Chhichhore Box Office Collection 24: सुशांत सिंह राजपूत की छिछोरे का शानदार सफ़र, 150 करोड़ से बस इतनी दूर

Chhichhore Box Office Collection 24 फ़िल्म ने चौथे शुक्रवार को 2.37 करोड़ का कलेक्शन किया जबकि शनिवार और रविवार को इसके आंकड़ों में ज़बर्दस्त उछाल आया।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Mon, 30 Sep 2019 11:39 AM (IST) Updated:Mon, 30 Sep 2019 12:33 PM (IST)
Chhichhore Box Office Collection 24: सुशांत सिंह राजपूत की छिछोरे का शानदार सफ़र, 150 करोड़ से बस इतनी दूर
Chhichhore Box Office Collection 24: सुशांत सिंह राजपूत की छिछोरे का शानदार सफ़र, 150 करोड़ से बस इतनी दूर

नई दिल्ली, जेएनएन। सुशांत सिंह राजपूत की फ़िल्म छिछोरे ने सिनेमाघरों में 24 दिनों का शानदार सफ़र पूरा कर लिया है और अब फ़िल्म 150 करोड़ के पड़ाव से बस कुछ ही दूर है। छिछोरे सुशांत की सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फ़िल्म बन चुकी है। अब तक यह खिताब सुशांत की एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी के नाम था, जिसने बॉक्स ऑफ़िस पर 133.04 करोड़ का कलेक्शन किया था। दिलचस्प बात यह है कि एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी 2016 में आज ही के दिन (30 सितम्बर) को रिलीज़ हुई थी। 

शुक्रवार (27 सितम्बर) को छिछोरे चौथे हफ़्ते में दाख़िल हो गयी। ट्रेड विश्लेषक तरण आदर्श के अनुसार, फ़िल्म ने चौथे शुक्रवार को 2.37 करोड़ का कलेक्शन किया, जबकि शनिवार और रविवार को इसके आंकड़ों में ज़बर्दस्त उछाल आया। शनिवार को छिछोरे ने 4.32 करोड़ और रविवार को 4.38 करोड़ जमा किये थे। इसके साथ छिछोरे का 24 दिनों का कलेक्शन 144.60 करोड़ हो गया है, यानि 150 करोड़ के अहम पड़ाव से फ़िल्म अब महज़ 5.40 करोड़ ही दूर है। छिछोरे की बॉक्स ऑफ़िस रफ़्तार देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि यह आंकड़ा चौथे हफ़्ते में मिल जाएगा। छिछोरे ने पहले हफ़्ते में 68.83 करोड़, दूसरे हफ़्ते में 40.47 करोड़, तीसरे हफ़्ते में 24.23 करोड़ और चौथे वीकेंड में 11.07 करोड़ का कारोबार किया है। 

इस कलेक्शन के साथ छिछोरे ने रणवीर सिंह की गली बॉय के लाइफ़ टाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। अगर इस साल की टॉप 10 फ़िल्मों की बात करें तो छिछोरे नौवें स्थान पर आ गयी है। इस हफ़्ते में छिछोरे रितिक रोशन की सुपर 30 और प्रभास की साहो को पीछे छोड़ सकती है।

10- गली बॉय- 139.38 करोड़

9- छिछोरे- 144.60 करोड़

8- सुपर 30- 146.10 करोड़

7- साहो (हिंदी)- 150 करोड़

6- केसरी- 153 करोड़

5- टोटल धमाल- 154.30 करोड़

4- मिशन मंगल 200.16 करोड़

3- भारत- 209.36 करोड़

2- उरी- 244.06 करोड़

1- कबीर सिंह- 278.24 करोड़

नितेश तिवारी निर्देशित छिछोरे में सुशांत सिंह राजपूत के साथ श्रद्धा कपूर ने फीमेल लीड रोल निभाया है। फ़िल्म इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ने वाली कुछ दोस्तों की कहानी है, जो एक ख़ास मक़सद के लिए कई साल बाद इकट्ठा होते हैं। फ़िल्म में सभी मुख्य कलाकारों ने स्टूडेंट और मिडिल एज किरदार निभाये हैं।

chat bot
आपका साथी