40 के हुए अभिषेक, इन फिल्मों में आएंगे जल्द ही नजर

अभिषेक बच्चन आज अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। पत्नी ऐश्वर्या राय बच्चन उनके इस जन्मदिन को यादगार बनाने वाली हैं।

By Suchi sinhaEdited By: Publish:Thu, 04 Feb 2016 01:09 PM (IST) Updated:Fri, 05 Feb 2016 10:07 AM (IST)
40 के हुए अभिषेक, इन फिल्मों में आएंगे जल्द ही नजर

नई दिल्ली। बाॅलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन आज अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं। फिल्म 'रिफ्यूजी' से अभिनय की शुरुआत करने वाले अभिषेक, पिछले साल 'आल इज वेल' में अभिनेत्री असिन के साथ नजर आए थे। उनकी इस साल रिलीज होने वाली फिल्में 'हेरा फेरी 3' और 'हाउसफुल 3' हैं, जिसमें अभिषेक दमदार किरदार में दिखाई देंगे।

बच्चन परिवार की चार पीढ़ियां एक, अभिषेक ने शेयर की खूबसूरत तस्वीर

अभिषेक का फिल्मों में शुरुआती सफर अच्छा नहीं रहा है, उनकी लगतार दर्जनभर से ज्यादा फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रहीं। करीना कपूर के साथ आई उनकी पहली फिल्म 'रिफ्यूजी' ने बाॅक्स आॅफिस पर काफी खराब प्रर्दशन किया था। हालांकि दर्शकों को अभिषेक से खासी उम्मीदें थीं, क्योंकि उनके साथ पिता अमिताभ बच्चन का नाम जुड़ा था। उसके बाद 'मैं प्रेम की दीवानी हूं' में वो रितिक रोशन और करीना कपूर के साथ नजर आएं, जिसके लिए अभिषेक को बेस्ट सपोर्टिंग रोल के लिए सम्मानित किया गया। इस फिल्म से अभिषेक के विश्वास में काफी इजाफा हुआ। फिल्म 'धूम' के तीनों सीक्वल में वो नजर आए। इसके अलावा 'बंटी और बबली', 'बोल बच्चन', 'गुरु', 'कभी अलविदा ना कहना', 'दोस्ताना', 'युवा', 'सरकार' 'पा' और 'हैप्पी न्यू ईयर' जैसी फिल्मों में दिखाई दे चुके हैं।

5 फरवरी 1976 को मुंबई में जन्में अभिषेक बच्चन बाॅलीवुड के मेगास्टार अमिताभ और जया बच्चन के बेटे हैं। बचपन में अभिषेक काफी बीमार रहते थे। मुंबई, दिल्ली से लेकर स्विट्जरलैंड के बाद बॉस्टन विश्वविद्यालय से अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सीधा बाॅलीवुड में एंट्री ली।

... तो क्या इस लिए अमिताभ बच्चन को पसंद थीं रेखा!

अभिषेक की जिंदगी का सबसे दिलचस्प पहलू उनका प्यार और शादी है। वैसे तो अभिषेक का नाम कई हीरोइनों के साथ जुड़ा। करिश्मा कपूर के साथ तो उनकी सगाई तक की खबरें सामने आई थीं। लेकिन आखिरकार ऐश्वर्या राय से शादी कर उन्होंने घर बसा लिया। अभिषेक और ऐश्वर्या की एक बेटी आराध्या है।

आपको बता दें कि ऐश्वर्या और अभिषेक शादी से पहले कई फिल्मों में एक साथ नजर आ चुके हैं। मणिरत्नम की फिल्म 'गुरु' दोनों के रिश्ते के लिए काफी लकी साबित हुई। फिल्म ने दोनों को एक-दूसरे के काफी करीब ला दिया था। टॉरोंटो में फिल्म के प्रीमियर के दौरान अभिषेक ने खुद से तीन साल बड़ी ऐश्वर्या से अपने प्यार का इजहार कर शादी का प्रस्ताव रख दिया। ऐश्वर्या ने भी बिना कुछ सोचे उसी वक्त इस प्रस्ताव पर अपनी हामी भर दी। फिर क्या था, 20 अप्रैल 2007 में दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली और और शुमार हो गए बाॅलीवुड की खूबसूरत जोडि़यों की फेहरिस्त में।

खबरे हैं कि ऐश्वर्या पति अभिषेक के जन्मदिन को बेहद खास तरीके से मनाएंगी। अब देखना होगा की अभिषेक का 40वां जन्मदिन कितना यादगार बनता है।

chat bot
आपका साथी