Lok Sabha Election 2019: दिग्गजों के नामांकन से चढ़ा चुनावी रंग, खूब हुआ शक्ति प्रदर्शन

Lok Sabha Election 2019. रांची में संजय सेठ सुबोधकांत और रामटहल खूंटी में अर्जुन मुंडा और कालीचरण मुंडा कोडरमा में अन्नपूर्णा देवी और हजारीबाग में भुवनेश्वर मेहता ने नामांकन किया।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Wed, 17 Apr 2019 06:12 AM (IST) Updated:Wed, 17 Apr 2019 06:12 AM (IST)
Lok Sabha Election 2019: दिग्गजों के नामांकन से चढ़ा चुनावी रंग, खूब हुआ शक्ति प्रदर्शन
Lok Sabha Election 2019: दिग्गजों के नामांकन से चढ़ा चुनावी रंग, खूब हुआ शक्ति प्रदर्शन

रांची, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019 - देश में पहले दौर का मतदान संपन्न हो गया है बावजूद झारखंड में चुनावी रंग थोड़ा फीका है। वजह यहां पहले दौर का मतदान 29 अप्रैल को है, इस दिन देश में चौथे चरण का वोट पड़ेगा। लेकिन, मंगलवार को दिग्गजों के नामांकन से फिजा बदली। जमकर शक्ति प्रदर्शन हुआ। रांची, खूंटी, कोडरमा और हजारीबाग में सड़क झंडों से पटे हुए थे।

नेताओं के समर्थन में नारे और जनसभा ने भी खूब समां बांधा। मंगलवार को कुल 32 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे। इन चारों सीटों पर अबतक 54 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं। बुधवार को महावीर जयंती की छुट्टी होने के कारण अब यहां सिर्फ 18 अप्रैल को नामांकन होगा।  सबसे ज्यादा गहमामहमी रांची में रही जहां एक ही दिन तीनों प्रमुख प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ, कांग्र्रेस प्रत्याशी सुबोधकांत सहाय समेत रांची के वर्तमान सांसद रामटहल चौधरी ने बतौर निर्दलीय नामांकन भरा। 

भाजपा प्रत्याशी के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री रघुवर दास भी अपने लावलश्कर के साथ पहुंचे। इस बीच उपायुक्त कार्यालय में मेला सा नजारा रहा। वहीं, खूंटी में भी दोनों प्रमुख प्रत्याशियों ने नामांकन के लिए मंगलवार का ही दिन चुना। भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा और कांग्रेस प्रत्याशी काली चरण मुंडा ने नामांकन दाखिल किया। यहां कुल चार लोगों ने पर्चा भरा।

अर्जुन मुंडा के समर्थन में मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद कडिय़ा मुंडा, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, राज्य सरकार के मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, विधायक मेनका सरदार, गंगोत्री कुजूर, लक्ष्मण टुडु, मनीष जायसवाल आदि ने रोड शो किया। वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में झामुमो, झाविमो तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने पदयात्रा की। खूंटी लोकसभा क्षेत्र में महागठबंधन के तीन विधायक होने के बाद भी नामांकन में किसी ने शिरकत नहीं की। इनमें तोरपा से झामुमो विधायक पौलुस सुरीन, खरसावां से झामुमो विधायक दशरथ गगरई तथा कोलेबिरा विधायक नमन विस्कल कोनगाड़ी हैं। तीनों ही अनुपस्थित थे।

भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी ने कोडरमा में पर्चा दाखिल किया। वह मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ समाहरणालय परिसर पहुंचीं, नामांकन के समय कोडरमा सांसद डॉ. रवींद्र कुमार राय व जमुआ विधायक केदार हाजरा मौजूद थे। इसके पूर्व झंडा मैदान में अन्नपूर्णा के समर्थन में सीएम दास ने सभा को संबोधित किया। इसके बाद अन्नपूर्णा खुले वाहन में सवार होकर हाथ जोड़ समर्थकों का अभिवादन करते झंडा मैदान तक पहुंची। उनके साथ शिक्षा मंत्री डॉ. नीरा यादव, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, कोडरमा जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता थे। उधर, हजारीबाग में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के प्रत्याशी भुवनेश्वर महतो ने भी नामांकन दाखिल कर माहौल बनाया। 

रांची में अब तक दो दर्जन नामांकन : कोडरमा में पांच नामांकन पत्र बिके, जबकि इतने ही उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। यहां अबतक आठ उम्मीदवारों ने नामांकन किए हैं। रांची में मंगलवार को आठ नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। वहीं कुल 14 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। यहां अबतक दो दर्जन नामांकन हो चुका है। खूंटी में मंगलवार को चार नामांकन पत्र बिके, जबकि आठ नामांकन पत्र दाखिल किए गए। यहां अबतक 12 उम्मीदवारों ने नामांकन किए हैं। हजारीबाग में मंगलवार को पांच नामांकन पत्र दाखिल किए गए। यहां अबतक नौ नामांकन पत्र दाखिल हो चुके हैं। 

chat bot
आपका साथी