अब अनु मलिक पर गिरी Me Too की गाज, इंडियन आयडल शो से हटे

बॉलीवुड में मी टू की शुरुआत एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता द्वारा नाना पाटेकर पर हॉर्न ओके प्लीज़ के एक गाने की शूटिंग के दौरान यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद हुई थी।

By Manoj VashisthEdited By: Publish:Sun, 21 Oct 2018 05:52 PM (IST) Updated:Mon, 22 Oct 2018 02:12 PM (IST)
अब अनु मलिक पर गिरी Me Too की गाज, इंडियन आयडल शो से हटे
अब अनु मलिक पर गिरी Me Too की गाज, इंडियन आयडल शो से हटे

रूपेशकुमार गुप्ता, मुंबई। बॉलीवुड में चल रहे Me Too अभियान की गाज अब गायक संगीतकार अनु मलिक पर गिरी है। यौन उत्पीड़न के आरोपों से घिरने के बाद अनु मलिक ने इंडियन आयडल सीज़न 10 छोड़ दिया है। अनु इस शो से जज के रूप में जुड़े हुए थे।

गौरतलब है कि अनु मलिक पर 4 महिलाओं ने यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है, जिनमें गायिका श्वेता पंडित और गायिका सोना महापात्रा प्रमुख हैं। इसके अलावा दो अन्य महिलाओं ने भी उन पर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। हालांकि उन्होंने उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है। जिसके बाद अनु मलिक पर लगातार दबाव बन रहा था और शो के मेकर्स विकल्पों पर विचार कर रहे थे। बढ़ते दबाव के बाद उन्होंने जज के पद को छोड़ने का फ़ैसला किया है। इस शो को अनु मलिक के अलावा म्यूज़िक कंपोज़र विशाल ददलानी और गायिका नेहा कक्कड़ जज कर रही हैं। 

बॉलीवुड में मी टू की शुरुआत एक्ट्रेस तनुश्री दत्ता द्वारा नाना पाटेकर पर हॉर्न ओके प्लीज़ के एक गाने की शूटिंग के दौरान यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद हुई थी। हालांकि यह बात लगभग 10 साल पुरानी है, मगर हाल ही में तनुश्री ने एक इंटरव्यू के दौरान अपने आरोपों को दोहराया था। इसके बाद मी टू अभियान सुर्खियों में आ गया और कई महिलाओं ने अपने साथ हुई यौन उत्पीड़न और शोषण की घटनाओं को सोशल मीडिया में शेयर करना शुरू कर दिया। विकास बहल, साजिद ख़ान, नाना पाटेकर सरीख़े फ़िल्म सेलेब्रिटीज़ के अलावा एमजे अकबर और विनोद दुआ जैसे बड़े नाम भी मी टू अभियान की चपेट में आये हैं। 

chat bot
आपका साथी