुत मजबूत तो नहीं है, मगर मर्डर मिस्ट्री के प्लॉट को प्रमुखता मिलने से कम बोर करता है। इस बार कुछ ट्विस्ट्स हैं और किरदारों के चेहरों के मुखौटे उतरते हैं। सुनील की छवि एक कॉमेडियन की रही है। इस सीरीज में भी वो अपने उसी अंदाज में नजर आते हैं, मगर सस्पेंस की छौंक के साथ। 

सोनू की ओसीडी कॉमेडी के बीच कत्ल की जांच 

दूसरे सीजन की शुरुआत वहीं से होती है, जहां पहला खत्म हुआ था। सोनू (सुनील ग्रोवर) सनफ्लॉवर सोसाइटी में रहने वाले राज कपूर (अश्विन कौशल) के कत्ल के केस में संदिग्ध है। पिछले सीजन में उसे किडनैप कर लिया गया था, इस सीजन में वो किडनैपर्स से बचकर सनफ्लॉवर में पहुंचता है और पुलिस उसे पूछताछ के लिए साथ ले जाती है।

यह भी पढ़ें: Upcoming Web Series In March- कपिल शर्मा की वापसी, OTT पर राज करने लौट रही 'महारानी' और इमरान हाशमी का 'शोटाइम'

राज कपूर के पड़ोसी हिंदी का प्रोफेसर आहूजा (मुकुल चड्ढा) भी शक के दायरे में है। उसकी पत्नी मिसेज आहूजा (राधा भट्ट) शराफत का चोला उतार चुकी है और इस बार वो अलग रंग में है। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर दिगेंद्र (रणवीर शौरी) के साथ उसका अफेयर शुरू हो गया है।

राज कपूर की हत्या के लिए सोनू और आहूजा के अलावा कपूर की करीबी बार डांसर रोजी मेहता (अदा शर्मा) और बीवी नैना कपूर (शोनाली नागरानी) शक के दायरे में हैं। राज कपूर अपनी पत्नी को सबक सिखाने के लिए अपना फ्लैट बार डांसर के नाम कर चुका होता है। उसके मरने के बाद वो वहीं आकर रहने लगती है।

किरदारों के उतरे मुखौटे

विकास बहल क्रिएटेड और नवीन गुजराल निर्देशित सनफ्लॉवर 2 अपने जॉनर को जस्टिफाई करते हुए कत्ल की जांच के बीच हंसाने की भरपूर कोशिश करती है, मगर कुछ दृश्यों को छोड़कर ज्यादातर मौकों पर असफल रहती है। कहीं-कहीं ऐसा लगता है कि सुविधा के हिसाब से कहानी को मनमाना मोड़ देने के लिए किरदारों का इस्तेमाल किया गया है। 

मर्डर इनवेस्टिगेशन दूसरे सीजन का रेस्क्यू प्वाइंट है। जिस तरह से दिगेंद्र और चेतन ताम्बे एक-एक सुराग के सहारे आगे बढ़ते हैं, वो कहानी को दिलचस्प बनाता है। बार डांसर रोजी का किरदार इनवेस्टिगेशन ट्रैक के लिए अहम है और मर्डर मिस्ट्री को अंजाम तक पहुंचाने में इस किरदार की भूमिका अहम है। 

सनफ्लॉवर के लगभग सभी किरदार दोषयुक्त हैं। सबके अपने-अपने मोटिव और रहस्य हैं और राज कपूर को पसंद ना करने की वजह उनके पास है, जिससे वो संदेह के घेरे में आ जाते हैं। ऑब्सेसिव कम्पलसिव डिसऑर्डर यानी ओसीडी का शिकार झूठ नहीं बोलता। कैमिकल का अच्छा जानकार है और हमेशा गलत जगह पर मौजूद रहता है।

इस वजह से वो हमेशा पुलिस की निगाह में है, लेकिन उसके खिलाफ कुछ मिलता नहीं। सीरीज का सस्पेंस इन किरदारों के कैरेक्टर ग्राफ से भी बनता है। अलबत्ता, सोनू की ऑफिस लाइफ के दृश्य सीरीज के मुख्य ट्रैक में कोई खास योगदान नहीं करते। कॉमेडी के लिए उनका इस्तेमाल किया गया है, जो रास नहीं आते।

यह भी पढ़ें: Netflix Web series 2024- हो जाइए रेडी! नेटफ्लिक्स पर आएगी सीरीज की बाढ़, कोटा फैक्ट्री सहित इनके नए सीजंस का एलान

View this post on Instagram

A post shared by ZEE5 (@zee5)

रोजी के किरदार में अदा शर्मा की मौजूदगी प्लॉट को महत्वपूर्ण ट्विस्ट देती है। इंस्पेक्टर दिगेंद्र के रोल में रणवीर शौरी और ताम्बे के किरदार में गिरीश कुलकर्णी की हरकतें और लाइंस कहीं-कहीं हास्य पैदा करती हैं। सीरीज के अन्य सहयोगी कलाकारों में आशीष विद्यार्थी, मुकुल चड्ढा, शोनाली नागरानी, राधा भट्ट और अन्नपूर्णा सोनी अपनी भूमिका लेखन के दायरे में ठीक से निभा जाते हैं। सनफ्लॉवर सीजन 2 में लगभग आधे घंटे के आठ एपिसोड्स हैं। अगर पहला सीजन देखा है तो दूसरा सीजन भी ट्राइ कर सकते हैं।

chat bot
आपका साथी