कमलनाथ 17 दिसंबर को लेंगे CM पद की शपथ, बोले-टीम MP को नई दिशा देगी

Kamal nath : कमलनाथ ने राज्यपाल से मिलकर दी विधायक दल का नेता चुने जाने की सूचना और कहा- उनकी टीम मप्र को नई दिशा देगी।

By Hemant UpadhyayEdited By: Publish:Fri, 14 Dec 2018 08:38 PM (IST) Updated:Fri, 14 Dec 2018 08:38 PM (IST)
कमलनाथ 17 दिसंबर को लेंगे CM पद की शपथ, बोले-टीम MP को नई दिशा देगी
कमलनाथ 17 दिसंबर को लेंगे CM पद की शपथ, बोले-टीम MP को नई दिशा देगी

भोपाल। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कमलनाथ को मध्य प्रदेश का नया मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया है। मुख्यमंत्री की शपथ के लिए 17 दिसंबर को भोपाल के भेल स्थित जंबूरी मैदान पर समारोह आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री के साथ कुछ विधायकों के भी मंत्री पद की शपथ लिए जाने की संभावना है। कमलनाथ ने कहा कि उनकी टीम ऐसी होगी, जो मप्र को नई दिशा देगी।

मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में संभवत: कुछ वरिष्ठ विधायकों को मंत्री पद की भी शपथ दिलाई जा सकती है। सूत्र बताते हैं कि शपथ समारोह में आने वाले अतिथियों के लिए भी अलग से मंच बनाया जाएगा। इसके अलावा शपथ ग्रहण के लिए पृथक से मंच बनाए जाने का प्रस्ताव है।

हालांकि इस व्यवस्था को शनिवार को अंतिम रूप दिया जाएगा। मुख्यमंत्री के साथ कुछ मंत्रियों के शपथ ग्रहण की वैकल्पिक तैयारी की जा रही है। मंत्रियों को सीएम के साथ शपथ ग्रहण कराए जाने का फैसला भी शनिवार को ही होने की संभावना है।

समय: सुबह 11 बजे

स्थान: राजभवन

कांग्रेस विधायक दल के नेता कमलनाथ के वाहनों का काफिला पहुंचा। कमलनाथ के अलावा उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, सांसद विवेक तन्खा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव व सुरेश पचौरी, एआईसीसी महासचिव व प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया और एआईसीसी सचिव जुबेर खान थे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मिलकर कमलनाथ ने सूचना दी कि वे कांग्रेस विधायक दल के नेता चुने गए हैं, इस पर राज्यपाल ने उन्हें सरकार के गठन के लिए आमंत्रित किया। वहीं, राज्यपाल से चर्चा के बाद शपथ ग्रहण समारोह की तारीख 17 दिसंबर को दोपहर डेढ़ बजे तय की गई।

समय: दोपहर तीन बजे

स्थान: लाल परेड मैदान

मुख्यमंत्री की शपथ के लिए शुक्रवार दोपहर कमिश्नर कवींद्र कियावत, आईजी जयदीप प्रसाद, डीआईजी धर्मेंद्र चौधरी लाल परेड मैदान पहुंचे। वहां मंच और बैठक व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पार्टी के नेताओं राजीव सिंह, शोभा ओझा और टेंट व्यवसायी से चर्चा की। हालांकि देर शाम को सुरक्षा और यातायात की दृष्टि से आयोजन स्थल बदल दिया गया। अब शपथ ग्रहण समारोह जंबूरी मैदान पर होगा।

समय: शाम साढ़े पांच बजे

स्थान: प्रदेश कांग्रेस कार्यालय

मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के लिए पार्टी नेताओं की बैठक हुई। इसमें एआईसीसी के सचिव जुबेर खान और नवनिर्वाचित विधायक सज्जन सिंह वर्मा ने समारोह में मेहमानों के स्वागत और उनके इंतजामों के बारे में बताया। वहीं, नवनिर्वाचित विधायक आरिफ अकील ने भी बैठक को संबोधित किया।

chat bot
आपका साथी