Maharastra Assembly Election 2019: शिवसेना ने आदित्य ठाकरे को उतारा चुनावी मैदान में

शिवसेना ने भी भाजपा से गठबंधन की औपचारिक घोषणा होने से पहले ही अपने कई उम्मीदवारों को पर्चा भरने के लिए जरूरी एबी फॉर्म बांट दिए।

By Sanjeev TiwariEdited By: Publish:Mon, 30 Sep 2019 07:29 AM (IST) Updated:Mon, 30 Sep 2019 07:29 AM (IST)
Maharastra Assembly Election 2019: शिवसेना ने आदित्य ठाकरे को उतारा चुनावी मैदान में
Maharastra Assembly Election 2019: शिवसेना ने आदित्य ठाकरे को उतारा चुनावी मैदान में

राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने 51 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। शिवसेना ने भी भाजपा से गठबंधन की औपचारिक घोषणा होने से पहले ही अपने कई उम्मीदवारों को पर्चा भरने के लिए जरूरी एबी फॉर्म बांट दिए, जिनमें पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे के पुत्र आदित्य ठाकरे का नाम भी शामिल है। कांग्रेस-राकांपा पहले ही 124-124 सीटों पर लड़ने की घोषणा कर चुकी हैं। राकांपा अपने कुछ उम्मीदवारों की घोषणा भी तीन दिन पहले कर चुकी है।

अब कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची के 51 उम्मीदवारों में अधिसंख्य वर्तमान विधायकों के अलावा अपेक्षाकृत मजबूत माने जा रहे उम्मीदवारों को स्थान दिया गया है। 2014 की प्रबल मोदी लहर में भी अपनी सीट बचाकर रखनेवाले विधायकों पर कांग्रेस ने भरोसा जताया है। इनमें मुंबई की कांदीवली सीट से चार बार विधायक रह चुके मुहम्मद आरिफ नसीम खान एवं मुंबादेवी सीट से विधायक अमीन पटेल के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चह्वाण (भोकर), प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बालासाहब थोरात (संगमनेर), पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के पुत्र अमित देशमुख (लातूर सिटी) शामिल हैं। इसीतरह, पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे की बेटी प्रनीति को भी सोलापुर सिटी सेंट्रल सीट से टिकट दिया गया है। नितिन राउत को नागपुर उत्तर (सुरक्षित) सीट से चुनाव लड़वाया जाएगा।

दूसरी ओर, शिवसेना-भाजपा गठबंधन की औपचारिक घोषणा होने से पहले ही शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने अपने बेटे आदित्य ठाकरे को टिकट देने का एलान किया है। इसके अलावा, 14 वर्तमान विधायकों को नामांकन प्रक्रिया के लिए जरूरी एबी फॉर्म बांटकर उम्मीदवार घोषित करने की शुरुआत कर दी। शिवसेना और भाजपा दोनों की तरफ से गठबंधन करके ही चुनाव लड़ने की बात बार-बार की जा रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस एवं शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे एक साथ एक मंच से कुछ स्थानों पर प्रचार सभाएं भी संबोधित कर चुके हैं। लेकिन अभी तक गठबंधन की घोषणा नहीं हो सकी है।

माना जा रहा है कि रविवार को दिल्ली में हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक के बाद एक-दो दिन के अंदर ही गठबंधन की घोषणा हो जाएगी। चूंकि जीती गई सीटें उन्हीं दलों के पास रहने देने का फैसला संभवत: पहले ही हो चुका है, इसलिए शिवसेना ने अपने 14 वर्तमान विधायकों को एबी फॉर्म देकर उम्मीदवारी घोषित करने की शुरुआत कर दी। शिवसेना के सूत्रों के अनुसार राज्य के गृह मंत्री दीपक केसरकर कोंकण के सामंतवाड़ी और राजेश शिरसागर को कोल्हापुर सीट से टिकट दिया गया है।

माना जा रहा है कि सोमवार को कांग्रेस-राष्ट्रवादी कांग्रेस के कुछ और बड़े नेताओं का प्रवेश भाजपा में हो सकता है। लंबे समय से अपने दोनों पुत्रों के साथ भाजपा में आने को उत्सुक पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के भी दो अक्टूबर को भाजपा में आने की संभावना बन रही है। अब तक राणे का भाजपा प्रवेश शिवसेना के विरोध के कारण बार-बार अटकता रहा है। कोकंण क्षेत्र में नारायण राणे का अच्छा प्रभाव है। उनके भाजपा में आने से भाजपा और राणे, दोनों की ताकत बढ़ेगी। जबकि इस क्षेत्र में शिवसेना पहले से मजबूत रही है। राणे के भाजपा प्रवेश को शिवसेना अपने लिए चुनौती मानती रही है। लेकिन समझा जाता है कि अब भाजपा इस मुद्दे पर शिवसेना को मनाने में कामयाब हो गई है।

chat bot
आपका साथी