Jharkhand Elections 2019: भाजपा की तीसरी सूची में भी मंत्री सरयू राय का नाम नहीं, अटकलों का बाजार गर्म
Jharkhand Assembly Election 2019 भाजपा ने अब तक 81 में 68 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। अब 12 सीटों की घोषणा शेष है।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की तीसरी सूची में भी मंत्री सरयू राय का नाम नहीं है जिसे लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। मांडर सीट से विधायक गंगोत्री कुजूर का टिकट काट दिया गया है। यहां से देव कुमार धान को भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं, निरसा से अपर्णा सेन गुप्ता को टिकट दे महिला कोटे को बैलेंस रखा गया है। पिछली बार यहां से पार्टी के वरिष्ठ नेता गणेश मिश्र को मौका दिया गया था।
भाजपा ने अब तक घोषित प्रत्याशियों में छह महिलाओं को जगह दी है। भाजपा ने पिछली सूची में 10 विधायकों के टिकट काटे थे जबकि इस सूची में सिर्फ एक महिला विधायक का टिकट कटा है। निजी विवादों में घिरे बिरंची नारायण अपनी दावेदारी बचाने में कामयाब रहे। भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी कर दी है। 15 प्रत्याशियों की इस सूची में विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव, मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, अमर कुमार बाउरी समेत पार्टी के छह वर्तमान विधायकों पर भरोसा जताया है।
भाजपा ने अब तक 81 में 68 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। पहली सूची में 52 और दूसरी सूची में महज एक लोहरदगा सीट से प्रत्याशी की घोषणा की गई थी। यदि हुसैनाबाद से भाजपा समर्थित उम्मीदवार विनोद सिंह को भी जोड़ लें तो इनकी संख्या 69 हो जाती है। इस तरह अब 12 सीटों की घोषणा शेष है।
यहां देखें कहां से किसे मिला टिकट
खास बातें भाजपा ने जारी की 15 प्रत्याशियों की तीसरी सूची स्पीकर दिनेश उरांव, मंत्री नीलकंठ व अमर बाउरी समेत छह विधायकों को टिकट सरयू राय पर तीसरी सूची में भी नहीं लिया गया फैसला मांडर से कटा गंगोत्री कुजूर का टिकट, निरसा से अपर्णा सेन गुप्ता को मिला