आज हो सकता है गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर सीट पर BJP उम्मीदवार का ऐलान

दिल्ली से सटे गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर संसदीय सीट के लिए आज शाम तक भाजपा उम्मीदवार के नाम का ऐलान हो सकता है। दो दिन बाद इन सीटों के लिए नामांकन शुरू होगा।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sat, 16 Mar 2019 03:15 PM (IST) Updated:Sat, 16 Mar 2019 03:16 PM (IST)
आज हो सकता है गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर सीट पर BJP उम्मीदवार का ऐलान
आज हो सकता है गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर सीट पर BJP उम्मीदवार का ऐलान

नोएडा [ललित विजय]। दिल्ली से सटे गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर संसदीय सीट के लिए आज शाम तक भाजपा उम्मीदवार के नाम का ऐलान हो सकता है। शनिवार शाम को भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होनी है। जिसमें से 100 सीटों की पहली लिस्ट जारी हो सकती है। इस लिस्ट में गौतमबुद्धनगर सीट पर प्रत्याशी का निर्णय हो जाएगा। इसके अलावा गाजियाबाद संसदीय सीट के उम्मीदवार के नाम की घोषणा की जाएगी। जिले के पार्टी नेताओं की नजर आलाकमान पर लगी है।

इससे पहले गौतमबुद्धनगर संसदीय सीट से राजनाथ सिंह के चुनाव लड़ने की चर्चा के बीच पांचों विधायकों के मन की बात लेने के बाद उत्तर प्रदेश प्रभारी जेपी नड्डा व संगठन महामंत्री सुनील बंसल चुपचाप चले गए। विधायकों से अलग-अलग बात के बाद सामूहिक मत जाहिर न होने से सीट पर प्रत्याशी को लेकर असमंजस बढ़ गया है। पांच में से तीन विधायकों के ठाकुर होने के कारण आश्चर्यजनक परिणाम सामने आने से भी इन्कार नहीं किया जा रहा है।

भाजपा सूत्रों का कहना है कि कुछ विधायकों ने वर्तमान सांसद डॉ महेश शर्मा के खिलाफ अपना मत जाहिर किया है। उन्होंने राजनाथ सिंह को गौतमबुद्धनगर से चुनाव लड़ाने को ज्यादा बेहतर बताया है। हालांकि, एक विधायक ने पुरजोर तरीके से डॉ महेश शर्मा की वकालत की है। साथ ही उनको उम्मीदवार न बनाने की स्थिति में पार्टी को नुकसान होने की बात भी कही है। इन सब से पार्टी में गुटबाजी बढ़ने के आसार भी उत्पन्न हो गए हैं।

बैठक स्थल को लेकर समर्थकों में उत्साह
विधायकों का मन टटोलने गौतमबुद्धनगर आए जेपी नड्डा और सुनील बंसल ने ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में बैठक की। कैलाश अस्पताल डॉ महेश शर्मा का है। इससे डॉ महेश शर्मा के समर्थकों में उत्साह है। उनका मानना है कि पार्टी आलाकमान का रुख डॉ महेश शर्मा के प्रति सकारात्मक न होता तो बैठक के लिए कैलाश अस्पताल का चयन न होता। डॉ महेश शर्मा की तरफ से पोस्टर-बैनर बनवाने का ऑर्डर दिए जाने से भी समर्थक उत्साहित हैं। उनका मानना है कि गौतमबुद्ध नगर से डॉ महेश शर्मा ही चुनाव लड़ेंगे।

पंकज सिंह ने दिया ये बयान
नोएडा के विधायक पंकज सिंह का भी कहना है कि गौतमबुद्धनगर से राजनाथ सिंह के चुनाव लड़ने की बात बिल्कुल अफवाह है। वहीं राजनाथ सिंह का नाम आने के बाद भाजपा के तटस्थ नेताओं ने चुप्पी साध ली है। वह न तो राजनाथ सिंह के पक्ष की बात कर रहे हैं और न डॉ महेश शर्मा के पक्ष या विपक्ष में बोल रहे हैं। ऐसे नेताओं का कहना है कि दोनों बड़े कद के नेता हैं। पार्टी जिसे भी टिकट देगी, वह उसका साथ देंगे।

11 अप्रैल को होगा मतदान
गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर संसदीय सीट के लिए पहले चरण में 11 अप्रैल को मतदान होगा। इसके लिए 18 मार्च को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 25 मार्च तक नामांकन दाखिल किये जाएंगे। 26 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी जबकि 28 मार्च तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे।

chat bot
आपका साथी