कांग्रेस में शामिल होने के बाद संजय शर्मा ने बदले सुर, कहा-भाजपा में थी घुटन

संजय शर्मा के कांग्रेस में शामिल होते ही तेंदूखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसजनों ने तीव्र विरोध करते हुए प्रदेशअध्यक्ष कमलनाथ को पत्र लिखा है।

By Hemant UpadhyayEdited By: Publish:Tue, 30 Oct 2018 11:23 PM (IST) Updated:Tue, 30 Oct 2018 11:23 PM (IST)
कांग्रेस में शामिल होने के बाद संजय शर्मा ने बदले सुर, कहा-भाजपा में थी घुटन
कांग्रेस में शामिल होने के बाद संजय शर्मा ने बदले सुर, कहा-भाजपा में थी घुटन

नरसिंहपुर। नरसिंहपुर जिले की तेंदूखेड़ा विधानसभा से भाजपा विधायक रहे संजय शर्मा ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। मंगलवार सुबह संजय शर्मा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से इंदौर प्रवास के दौरान पार्टी की सदस्यता ली।

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी समेत कई नेता मौजूद रहे। कांग्रेस में शामिल होते हुए विधायक संजय शर्मा ने कहा कि वह भाजपा में घुटन महसूस कर रहे थे, इसलिए वह कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

सन् 1998 में दिग्विजय शासनकाल में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के द्वारा नरसिंहपुर- होशंगाबाद लोकसभा चुनाव लड़ने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता रहे संजय शर्मा ने भाजपा की सदस्यता ली थी। कांग्रेस से भाजपा में आकर वह दो बार विधायक बने। भाजपा विधायक संजय शर्मा द्वारा कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें पिछले डेढ़ महीने से लगातार जारी थीं।

वे भाजपा की कई महत्वपूर्ण बैठकों से नदारद भी रहे, यहां तक कि जब सभी पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं और विधायकों की बैठक जब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुलाई, तब भी वह नदारद थे। यहां जिला भाजपा की कई महत्वपूर्ण बैठकों में भी उनके गायब रहने से यह अटकलें प्रबल हो रही थीं कि कहीं न कहीं दाल में कुछ काला है। एक बारगी तो उनके कांग्रेस में शामिल होने की खबरें भी वायरल हो गईं।
विरोध भी शुरू
संजय शर्मा के कांग्रेस में शामिल होते ही तेंदूखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसजनों ने तीव्र विरोध करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को पत्र लिखा है। पत्र लिखने वालों में तेंदूखेड़ा विस क्षेत्र के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, सेवा कांग्रेस दल अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी हैं।

पत्र में संजय शर्मा को खनिज, शराब से जुड़ा व्यवसायी बताते हुए 3 ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों, सेक्टर, मंडल अध्यक्ष, महिला कांग्रेस और अन्य पदाधिकारियों ने कहा है कि अगर उन्हें टिकट दी गई तो वे कांग्रेस से इस्तीफा दे देंगे। इसमें ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कौड़िया के अध्यक्ष चौ. देवेन्द्र प्रताप सिंह, ब्लॉक कांग्रेस करपगांव के सुनील उदेनिया, सेक्टर अध्यक्ष रम्पुरा नारायण सिंह लोधी, परसराम वर्मा, विश्वनाथ सिंह, संजू मिश्रा, भूपेन्द्र सौरभ शर्मा शामिल हैं।

chat bot
आपका साथी