Lok Sabha election 2019: जीतनी हैं दिल्ली की सातों लोकसभा सीटें : राहुल

राहुल गांधी ने कहा कि संसद में प्रधानमंत्री ने डेढ़ घंटे भाषण दिया जब कांग्रेस ने राफेल पर सवाल पूछा तो आंख से आंख नहीं मिला पाये।

By JP YadavEdited By: Publish:Fri, 08 Mar 2019 11:41 AM (IST) Updated:Mon, 11 Mar 2019 09:41 PM (IST)
Lok Sabha election 2019: जीतनी हैं दिल्ली की सातों लोकसभा सीटें : राहुल
Lok Sabha election 2019: जीतनी हैं दिल्ली की सातों लोकसभा सीटें : राहुल

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) से गठबंधन की चर्चाओं से इतर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली की सभी सीटें जीतने का आह्वान किया है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के सभी नेताओं से लेकर बूथ कार्यकर्ता तक से इसके लिए जुट जाने का आह्वान किया। वहीं उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता भाजपा और आप की कलई खोलने का काम करें। राहुल सोमवार शाम को इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में प्रदेश कांग्रेस की ओर से आयोजित बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन मेरा बूथ, मेरा गौरव को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में दुकानें सील हो रही थीं, पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ रहे थे, लेकिन दोनों ही पार्टियां हाथ पर हाथ धरे बैठी थीं। 2019 में देश में कांग्रेस की सरकार आने वाली है। दिल्ली और देश के करोड़ों युवाओं को रोजगार दिलाने की चुनौती को पूरा किया जाएगा। स्वरोजगार करने के इच्छुक युवाओं और छोटे दुकानदारों को आसानी से कर्ज मिल सके, इसके लिए बैंकों के दरवाजे खोले जाएंगे। न्यूनतम मजदूरी गारंटी तय की जाएगी। राहुल ने भाजपा और आरएसएस पर भी तीखा हमला बोला और कहा कि लोगों को तय करना है कि उन्हें गांधी का भारत चाहिए या फिर गोडसे का। एक तरफ प्यार है और दूसरी तरफ नफरत है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि पांच साल पहले देश में एक चौकीदार आया और कहा कि मैं भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने आया हूं, मेरा 56 इंच का सीना है। अब किसी से भी पूछ लीजिये चौकीदार क्या है तो वह बता देगा कि चोर है। राफेल मामले के जिक्र में मोदी पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि हमने संसद में उनसे चार सवाल किए थे। वो संसद में डेढ़ घंटे तक बोले, लेकिन एक बार भी अनिल अंबानी के बारे में नहीं बोला। वो हमसे आंख से आंख नहीं मिला पाए। राहुल ने कहा कि कुछ महीने पहले तीन प्रदेशों में चुनाव हुए। हमने वहां कहा कि मोदी ने झूठे वादे किए। हम आपसे झूठे वादे नहीं करेंगे और 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ करने का वायदा किया और सरकार बनने के बाद हमने दो दिन में यह काम कर दिया।

राहुल गांधी ने कहा कि पुलवामा हमला जैश-ए-मुहम्मद ने किया। लेकिन, भाजपा की ही पिछली सरकार ने मसूद अजहर को जेल से छोड़ा। राहुल ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने दो प्रधानमंत्री खोए हैं। हम किसी के सामने नहीं झुकते। उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस की सरकार बनने के साथ ही भारत रोजगार सृजन के मामले में चीन से प्रतिस्पर्धा शुरू कर देगा। इससे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित ने अपने स्वागत भाषण में राहुल से वादा किया कि दिल्ली में कांग्रेस सातों लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करेगी। 
 

chat bot
आपका साथी