न कुंडली और न हवन ... अब ऐसे जीत का मंत्र दे रहे पुजारी; जानिए दिल्‍ली में कैसे प्रत्‍याशियों ने इनको बनाया चुनावी रथ का सारथी

Lok Sabha Election 2024 चुनावी मौसम में पार्टियां जीत हासिल करने के लिए सारे गुणा-गणित लगाती हैं और वोटरों को साधने के लिए हरसंभव तरीका अपनाती हैं। ऐसा ही एक अनोखा तरीका अपनाते हुए भाजपा वोटरों तक अपना संदेश पहुंचाने के लिए पुजारियों की मदद ले रही है। इसके लिए मंदिर प्रकोष्ठ को जिम्मेदारी भी दी गई है। पढ़ें रिपोर्ट..

By Santosh Kumar Singh Edited By: Sachin Pandey Publish:Fri, 19 Apr 2024 12:46 PM (IST) Updated:Fri, 19 Apr 2024 12:46 PM (IST)
न कुंडली और न हवन ... अब ऐसे जीत का मंत्र दे रहे पुजारी; जानिए दिल्‍ली में कैसे प्रत्‍याशियों ने इनको बनाया चुनावी रथ का सारथी
Lok Sabha Election 2024: भाजपा ने पुजारियों से संपर्क साधने की जिम्मेदारी मंदिर प्रकोष्ठ को दी है।

संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली। चुनावी रथ को विजयी पथ पर आगे बढ़ाने के लिए भाजपा की नजर दिल्ली के पुजारियों पर है। इनके माध्यम से पार्टी मतदाताओं तक अपना संदेश पहुंचाकर उन्हें अपने समर्थन में खड़ा करने की कोशिश कर रही है।

यह जिम्मेदारी पार्टी ने मंदिर प्रकोष्ठ को दी है। प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता इस काम में जुट गए हैं। वह पुजारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। भाजपा के प्रत्याशी भी उनसे संपर्क कर समर्थन मांग रहे हैं।

प्रत्येक मंडल में आयोजित हो रही बैठक

दिल्ली भाजपा में लगभग दो वर्ष पहले पुजारी प्रकोष्ठ का गठन किया गया था। उसके बाद से प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मंदिरों के पुजारियों को पार्टी के साथ जोड़ने में लगे हुए हैं। अयोध्या में श्री राम मंदिर के उद्घाटन के अवसर पर पुजारियों के सहयोग से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।

दिल्ली को राममय बनाने में इन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अब इनके माध्यम से पार्टी आम मतदाताओं को साधने की कोशिश कर रही है। इसके लिए कार्यकर्ता प्रत्येक मंडल और लोकसभा क्षेत्र में पुजारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। उन्हें केंद्र सरकार की उपलब्धियां और योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

21 अप्रैल को कराया जाएगा कार्यक्रम

दिल्ली प्रदेश भाजपा मंदिर प्रकोष्ठ के संयोजक करनैल सिंह का कहना है कि हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में 21 अप्रैल को इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न अखाड़ों के महामंडलेश्वर व अन्य साधु-संत शामिल होंगे। दिल्ली के अलग-अलग मंदिरों के पुजारी व उनके परिवार के सदस्य भाग लेंगे।

इस दौरान लगभग 51 हजार लोग हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। भाजपा नेताओं का कहना है कि पहली बार दिल्ली में हिंदू नववर्ष पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है जिसमें गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य केंद्रीय मंत्रियों को आमंत्रित किया गया है।

चुनाव से जुड़ी और हर छोटी-बड़ी अपडेट के लिए यहां क्लिक करें

मतदाताओं को भावनात्मक रूप से जोड़ने का होगा प्रयास

पुजारियों के माध्यम से मतदाताओं को भावनात्मक रूप से जोड़ने का प्रयास होगा। पुजारियों के माध्यम से उनके साथ अयोध्या में भगवान राम लला की प्राण प्रतिष्ठा, जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त करने, आतंकवाद पर प्रहार, धार्मिक स्थलों के विकास और वहां के लिए विशेष ट्रेनें चलाने, महापुरुषों के सम्मान, स्वदेशी को बढ़ावा जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Election 2024: हौसले की मिसाल; नक्सलियों ने काट दिया था हाथ, फिर भी हर बार करते हैं मतदान

हनुमान जयंती पर कराए जाएंगे कार्यक्रम

मंदिर प्रकोष्ठ द्वारा 23 अप्रैल को हनुमान जयंती भी धूमधाम से मनाने की तैयारी है। इसके लिए दिल्ली के सभी 14 संगठनात्मक जिलों में कार्यक्रम आयोजित होंगे। फिलहाल इन कार्यक्रमों को लेकर तैयारियों पूरी कर ली गई हैं।

ये भी पढ़ें- Chunavi Kissa: क्रिकेट में धूम मचाने वाले पूर्व कप्तान की नहीं जम पाई थी सियासी पारी, काम नहीं आया था सितारों का प्रचार

chat bot
आपका साथी