जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव कुछ समय के लिए टाले जाएं: पंचायत कांफ्रेंस

पंच-सरपंचों के संगठन जम्मू कश्मीर पंचायत कांफ्रेंस ने राज्य में हालात सही न होने का हवाला देते हुए विधानसभा चुनाव को कुछ समय के लिए टालने की मांग बुलंद की है।

By Preeti jhaEdited By: Publish:Thu, 07 Mar 2019 09:25 AM (IST) Updated:Thu, 07 Mar 2019 10:27 AM (IST)
जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव कुछ समय के लिए टाले जाएं: पंचायत कांफ्रेंस
जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव कुछ समय के लिए टाले जाएं: पंचायत कांफ्रेंस

 जम्मू, राज्य ब्यूरो। पंच-सरपंचों के संगठन जम्मू-कश्मीर पंचायत कांफ्रेंस ने राज्य में हालात सही न होने का हवाला देते हुए विधानसभा चुनाव को कुछ समय के लिए टालने की मांग बुलंद की है। इस समय जम्मू-कश्मीर में संसदीय चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव करवाने की मांग भी बुलंद हो रही है। ऐसे हालात में पंचायत कांफ्रेंस ने कहा है कि इस समय विधानसभा चुनाव करवाने के बजाए जम्मू कश्मीर में ग्रामीण लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएं। इस समय जमीनी सतह पर हालात को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया जाए।

कांफ्रेंस के प्रधान अनिल शर्मा ने संसदीय चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव करने की मांग बुलंद कर रही कश्मीर की राजनीतिक दलों का आड़े हाथ लेते ह़ुए कहा है कि पंचायत चुनाव के समय उनका उत्साह कहां था। शर्मा ने कहा कि कश्मीर की पार्टियों ने हालात का हवाला देते हुए पंचायत चुनाव का बहिष्कार किया था। अब भी कश्मीर के हालात में फर्क नही है, लेकिन कुर्सी की खातिर अब उन्होंने पुराना राग अलापना बंद कर दिया। अभी विधानसभा चुनाव करवाने के लिए हालात सही नही हैं। लिहाजा मुख्य चुनाव आयुक्त जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव को कुछ समय के लिए टाल दे।

शर्मा ने जोर दिया है कि जम्मू- कश्मीर में पंचायती राज को मजबूत बनाने के लिए ब्लॉक डेवलपमेंट काउंसिल व जिला कमेटियों के लिए चुनाव करवाए जाएं। ग्रामीण लोकतंत्र को मजबूत करवाने के लिए पहले ये चुनाव करवाने जरूरी हैं। 

chat bot
आपका साथी