चुनाव को कांग्रेस ने कसी कमर, 18 मार्च तक घोषित हो सकते हैं प्रत्याशी

कांग्रेस ने चुनावी कार्यक्रम से संतोष जताया है। साथ ही यह भी कहा है कि कांग्रेस जनता में चल रही परिवर्तन की भावना को धरातल पर उतारने को पूरी तरह तैयार है।

By BhanuEdited By: Publish:Mon, 11 Mar 2019 09:28 AM (IST) Updated:Mon, 11 Mar 2019 09:28 AM (IST)
चुनाव को कांग्रेस ने कसी कमर, 18 मार्च तक घोषित हो सकते हैं प्रत्याशी
चुनाव को कांग्रेस ने कसी कमर, 18 मार्च तक घोषित हो सकते हैं प्रत्याशी

देहरादून, राज्य ब्यूरो। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने चुनावों को लेकर कमर कस ली है। कांग्रेस ने चुनावी कार्यक्रम से संतोष जताया है। साथ ही यह भी कहा है कि कांग्रेस जनता में चल रही परिवर्तन की भावना को धरातल पर उतारने को पूरी तरह तैयार है। 

कांग्रेस गांधी परिवार के नेतृत्व में पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। विकास कार्यो को मुद्दा बनाकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी। 16 मार्च को राहुल गांधी की उत्तराखंड यात्रा से प्रदेश में चुनावी शंखनाद भी हो जाएगा। 

लोकसभा चुनावों की आचार संहिता लगने और पहले चरण में ही प्रदेश में चुनाव होने के साथ ही कांग्रेस भी सक्रिय हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। कांग्रेस मजबूती से चुनाव लड़ेगी। भाजपा की प्रदेश व केंद्र की मोदी सरकारी राष्ट्रभक्ति का प्रमाणपत्र बांटने की कोशिश कर रही है। भावनात्मक रंग देकर इसे मुद्दा बनाया जा रहा है, कांग्रेस इसका मुंहतोड़ जवाब देगी। 

उन्होंने कहा कि गांधी परिवार ने देश की आजादी और देश को बनाने के लिए काफी शहादत दी है। इसकी पीड़ा को राहुल, प्रियंका और सोनिया गांधी से अधिक कोई नहीं समझता। कांग्रेस का मुख्य एजेंडा मोदी सरकार के जनता से किए चुनावों के दौरान के वादे रहेंगे जो अभी तक पूरी नहीं हो पाए हैं। 

वहीं, कांग्रेस के महासचिव व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस चुनावों के लिए पूरी तैयार है। जनता का मूड परिवर्तन का है। राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस पूरी ताकत से यह चुनाव लड़ेगी। राहुल गांधी के 16 मार्च के कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ता उत्साहित हैं। जनता भी राहुल गांधी को सुनने की इच्छुक है। विपक्ष चुनाव की घोषणा का इंतजार ही कर रहा था। अब परिवर्तन की भावना को धरातल पर उतारा जाएगा। कांग्रेस चुनाव की इस घोषणा से संतुष्ट है, आयोग ने सुविधाजनक चुनावी कार्यक्रम दिया है।

18 मार्च तक कांग्रेस घोषित कर सकती है प्रत्याशी

उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा नामांकन प्रक्रिया शुरू होने वाले दिन यानी 18 मार्च को हो सकती है। नई दिल्ली में हुई स्टेट स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में संभावित प्रत्याशियों की सूची तय कर ली गई है। इसे कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति को भेजा गया है, जहां से प्रत्याशियों के नाम पर अंतिम मुहर लगेगा। 

रविवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के 15 गुरुद्वारा रकाबगंज रोड स्थित वॉर रूप में प्रदेश कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई। प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह, राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणु गोपाल, प्रदेश सह प्रभारी राजेश धर्माणी, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश के बीच हुई बैठक में संभावित प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा की गई। 

इसमें सांगठनिक जिलों के जिला अध्यक्ष व शहर अध्यक्षों की तरफ से भेजे गए नामों के साथ ही पर्यवेक्षकों की तरफ से भेजे गए नामों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की तरफ से गोपनीय तरीके से पांचों लोकसभा सीटों की थाह लेने का प्रयास किया था, उस पर भी गहन मंथन किया गया। इसमें कुछ नामों का चयन कर एक रिपोर्ट तैयार की गई। 

अब यह रिपोर्ट केंद्रीय चुनाव समिति को भेजी गई है, जिस पर वही अंतिम निर्णय लेगी। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस 18 मार्च तक पांचों लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा करने की तैयारी भी कर रही है ताकि प्रत्याशियों को चुनावी तैयारियों का पूरा समय मिल सके और कार्यकर्ताओं को भी जोर शोर के साथ चुनावी समर में उतारा जा सके। 

ये दावेदार हैं अभी तक सबसे आगे 

सूत्रों की मानें तो अभी तक हरिद्वार लोकसभा सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सबसे मजबूत दावेदार हैं तो वहीं टिहरी लोकसभा सीट पर प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह अथवा उनके परिवार के किसी सदस्य को मैदान में उतारा जा सकता है। 

नैनीताल सीट पर दो बार के सांसद रहे महेंद्र पाल सिंह व अल्मोड़ा में राज्यसभा सदस्य प्रदीप टम्टा टिकट की दौड़ में सबसे आगे हैं। पौड़ी लोकसभा सीट पर पार्टी जातीय व क्षेत्रीय संतुलन पर ज्यादा जोर दे रही है। माना जा रहा है इस संसदीय सीट में कांग्रेस फौज के किसी बड़े सेवानिवृत्त अधिकारी को भी मैदान में उतार सकती है।

राहुल गांधी की रैली को भव्य बनाने की तैयारी

महानगर काग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा की अध्यक्षता में काग्रेस मुख्यालय में रविवार को हुई बैठक में राहुल गाधी की 16 मार्च को परेड ग्राउंड में होने वाली परिवर्तन रैली को भव्य बनाने की तैयारियों पर चर्चा की गई। लालचंद शर्मा ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश विकट परिस्थितियों से गुजर रहा है, केंद्र की मोदी सरकार सत्ता में बने रहने के लिए देश की जनता को गुमराह कर रही है। 

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पांच वर्षो के कार्यकाल में देश की जनता से जो वादे किए थे, कोई भी वादा पूरा नहीं किया। अब सर्जिकल स्ट्राइक के नाम पर पुन: सत्ता में आने का सपना देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि 70 वर्षो के कार्यकाल में किसी भी सरकार ने देश के सिद्धांतों के साथ समझौता नहीं किया, लेकिन आज उसके उलट देश के शहीदों के नाम पर राजनीति कर अपनी विफलताओें को छुपाने के लिए शहीदों की भावना से खेला जा रहा है। 

इस अवसर पर अंकुश कुमार, सगर ग्रोवर, राहुल, अनुज, प्रेमराज, फराज खान, कमलेंद्र, निकी चौहान, जितेंद्र चैहान एवं मनीष पंवार ने काग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जिनका सभी लोगो ने स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री दिनेश अग्रवाल, मातवर सिंह कंडारी, प्रदेश अनुशासन समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार, पूर्व विधायक राजकुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, प्रभुलाल बहुगणा आदि मौजूद रहे। 

रैली कार्यक्रम में नहीं हुआ परिवर्तन 

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि रविवार को लोकसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा के बाद राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं हुआ है। अभी तक निर्धारित तिथि 16 मार्च को ही परेड ग्राउंड में परिवर्तन रैली होगी। 

यह भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान, जानिए उत्तराखंड में कब होगी वोटिंग

यह भी पढ़ें: कांग्रेस ने अब स्टेट स्क्रीनिंग कमेटी के पाले में डाली गेंद

यह भी पढ़ें: कांग्रेस से ज्यादा भाजपा को है राहुल का इंतजार, जानिए वजह

chat bot
आपका साथी